You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ऑस्ट्रिया: पूरा चेहरा ढंकने वाले नक़ाब पर पूरी पाबंदी लागू
ऑस्ट्रिया में महिलाएं सार्वजनिक जगहों पर पूरी तरह से चेहरा ढंकने वाला नक़ाब अब नहीं पहन सकेंगी.
ऑस्ट्रिया में चेहरा ढंकने वाले नक़ाब के इस्तेमाल पर रोक के लिए लाया गया क़ानून रविवार से लागू हो गया है.
सरकार ने देश के सामाजिक मूल्यों का हवाला देते हुए कहा है कि नए क़ानून के तहत महिलाओं की ठुड्डी से लेकर माथा हर हाल में दिखना चाहिए.
नए क़ानून को इस महीने के आख़िर में होने वाले चुनावों के मद्देनज़र लागू किया गया है और माना जा रहा है कि धुर दक्षिणपंथी फ़्रीडम पार्टी को इससे फ़ायदा हो सकता है.
देश के मुस्लिम समाज ने इस क़ानून की निंदा की है. उनका कहना है कि ऑस्ट्रियाई मुसलमानों का एक छोटा सा तबका ही पूरा चेहरा ढंकने वाला नक़ाब पहनता है.
150 महिलाएं ही...
ये क़ानून न केवल मुसलमानों पर ऐसी रोक लगाता है बल्कि मेडिकल फ़ेस मास्क और जोकर वाले मेकअप पर भी रोक लगाई गई है.
एक अनुमान के मुताबिक़ ऑस्ट्रिया में तकरीबन 150 महिलाएं ही पूरा चेहरा ढंकने वाला नक़ाब पहनती हैं.
दूसरी तरफ़, ऑस्ट्रिया के पर्यटन विभाग ने ये आशंका जताई है कि इस क़ानून की वजह से खाड़ी देशों से आने वाले सैलानियों में कमी आ सकती है.
फ्रांस और बेल्जियम ने साल 2011 में अपने यहां बुर्के पर पाबंदी लगा दी थी और नीदरलैंड्स की संसद में भी फ़िलहाल ऐसे ही कदम उठाए जा रहे हैं.
जर्मन चांसलर एगेंला मर्केल ने भी कहा है कि जर्मनी में जहां तक क़ानूनी रूप से मुमकिन हो सके, पूरे चेहरे को ढंकने वाले नक़ाब पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए.
ब्रिटेन में नक़ाब या बुर्के पर कोई पाबंदी नहीं है.
नक़ाब और बुर्के में फ़र्क
नक़ाब में आंखों के आस-पास की जगह खुली रहती है. यानी नक़ाब पहनने के बाद चेहरे में आंखें और इसके आस-पास के हिस्से दिखाई देते हैं.
हालांकि इसे अलग से आंखों के झरोखे के साथ पहना जा सकता है. इसे सिर पर अलग से स्कार्फ़ के साथ पहना जाता है.
बुर्का वो लिबास है जिसमें शरीर का कोई भी हिस्सा दिखाई नहीं देता है. बुर्का एक पूरा सेट होता है जो चेहरे और शरीर को कवर करता है.
इसमें आंखों के पास बस एक हल्का सा झरोखा होता है, जो सामने देखने के काम में आता है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)