You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
पीएम मोदी का ट्विटर अकाउंट हैक, माँगा गया डोनेशन
ट्विटर ने कहा है कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निजी वेबसाइट का ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया था.
इस अकाउंट से लगातार कई ट्वीट किए गए जिनमें लोगों से एक राहत कोष के लिए क्रिप्टोकरेंसी से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष में डोनेशन देने की अपील की गई.
ट्विटर ने कहा है कि उन्हें इस बात का पता चला जिसके बाद उन्होंने इस खाते की सुरक्षा के लिए ज़रूरी क़दम उठाए.
ट्विटर के एक प्रवक्ता ने बीबीसी से कहा कि 'हम स्थिति की जाँच कर रहे हैं'.
प्रधानमंत्री मोदी के जिस ट्विटर अकाउंट को हैक किया गया उसके 25 लाख फ़ॉलोअर्स हैं. ये प्रधानमंत्री मोदी की निजी वेबसाइट और उनके निजी मोबाइल ऐप का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट है.
हालाँकि प्रधानमंत्री मोदी के निजी ट्विटर अकाउंट के साथ कुछ नहीं हुआ जिसके छह करोड़ 10 लाख से ज़्यादा फ़ॉलोअर्स हैं.
ये भी पढ़िएः-
हैकरों का हमला
पिछले कुछ समय में दुनिया की कई नामी हस्तियों के ट्विटर अकाउंट हैक किए गए हैं जिनमें अमरीका के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडन, पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, बिल गेट्स और टेस्ला कंपनी के संस्थापक एलन मस्क के अकाउंट शामिल थे.
लगभग दो महीने पहले ट्विटर ने कहा था कि नामी शख़्सियतों के 130 अकाउंटों पर साइबर हमला हुआ है. मगर कहा गया कि हमलावर बहुत कम ही खातों का कंट्रोल हासिल कर सके.
इसके बाद संघीय जाँच एजेंसी एफ़बीआई को जाँच के लिए बुलाया गया था.
तब हैकरों ने इन अकाउंटों में सेंध इसलिए लगाई क्योंकि वो ट्विटर के इटर्नल ऐडमिनिस्ट्रेशन टूल्स तक पहुँच गए थे.
उस समय ये मालूम हो जाने के बाद भी कि ये एक साइबर हमला है, हैकरों के पास लोगों ने 100,000 डॉलर से ज़्यादा राशि ट्रांसफ़र कर दी.
क्रिप्टोकरेंसी के सिरों को पकड़ पाना बहुत मुश्किल काम होता है और साइबर अपराधी इन खातों को फ़ौरन ख़ाली कर देते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)