बिहार चुनावः प्रचार कर रहे उम्मीदवार की गोली मार कर हत्या - बिहार चुनाव की बड़ी ख़बरें

इमेज स्रोत, Sri-Narayan-Singh
बिहार के शिवहर ज़िले में जनता दल राष्ट्रवादी पार्टी के उम्मीदवार की गोली मार कर हत्या कर दी गई है.
मारे गए श्री नारायण सिंह घटना के समय हथसार गांव में चुनाव प्रचार कर रहे थे.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबक हमलावरों में से एक को नारायण सिंह के समर्थकों ने पीट-पीट कर मार दिया.
शिवहर के एसपी संतोष कुमार के मुताबिक हमलावर को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था जहां उसकी मौत हो गई.
हमलावर की पहचान अभी नहीं हो सकी है.
बिहार में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में हो रहे हैं. पहले चरण में 28 अक्तूबर को वोट डाले जाएंगे.
मृतक उम्मीदवार नारायण सिंह का भी आपराधिक इतिहास रहा है.
वो पहले राष्ट्रीय जनता दल में थे लेकिन टिकट ना मिलने पर जनता दल राष्ट्रवादी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे.
वो ज़िला परिषद के सदस्य रह चुके हैं.
चुनाव आयोग: 'बिहार में सर्च, ज़ब्ती अभियान की प्रक्रिया तेज़ की जाए'

इमेज स्रोत, Pallava Bagla/Corbis via Getty Images
चुनाव आयोग ने बिहार सरकार से सर्च और ज़ब्ती अभियान की प्रक्रिया तेज़ करने को कहा है ताकि राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव कराए जा सकें.
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि बिहार चुनाव के पहले चरण में जिन 78 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव होना है उनके पर्यवेक्षकों के साथ बैठक के दौरान आयोग ने शुक्रवार को इससे जुड़े निर्देश जारी किए.
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनिल अरोड़ा और दो अन्य चुनाव आयुक्त, सुशील चंद्रा और राजीव कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के ज़रिए बैठक की थी. इस दौरान आयोग ने चुनाव तैयारियों की समीक्षा भी की.
अधिकारियों के मुताबिक़, 2019 के लोक सभा चुनाव के दौरान विभिन्न एजेंसियों ने बिहार में 35.27 करोड़ रुपये क़ीमत का प्रतिबंधित सामान और नगद ज़ब्त किया था. अधिकारियों को आशंका है कि विधान सभा चुनाव में इससे भी ज़्यादा ज़ब्ती हो सकती है.
इस बीच एक अधिकारी के मुताबिक़, चुनाव आयोग ने बिहार में शराब की ज़ब्ती में ढिलाई बरतने के चलते दो आबकारी अधिकारियों को निलंबित कर दिया है और चार का तबादला कर दिया है.
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग ने देखा है कि आबकारी गतिविधियों पर नियंत्रण समेत व्यय की निगरानी के मामले में कुछ जिलों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है.

इमेज स्रोत, Santosh kumar/Hindustan Times/Getty Images
नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव से कहा, अपने बाप से पूछो
बिहार में जैसे-जैसे चुनाव की तारीख़ नज़दीक आ रही है, चुनाव प्रचार आक्रामक होते जा रहे हैं और एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप तेज़ होते जा रहे हैं.
शालीन भाषणों के लिए जाने-जाने वाले जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेगूसराय में एक चुनावी रैली के दौरान विपक्षी गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर निजी हमले करते हुए दिखे.
अपने प्रमुख प्रतिद्वंद्वी पर तीखा हमला करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि "अपने बाप या माता से पूछें कि मौक़ा मिलने पर क्या उन्होंने कोई स्कूल या कॉलेज बनाया था... या सिर्फ ग़लत तरीक़े से पैसा बनाते रहे."
उन्होंने कहा, "दूसरे लोगों को भी शासन करने का मौक़ा मिला. उन्होंने क्या किया? क्या एक भी स्कूल या कॉलेज बना था? अगर आज पढ़ना चाहते हो तो अपने बाप या माता से पूछो कि कहीं कोई स्कूल था? कहीं कोई स्कूल बन रहा था? कहीं कोई कॉलेज बना था?"
"बाप या माता" से यहां नीतीश का मतलब है तेजस्वी यादव के माता-पिता यानी पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, जो इस वक़्त भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद हैं और राबड़ी देवी जो दो बार मुख्यमंत्री रही हैं, जिन्हें नीतीश कुमार लालू यादव के जेल जाने के बाद स्थापित एक कठपुतली कहकर ख़ारिज करते दिख रहे थे.
नीतीश कुमार ने कहा, "राज करने का मौका मिला. राज करके ग्रहण करते रहे और अंदर चले गए तो पत्नी को बैठा दिया गद्दी पर. बिहार में ये हो रहा था. लेकिन आज मेरी सरकार में अगर कोई ग़लत करता है, कोई आदमी क़ानून तोड़ता है, तो वो सीधे अंदर (जेल) जाएगा."

