राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के सवालों को दिया जा रहा है अंतिम रूपः प्रेस रिव्यू

प्रकाशित

द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर या एनपीआर के सवालों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. ये जानकारी रजिस्ट्रार जनरल ऑफ़ इंडिया (आरजीआई) ने द हिंदू को सूचना के अधिकार के तहत पूछे गए सवाल के जवाब में दी है.

आरजीआई ने बताया है कि एनपीआर के सवालों और शेड्यूल को अंतिम रूप दिया जा रहा है और जनगणना 2021 के पहले चरण के बारे में अभी जानकारी उपलब्ध नहीं है.

एनपीआर पर कार्रवाई 1 अप्रैल 2020 से शुरू होनी थी लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसे टाल दिया गया है.

देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने एनपीआर को अपडेट किए जाने का विरोध किया है.

एनपीआर को राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) को पूरा करने की दिशा में पहला क़दम माना गया है.

एनपीआर, हाउस लिस्टिंग और जनगणना 2021 का काम एक अप्रैल से 30 सितंबर के बीच होना था.

केरल में पूर्व मंत्री इब्राहिम कुंजू गिरफ़्तार

केरल की विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो ने पूर्व मंत्री इब्राहिम कुंजू को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ़्तार कर लिया है.

द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक कुंजू को एक अस्पताल से गिरफ़्तार किया गया जहां उनका इलाज चल रहा था.

कुंजू इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता है और केरल के पीडब्ल्यूडी मंत्री रहे हैं. उन पर एक पुल के निर्माण में धांधली के आरोप हैं.

करगिल में नेशनल कॉन्फ्रेंस बीजेपी साथ-साथ

बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक दलों के संगठन पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकार डिक्लेरेशन (पीएजीडी) को राष्ट्रविरोधी गैंग कहा है जो जम्मू-कश्मीर में विदेशी ताक़तों का दख़ल चाहता है.

लेकिन करगिल में बीजेपी नेशनल कांफ्रेंस के साथ सत्ता साझा कर रही है.

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक लद्दाख ऑटोनॉमस हिल डेवलपमेंट काउंसिल, करगिल में निर्वाचित 26 सीटों में से दस पर एनसी है, आठ पर कांग्रेस और तीन पर बीजेपी.

पांच स्वंत्र उम्मीदवार हैं. 30 सदस्यीय परषद में लद्दाख प्रशासन चार सदस्यों को नामित करता है. हिल काउंसिल के प्रमुख एनसी के फिरोज़ ख़ान हैं जबकि बीजेपी के काउंसलर मोहम्मद अली चंदन भी चार एक्ज़ीक्यूटिव काउंसलरों में शामिल हैं.

राम मंदिर के विशेष पत्थरों के लिए अभ्यारण्य की ज़मीन देगा राजस्थान

द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान सरकार ने भरतपुर के बंद बारेठा वन्यजीव अभ्यारण्य के बंसी पहाड़पुर ब्लॉक को डीनोटिफ़ाई करने के लिए केंद्र सरकार से अनुमति मंगने का फैसला लिया है.

ऐसा करने से यहां गुलाबी पत्थर का खनन किया जा सकेगा.

बंसी पहाड़पुर का ख़ास गुलाबी रंग का एक लाख क्यूबिक फिट पत्थर पहले ही अयोध्या में राम मंदिर के लिए भेजा जा चुका है.

इस क्षेत्र में 2016 में खनन पर प्रतिबंध लग गया था लेकिन अवैध तरीके से पत्थरों का खनन जारी था. ये पत्थर अवैध रूप से बाज़ार में मिल जाता है.

7 सितंबर को भरतपुर प्रशासन ने पत्थर ले जा रहे 25 ट्रकों को सीज़ किया था और उसके बाद से इसकी बाज़ार में उपलब्धता कम हो गई थी.

अब राजस्थान सरकार ने यहां खनन की अनुमति के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)