BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें, जो शायद आप मिस कर गए

प्रकाशित

नमस्ते. उम्मीद है कि आप अच्छे होंगे, खुश होंगे और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे होंगे.

हम जानते हैं कि रोज़मर्रा की आपा-धापी के बीच आपके लिए देश-दुनिया की हर ख़बर पर नज़र रखना मुश्किल रहता होगा.

ऐसे में हम लाए हैं बीते सप्ताह की कुछ दिलचस्प और अहम ख़बरें, जिन पर शायद आपकी नज़र ना गई हो.

ये पाँच ख़बरें आपने पढ़ लीं तो ये समझिए कि आप पूरी तरह से अपडेटेड हो गए.

बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पूरी कहानी

मध्यप्रदेश में छतरपुर ज़िले के ऐतिहासिक खजुराहो मंदिर दुनियाभर के लोगों का ध्यान खींचते हैं.

ये मंदिर और यहाँ की मूर्तियाँ कलाकारी का शानदार उदाहरण हैं.

इसी खजुराहो की ओर दिल्ली से जाती ट्रेन अक्सर छतरपुर के पास रुकती है. ये कोई स्टेशन नहीं है. ये वो जगह है, जहाँ ख़ासकर मंगलवार, शनिवार को चेन खींचकर ट्रेन रोकी जाती है.

ट्रेन से बड़ी संख्या में लोग उतरते हैं. इन लोगों के लिए बस या ऑटो, टैम्पो खड़े होते हैं.

ये लोग जिस जगह जा रहे हैं, उसका नाम है बागेश्वर बाबा धाम, जहाँ 26 साल के 'बाबा' धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बैठते हैं.

धीरेंद्र शास्त्री फिर से चर्चा में हैं. पूरी कहानी यहां पढ़िए.

नेपाल के मुस्लिम मंत्री अब्दुल ख़ान भारत को लेकर क्या बोले?

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल 'प्रचंड' की कैबिनेट में एक मुस्लिम मंत्री हैं, अब्दुल ख़ान. 37 साल के अब्दुल ख़ान मधेस इलाक़े में बर्दिया ज़िले के हैं. यह ज़िला भारत के उत्तर प्रदेश के बहराइच से लगा है.

अब्दुल ख़ान जनमत पार्टी से सांसद हैं. जनमत पार्टी चंद्रकांत राउत की पार्टी है. चंद्रकांत राउत ने इस बार सप्तरी-2 से जनता समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और नेपाल के पूर्व विदेश मंत्री उपेंद्र यादव को बड़े अंतर से हराया था.

जनमत पार्टी के कुल छह सांसद हैं और उन्होंने प्रचंड को समर्थन दिया है.

अब्दुल ख़ान को प्रचंड कैबिनेट में खानेपानी मंत्री बनाया गया है. खानेपानी मंत्री यानी जल मंत्री. अब्दुल ख़ान और उनकी पार्टी के अध्यक्ष सीके राउत इस मंत्रालय से ख़ुश नहीं हैं.

सीके राउत और अब्दुल ख़ान दोनों ने बीबीसी हिंदी से कहा कि उन्होंने इस मंत्रालय को स्वीकार नहीं किया है.

'वागीर' पनडुब्बी नौसेना में शामिल, क्या है ख़ासियत?

भारतीय नौसेना सोमवार को कलवारी श्रेणी की अपनी पांचवी पनडुब्बी 'वागीर' को औपचारिक रूप से नौसेना में शामिल करने जा रही है.

इस पनडुब्बी को भारतीय नौसेना के प्रोजेक्ट-75 के तहत मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल) में बनाया गया है.

बीती 20 दिसम्बर को इसे भारतीय नौसेना को सौंपा गया था.

इससे पहले कलवारी क्लास की चार पनडुब्बियों को भारतीय नौसेना में कमिशन किया जा चुका है. पूरी कहानी यहां पढ़िए.

एक गेंद पर 16 रन, ऐसे बना अनोखा रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे बिग बैश टूर्नामेंट में एक अनोखा रिकॉर्ड देखने को मिला है. सिडनी सिक्सर्स की ओर से खेलते हुए स्टीवन स्मिथ ने एक गेंद में 16 रन ठोक दिए.

यक़ीन करना भले मुश्किल हो लेकिन ऐसा हुआ है. यह दुर्लभ रिकॉर्ड होबॉर्ट में खेले गए मैच में देखने को मिला.

स्मिथ ने होबॉर्ट हरिकेंस के गेंदबाज़ जोएल पैरिस की गेंद पर यह कारनामा दिखाया. पैरिस मैच का दूसरा ओवर फेंकने आए थे. उनकी सामने थे स्टीवन स्मिथ. पहली दो गेंद पर कोई रन नहीं बना. पूरी कहानी यहां पढ़िए.

शाहरुख़ की 'पठान' में छिपा है ये एक संदेश

सिद्धार्थ आनंद की नई बॉलीवुड एक्शन फ़िल्म पठान के एक दृश्य में, पाकिस्तान की खुफ़िया एजेंसी आईएसआई की जासूस रुबीना मोहसिन (दीपिका पादुकोण) भारतीय खुफ़िया एजेंसी रॉ (रिसर्च एंड एनालिसिस विंग) के एजेंट पठान (शाहरुख़ ख़ान) से पूछती है, क्या मुस्लिम हो?

इसके जवाब में पठान कहता है कि नहीं मालूम क्योंकि वह अनाथ है और उसके माता-पिता उसे एक सिनेमा हॉल में छोड़ गए थे.

यह जवाब भले ही फ़िल्मी कहानी जैसी हो लेकिन इसके कुछ गहरे संदेश भी हैं. पूरी कहानी यहां पढ़िए.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)