You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
Rajinikanth करेंगे राजनीति में एंट्री, जनवरी में बनाएंगे राजनीतिक पार्टी
मशहूर अभिनेता रजनीकांत ने कहा है कि वो नए साल में जनवरी में अपनी राजनीतिक पार्टी बनाएंगे जिसका एलान 31 दिसंबर को किया जाएगा.
रजनीकांत ने एक ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है.
तमिल भाषा में अपने ट्वीट में रजनीकांत ने कुछ हैशटैग भी शेयर किए हैं.
उन्हीं में से एक हैशटैग में लिखा है- 'अभी नहीं तो कभी नहीं.' एक अन्य हैशटैग में लिखा है- 'हम बदलेंगे, हम सबकुछ बदल देंगे.'
इस एलान से पहले रजनीकांत ने अपने संगठन 'रजनी मक्कल मंदरम' के ज़िला सचिवों से 30 नवंबर को विचार-विमर्श किया था. बैठक के बाद रजनीकांत ने वादा किया था कि वो जल्द ही अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने के बारे में घोषणा करेंगे.
इस ख़बर को सुनते ही उनके चाहने वालों में ख़ुशी की लहर दौड़ गई.
उनके फ़ैन्स ने पटाख़े फोड़कर इस फ़ैसले का स्वागत किया.
रजनीकांत साल 2017 से ही अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने की बात कर रहे हैं. बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक चिट्ठी शेयर की जा रही थी, जिसके बारे में कहा जा रहा था कि इसे ख़ुद रजनीकांत ने लिखा है.
इस चिट्ठी में रजनीकांत की सेहत को लेकर चिंता जताई गई थी. रजनीकांत ने कहा है कि ये ख़त उन्होंने नहीं लिखा था, लेकिन उन्होंने ये माना कि उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती.
इस चिट्ठी में लिखी बातों से लग रहा था कि रजनीकांत ने अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने का विचार छोड़ दिया है लेकिन अब रजनीकांत ने ख़ुद सामने आकर अपनी योजना के बारे में बताकर अटकलों पर विराम लगा दिया है.
रजनीकांत के प्रशंसक न सिर्फ़ दक्षिण भारत में बल्कि पूरे भारत में हैं और वो अपने चहेते सुपरस्टार की राजनीति में बेसब्री से इंतज़ार करते आए हैं. अब उनका यह इंतज़ार ख़त्म होता नज़र आ रहा है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)