You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें, जो शायद आप मिस कर गए
नमस्ते. उम्मीद है कि आप अच्छे होंगे, खुश होंगे और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे होंगे.
हम जानते हैं कि रोज़मर्रा की आपा-धापी के बीच आपके लिए देश-दुनिया की हर ख़बर पर नज़र रखना मुश्किल रहता होगा.
ऐसे में हम लाए हैं बीते सप्ताह की कुछ दिलचस्प और अहम ख़बरें, जिन पर शायद आपकी नज़र ना गई हो.
ये पाँच ख़बरें आपने पढ़ लीं तो ये समझिए कि आप पूरी तरह से अपडेटेड हो गए.
जोशीमठ: दरकते, धंसते, तबाह होते शहर के मुक़द्दर में क्या लिखा है
बद्रीनाथ, औली, वैली ऑफ़ फ़्लावर, हेमकुंड जैसी जगहों का द्वार कहलाने वाले जोशीमठ का भविष्य क्या है?
घर टूटे हैं. प्रभावित लोगों को सरकार से मदद की उम्मीद है और उनके मन में अपने और जोशीमठ के भविष्य को लेकर तमाम सवाल हैं.
पिछले साल अक्टूबर में जब हम गांव सुनील में सुनैना सकलानी के घर गए थे, तब से दीवारों और ज़मीन की दरारें बहुत बढ़ गई हैं.
शहर के कई लोगों की तरह सुनैना ने भी बताया कि दो जनवरी की रात धंसने जैसी आवाज़ आई. ऐसा लगा कि घर हिल सा गया हो. सुबह देखा तो घर रहने लायक नहीं था.
घर के सामने की धरती इतनी फट गई थी कि उसे भरने के लिए वहां गाड़ी भर पत्थर डालना पड़ा.
अक्टूबर में सकलानी परिवार ने हमें बताया था कि उन्होंने प्रशासन से मदद मांगी, पत्रकारों को अपना दर्द बताया, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई. जोशीमठ में अब अधिकारियों, नेताओं और मंत्रियों का तांता लगा हुआ है.
यूपी में कड़ाके की ठंड में छुट्टा जानवरों से फसल बचाते हुए जान गँवा रहे हैं किसान- ग्राउंड रिपोर्ट
साल 2019 में आई 20वीं पशुगणना के मुताबिक़, यूपी में 11.8 लाख छुट्टा पशु हैं.
हालाँकि, यूपी सरकार के पशु पालन विभाग ने जून 2022 में छुट्टा पशुओं की वास्तविक संख्या जानने के लिए एक सर्वे कराया.
इस सर्वे के मुताबिक़, यूपी में कुल 11 लाख 13 हजार 35 छुट्टा पशु हैं.
इन आँकड़ों से ज़ाहिर है कि यूपी में कितनी बड़ी संख्या में छुट्टा पशु हैं.
यूपी सरकार की ओर से छुट्टा पशुओं की देखभाल के लिए गौशालाएँ चलाई जाती हैं.
उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग के अपर निदेशक (गोधन विकास), डॉ. राजेश कुमार ने बीबीसी हिंदी से बताया, "यूपी में 6,723 गौशालाएँ हैं, जिनमें क़रीब 9.58 लाख छुट्टा पशुओं को संरक्षित किया गया है. इसके अलावा क़रीब 1 लाख 54 हजार छुट्टा पशुओं को 'मुख्यमंत्री निराश्रित/बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना' के तहत लोगों को दिया गया है."
'बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना' के तहत अगर कोई व्यक्ति छुट्टा पशु को पालता है, तो उसे 30 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से मिलते हैं.
साठ साल में पहली बार चीन की आबादी में भारी गिरावट, क्या हैं कारण?
संयुक्त राष्ट्र की एक ताज़ा रिपोर्ट में कहा गया है कि आबादी के मामले में भारत 2023 में चीन को पीछे छोड़ देगा.
आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के संयुक्त राष्ट्र के विभाग की वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रास्पेक्ट्स 2022 रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 60 सालों में पहली बार ऐसा है जब चीन की राष्ट्रीय जन्म दर गिर कर प्रति हज़ार 6.77 हो गई है.
चीन की आबादी में साल 2021 के मुकाबले, 2022 में 8.5 लाख की कमी आई. 2022 में चीन की कुल आबादी 1.4118 अरब थी.
रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि साल 2050 तक भारत की आबादी 1.668 अरब जबकि चीन की आबादी 1.317 अरब हो जाएगी.
पिछले कई सालों से चीन में जन्म दर में कमी आ रही है और इसे रोकने के लिए सरकारी नीतियों में बदलाव भी किए जा रहे हैं.
सऊदी अरब में मेसी बनाम रोनाल्डो: क्या मध्य पूर्व वैश्विक खेलों का नया मैदान है?
रियाद में आज फ़्रेंच चैंपियंस पीएसजी और सऊदी ऑल स्टार इलेवन के बीच फ़ुटबॉल मैच होने जा रहा है जिसमें दुनिया के जाने पहचाने खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं.
इस मैच में अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी, पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो, फ्रांस के किलियन एमबापे, ब्राज़ील के नेमार जैसे दिग्गज फुटबॉलर हिस्सा ले रहे हैं.
ये दोस्ताना मैच है और सऊदी अरब में इस प्रदर्शन मैच को कराए जाने के अलावा ये इस बात को भी दिखाता है कि खाड़ी देशों का खेल में असर बढ़ रहा है.
बॉलीवुड का सबसे लंबा 'किस सीन' क्या 1933 की फ़िल्म 'कर्मा' में था?
ख़ूबसूरत महारानी बेसुध पड़े अपने प्रेमी पर झुक कर उसे पुनर्जीवित करने के लिए 'किस' करती हैं. यह 'किस' बॉलीवुड का सिनेमाई इतिहास बन गया.
साल 1933 में आई फ़िल्म 'कर्मा' में उस ज़माने की मशहूर अभिनेत्री देविका रानी और हिमांशु राय ने एक दंपति की भूमिका निभाई.
इस फ़िल्म में दिए गए इस 'किस' सीन को बॉलीवुड का पहला 'लिप लॉक' और 'बॉलीवुड का सबसे लंबा किस होने' को लेकर काफ़ी कुछ लिखा जा चुका है.
लेकिन ये दोनों बातें सच नहीं हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)