You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
सोनिया, प्रियंका, राहुल गांधी ने वैक्सीन ली या नहीं, बीजेपी के सवाल का कांग्रेस ने दिया जवाब
केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और विपक्ष दल कांग्रेस के बीच कोरोना वैक्सीन को लेकर तीखी तक़रार जारी है.
भारतीय जनता पार्टी की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए गुरुवार को कांग्रेस ने कहा कि सरकार को 'बेमतलब के मुद्दे' गढ़ने के बजाए सभी भारतीयों को वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए 'राजधर्म' का पालन करना चाहिए.
साथ ही कांग्रेस ने ये जानकारी दी है कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी 'कोविशील्ड वैक्सीन की दोनों डोज़ ले चुकी हैं.'
बीजेपी ने उठाया था सवाल
कोवैक्सीन में बछड़े के सीरम के इस्तेमाल को लेकर शुरु हुई बहस के बाद बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था.
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, "पूरे विश्व का सबसे बड़ा वैक्सिनेशन ड्राइव चलाकर हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिन रात एक करके इस काम को आगे बढ़ा रहे हैं और कांग्रेस पार्टी का एक ही ध्येय है, वो ध्येय है भारत की वैक्सीनेशन प्रक्रिया को डिरेल करना."
सीरम को लेकर हुई विवाद पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी स्पष्टीकरण दिया था. मंत्रालय ने कहा था, "नवजात बछड़े के सीरम का इस्तेमाल केवल वीरो सेल्स तैयार करने और उसकी ग्रोथ में किया जाता है. गाय और अन्य जानवरों के सीरम का इस्तेमाल दुनिया भर में वीरो सेल्स को विकसित करने की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है."
कांग्रेस नेता गौरव पांधी ने बुधवार को इस मामले में ट्विटर पर एक दस्तावेज पोस्ट किया था और उसे 'रिसर्च डॉक्यूमेंट' बताया था.
बीजेपी नेता संबित पात्रा ने इस मुद्दे को उठाने को कांग्रेस की 'उदंडता, धृष्टता और महापाप' बताया.
संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी को 'वैक्सीन हेज़िटेंसी' यानी वैक्सीन को लेकर हिचक बढ़ाने और 'वैक्सीन को बर्बाद करने' के लिए याद किया जाएगा.
पात्रा ने इसी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके परिवार से सवाल पूछा. उन्होंने सवाल किया, "भारतीय जनता पार्टी पूरी जिम्मेदारी के साथ एक ही सवाल पूछ रही है आदरणीय सोनिया जी, राहुल जी, प्रियंका जी आप तीनों ही कांग्रेस हैं, आप तीनों बताएं कि आप तीनों ने कब अपना पहला डोज़ लिया और कब अपना सेंकेंड डोज़ लिया?"
पात्रा ने आगे पूछा, "क्या गांधी परिवार वैक्सीनेटेड है या नहीं है... गांधी परिवार कोवैक्सीन पर विश्वास करती है या नहीं है."
कांग्रेस का जवाब
कांग्रेस पार्टी ने इसी सवाल के बाद गांधी परिवार के टीकाकरण से जुड़ी जानकारी दी.
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने समचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "कांग्रेस अध्यक्ष की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा वैक्सीन की पहली डोज़ ले चुकी हैं. कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे राहुल गांधी कोविड से उबरने के बाद डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक वैक्सीन लेंगे."
सुरजेवाला ने कहा, "बेमतलब के मुद्दे गढ़ने के बजाए मोदी सरकार को हर दिन 80 लाख से लेकर एक करोड़ लोगों को टीके लगाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए ताकि 31 दिसंबर 2021 तक सभी 100 करोड़ भारतीयों के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा हो सके."
उन्होंने आगे कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान नाकाम रहने के बाद सिर्फ़ यही वो 'राजधर्म' है, जिसका पालन उन्हें करना चाहिए.
ये भी पढ़िएः-
सरकार पर सवाल
भारतीय जनता पार्टी पर पलटवार करते हुए सुरजेवाला ने कहा, "हर्षवर्धन भारत के स्वास्थ्य मंत्री हैं और उन्हें पता होना चाहिए कि कांग्रेस अध्यक्ष कोविशील्ड वैक्सीन की दोनों डोज़ ले चुकी हैं."
उन्होंने आगे बताया, " राहुल गांधी को 16 अप्रैल 2021 को टीका लगना था.लेकिन वो कोरोना की चपेट में आ गए और अब डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक वैक्सीन लेंगे. उन्होंने बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी वैक्सीन की पहली डोज़ ले चुकी हैं. "
अप्रैल में प्रधानमंत्री मोदी ने भी राहुल गांधी के कोरोना संक्रमित होने के समय उन्हें ट्विटर पर एक संदेश में लिखा था - "मैं लोकसभा सांसद श्री राहुल गांधी जी के अच्छे स्वास्थ्य और जल्दी ठीक होने के लिए प्रार्थना करता हूं."
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार और स्वास्थ्य मंत्री 'भारत में टीकाकरण के दौरान हुए भारी कुप्रबंधन के दोषी हैं.'
उन्होंने कहा कि 16 जनवरी से 16 जून के बीच छह महीने के दौरान भारत की कुल आबादी के सिर्फ़ 3.51 फ़ीसदी लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज़ लगी हैं. उन्होंने दावा किया कि दुनिया में ये टीकाकरण की सबसे कम दर है.
उन्होंने आरोप लगाया कि टीकाकरण पर ध्यान लगाने के बजाए 'स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के टीकाकरण पर केंद्रित होकर मुद्दे को भटकाने की कोशिश में हैं.'
पहले ही भी हुई तकरार
कांग्रेस मोदी सरकार की वैक्सीन नीति को लेकर लगातार सवाल उठाती रही है. कांग्रेस ने वैक्सीन की कमी और टीकाकरण की धीमी दर को लेकर सरकार के कई बार सवाल पूछे हैं.
बीते महीने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार को कठघरे में खड़ा किया था.
राहुल गांधी ने कहा था, "फ़र्स्ट वेव ठीक है उसमें बात समझ नहीं आई. लेकिन ये जो सैकेंड वेव है ये प्रधानमंत्री की ज़िम्मेदारी है. प्रधानमंत्री ने जो नौटंकी की, अपनी ज़िम्मेदारी पूरी नहीं की, उसका कारण सेकेंड वेव है."
राहुल गांधी ने सरकार के टीकाकरण कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा था, "लॉकडाउन, सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क अस्थाई समाधान हैं. टीकाकरण स्थाई समाधान है."
इसके बाद केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा था कि दिसंबर 2021 तक भारत में टीकाकरण का काम पूरा कर लिया जाएगा.
जावडेकर ने कहा था, "ये समझ लेना कि भारत का वैक्सिनेशन 2021 में ही दिसंबर के पहले पूरा होगा."
उन्होंने ये भी बताया था कि स्वास्थ्य मंत्रालय इसके लिए रूपरेखा तैयार कर चुका है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)