इमेज स्रोत, TWITTER/@DEV_FADNAVIS
बीजेपी के प्रभारी देवेंद्र फडणवीस कोरोना पॉज़िटिव
आगामी बिहार चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रभारी देवेंद्र फडणवीस कोरोना पॉज़िटिव हो गए हैं.
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी और लिखा, "भगवान चाहते हैं कि मैं कुछ वक़्त के लिए रुकूं और एक ब्रेक लूं."
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 1
साथ ही उन्होंने हाल में अपने संपर्क में आए लोगों से भी टेस्ट कराने की गुज़ारिश की है.
उन्होंने ट्वीट में लिखा, "मैं लॉकडाउन के बाद से लगातार हर दिन काम कर रहा हूं लेकिन अब लगता है कि भगवान चाहते हैं मैं कुछ वक़्त के लिए रुकूं और एक ब्रेक लूं. मेरा कोविड-19 का टेस्ट पॉज़िटिव आया है और मैं आइसोलेशन में हूं. डॉक्टरों की सलाह अनुसार सभी दवाइयां और इलाज ले रहा हूं."
देवेंद्र फडणवीस को पिछले महीने ही बिहार चुनाव के लिए बीजेपी प्रभारी नियुक्त किया गया था, जो कोरोना वायरस महामारी शुरू होने के बाद देश का पहला बड़ा चुनाव होने जा रहा है.

इमेज स्रोत, ANI
राजद का घोषणापत्र जारी, 10 लाख नौकरियों का वादा
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल ने अपना अलग चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है.
विपक्ष के नेता और महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव समेत पार्टी के बड़े नेताओं की मौजूदगी में जारी हुए इस घोषणापत्र को 'प्रण हमारा संकल्प बदलाव का' नाम दिया है.
इसमें कई मुद्दों को शामिल किया गया है जिनमें मुख्यतौर पर रोजगार, कृषि, उद्योग और शिक्षा को जगह दी गई है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 2
बीबीसी के सहयोगी पत्रकार नीरज प्रियदर्शी ने बताया कि राजद ने सरकार बनने पर 10 लाख नौकरियां देने के साथ-साथ किसानों का कर्ज़ माफ करने का भी एलान किया है.
इस घोषणापत्र में शामिल कई दूसरे वादे भी किए गए हैं-
- बिहार के बेरोजगार युवाओं को 10 लाख नौकरी देने का वादा. कैबिनेट की पहली बैठक के साथ शुरू होगी बहाली की प्रक्रिया.
- संविदा प्रथा खत्म करना, सभी को समान काम का समान वेतन दिया जाएगा. सरकारी विभागों में निजीकरण को बंद किया जाएगा.
- नियोजित शिक्षकों को समान वेतनमान. कार्यपालक सहायक लाइब्रेरियन उर्दू शिक्षकों की बहाली की जाएगी.
- बिहारी युवाओं को सरकारी परीक्षा फॉर्म भरने के लिए आवेदन शुल्क नहीं देना होगा और परीक्षा केंद्र तक की यात्रा मुफ़्त होगी.
- आंगनबाड़ी सेविका सहायिका, आशा कर्मी, ग्रामीण चिकित्सक की मांगे पूरी की जाएंगी.
- किसानों का कर्ज़ माफ़ किया जाएगा.
- नई उदार उद्योग नीति लाई जाएगी. व्यवसायिक आयोग का गठन किया जाएगा. कारोबारियों की सुरक्षा और भय मुक्त व्यापार के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापारिक सुरक्षा दस्ते का गठन किया जाएगा.
- राज्य के जीडीप का 22 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर खर्च किया जाएगा. सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में मातृभाषा के साथ अंग्रेज़ी और कंप्यूटर की पढ़ाई अनिवार्य की जाएगी.
- पिछड़े और दलित छात्रों को इंटरमीडिएट में 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने पर लैपटॉप दिया जाएगा. सभी सरकारी स्कूलों में छात्रों के लिए अलग से शौचालय की व्यवस्था, स्कूली छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन निशुल्क दी जाएगी.
- राज्य में किसी भी सरकारी नौकरी में स्थानीय नीति लागू की जाएगी. कम से कम 85 प्रतिशत आरक्षण स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए सुनिश्चित किया जाएगा.
- बेरोजगार युवाओं को 1500 रुपये बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा. गरीबों और बुज़ुर्गों की पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये प्रति माह कर दी जाएगी.

इमेज स्रोत, Getty Images
घोषणापत्र ज़ारी करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, ''मैं 10 लाख नौकरियों का वादा कर रहा हूं. मैं एक करोड़ नौकरियों का वादा भी कर सकता था. लेकिन, मैं ऐसा नहीं कर रहा हूं क्योंकि हमारा वादा पहली कैबिनेट बैठक में सच्चाई बनेगा. देश में ऐसा पहली बार होगा जब एक ही बार में 10 लाख नौकरियों का सजृन होगा.''
उन्होंने भाजपा के 19 लाख नौकरियों के वादे पर निशाना साधते हुए कहा, ''भाजपा वाले बताएं कि उनका मुख्यमंत्री का चेहरा कौन है, नीतीश कुमार हैं? नीतीश कुमार ने तो 10 लाख नौकरियों पर ही हाथ खड़े कर दिए थे कि कहां से देंगे. तो बीजेपी कहां से देगी, नेतृत्व तो नीतीश कुमार कर रहे हैं, तो ये बेवकूफ किसे बना रहे हैं.''
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 3
इससे पहले महागठबंधन अपना संकल्प पत्र, भाजपा और जदयू अपना घोषणापत्र जारी कर चुके हैं जिनमें नौकरियों और कृषि क़ानून से जुड़े वादे मुख्यतौर पर किए गए हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)




















