पाकिस्तान ने फिर जारी किया विंग कमांडर अभिनंदन का वीडियो- प्रेस रिव्यू

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 4 मिनट

जनसत्ता अख़बार के अनुसार बालाकोट एयरस्ट्राइक की दूसरी बरसी पर पाकिस्तान को फिर से भारतीय विंग कमांडर अभिनंदन की याद आई है. पाकिस्तान ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें कथित तौर पर पायलट दोनों देशों के बीच शांति के बारे में बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं.

अख़बार के अनुसार वीडियो से छेड़छाड़ की गई है और इसमें 16 कट लगाए गए हैं.

पाकिस्तान के सरकारी टीवी चैनल ने कमांडर अभिनंदन के हवाले से कहा, "मुझे लगता है कि पाकिस्तानी फ़ौज बहुत ही अच्छी और प्रोफ़ेशनल है. ये बहुत सहयोगी है. मैं पाकिस्तानी सेना की तरफ़ से दिखाई गई दरियादिली से बहुत प्रभावित हूं."

बालाकोट एयरस्ट्राइक (26 फ़रवरी 2019) के बाद 27 फ़रवरी को पाकिस्तानी वायु सेना ने भारत पर हवाई कार्रवाई की थी और उनका एक विमान भारत की सीमा के अंदर दाख़िल हुआ था.

इस विमान का पीछा करते हुए कमांडर अभिनंदन का मिग-21 हवाई जहाज़ पाकिस्तानी सीमा में घुस गया लेकिन पाकिस्तानी वायु सेना के हमले के कारण उनका विमान पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में गिर गया और वो पकड़ लिए गए थे. बाद में पाकिस्तान ने उन्हें रिहा कर दिया था.

उस समय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा था कि वो भारत से बेहतर संबंध चाहते हैं इसलिए कमांडर अभिनंदन को बिना शर्त रिहा कर वो भारत को एक अच्छा संदेश देना चाहते हैं.

अक्टूबर 2020 में पाकिस्तान की विपक्षी पार्टी मुस्लिम लीग (नवाज़) गुट के नेता और सांसद अयाज़ सादिक़ ने संसद में एक चौकाने वाला बयान दिया.

उन्होंने कहा कि, पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने एक बैठक में कहा था कि अगर विंग कमांडर अभिनंदन को रिहा नहीं किया जाता है तो भारत रात नौ बजे तक हमला कर देगा.

हालांकि बाद में अयाज़ सादिक़ ने कहा कि भारतीय मीडिया में उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया था.

असम: कांग्रेस नेतृत्व वाले महागठबंधन में बीपीएफ़ और राजद शामिल

अमर उजाला के अनुसार असम में कांग्रेस की अगुवाई वाली छह दलों के विपक्षी महागठबंधन का शनिवार को विस्तार हुआ.

गठबंधन में बोडोलैंड पीपुल्स फ़्रंट (बीपीएफ़) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) भी शामिल हो गए हैं. बीपीएफ़ वर्तमान में भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में शामिल है.

अब कांग्रेस के महागठबंधन में बदरुद्दीन अजमल की एआईयूडीएफ़, सीपीआई, सीपीएम, सीपीआई-एमएल, आंचलिक गण मोर्चा (एजीएम), बीपीएफ़ और राजद शामिल हो गए हैं.

भाजपा असम गण परिषद (एजीपी) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के साथ चुनाव में उतरेगी.

कांग्रेस पार्टी के असंतुष्ट सदस्यों की जम्मू में बैठक

अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार शनिवार को जम्मू में कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं की बैठक हुई. इन्हें जी-23 भी कहा जाता है क्योंकि कांग्रेस के इन 23 लोगों ने पिछले साल कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को ख़त लिखकर कांग्रेस नेतृत्व के काम करने के तौर तरीक़ों पर सवाल उठाया था.

इस बैठक का नाम शांति सम्मेलन दिया गया था और इसका मक़सद ज़मीन पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से जुड़ना था.

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि पार्टी ने ग़ुलाम नबी आज़ाद को संसद से रिटायर होने दिया और पार्टी चाहती तो उनके अनुभवों का और बेहतर इस्तेमाल कर सकती थी.

सिब्बल ने कहा कि वो लोग इसलिए जमा हुए हैं ताकि पार्टी के सामने जो चुनौतियां हैं, उनका मुक़ाबला कैसे किया जाए, इस पर विचार विमर्श हो.

इस मौक़े पर ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि वो राज्यसभा से रिटायर हुए हैं, राजनीति से नहीं. उन्होंने कहा कि वो पहली बार संसद से रिटायर नहीं हुए हैं.

सिब्बल ने कहा कि पिछले कुछ सालों में कांग्रेस कमज़ोर हुई है और वे लोग कांग्रेस को एक बार फिर मज़बूत करना चाहते हैं. आज़ाद और सिब्बल के अलावा आनंद शर्मान, मनीष तिवारी, भूपिंदर सिंह हुड्डा और राज बब्बर जैसे वरिष्ठ नेता इस बैठक में शामिल हुए.

उधर दिल्ली में कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनुसिंघवी ने कहा कि जम्मू की बैठक में शामिल सभी लोग कांग्रेस के सम्मानित सदस्य हैं और पार्टी को उनपर गर्व है. लेकिन सिंघवी ने उन नेताओं को सलाह दी कि उनका सबसे बेहतर योगदान और पार्टी के प्रति वफ़ादारी यही हो सकती है कि जिन पाँच राज्यों में चुनाव होने वाले हैं वहां जाकर यह नेता पार्टी के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करें.

कोरोना वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कैसे कराएं?

एक मार्च से कोरोना टीकाकरण का अगला चरण शुरू हो रहा है. अब 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन दी जाएगी. इसके अलावा को-मॉर्बिडिटीज़ वाले 45 साल से ज़्यादा उम्र के लोगों को भी टीका लगाया जाएगा.

अब सवाल यह है कि इसके लिए कैसे रजिस्ट्रेशन कराया जाए.

अख़बार नवभारत टाइम्स के अनुसार रजिस्ट्रेशन के तीन तरीक़े हैं.

-एडवांस में सेल्फ़ रजिस्ट्रेशन: अगर आप इस कैटगरी में आते हैं तो Co-WIN ऐप डाउनलोड कर ख़ुद को रजिस्टर कर सकते हैं. इसके अलावा आरोग्य सेतु ऐप पर भी रजिस्टर किया जा सकता है. Co-WIN की वेबसाइट cowin.gov.in पर भी रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है.

60 से अधिक उम्र के लोग फ़ोन से भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. इसके लिए उन्हें 1507 डायल करना होगा.

-ऑन-साइट रजिस्ट्रेशन: आप नज़दीक के कोविड टीकाकरण सेंटर पर जाकर ख़ुद को रजिस्टर करा सकते हैं. इसके लिए वैध प्रमाण पत्र और को-मॉर्बिडिटी का सर्टिफ़िकेट ले जाना ना भूलें.

-फेसिलिटेड रजिस्ट्रेशन: इसके तहत सरकार ख़ुद आपसे संपर्क करेगी. इसमें स्वास्थ्य अधिकारी अपनी तरफ़ से कोशिश करेंगे कि इस कैटगरी के लोगों को टीकाकरण के केंद्र तक लाया जाए और उनको टीका लगाया जाए. इसके लिए आशा, पंचायती राज और दूसरे सेल्फ़-हेल्प ग्रुप्स की मदद ली जाएगी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)