You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ट्विटर हैक मामला: तीन में से एक अभियुक्त ब्रिटेन का
अमरीका के न्याय विभाग ने ब्रिटेन के दक्षिणी तट पर बोगनोर रेजिस में रहने वाले एक व्यक्ति पर पिछले दिनों हुए ट्विटर हैक का मामला दर्ज किया है.
15 जुलाई को अमरीका के कई बड़ी शख्सियतों का ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया था और उनके ट्विटर अकाउंट से बिटक्वाइन की मांग की गई थी.
हैकर्स ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, अमेज़न के मालिक जेफ बेज़ोस, उद्यमी एलन मस्क, माइक्रोसॉफ़्ट के संस्थापक बिल गेट्स, डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार जो बाइडन और हॉलीवुड स्टार किम कार्दाशियां का अकाउंट हैक कर लिया था.
कैलिफोर्निया के अधिकारियों ने 19 साल के मैसन शेफर्ड के ख़िलाफ़ गंभीर अपराध करने का मामला दर्ज किया है.
ब्रिटेन के राष्ट्रीय अपराध एजेंसी (एनसीए) ने इस बात की पुष्टि की है कि बोगनोर रेजिस में शुक्रवार को पुलिस के साथ मिलकर जांच की है.
टैम्पा के एक किशोर और ओरलांडो के 22 साल के नीमा फैज़ेली पर भी फ्लोरिडा में मामला दर्ज किया गया है.
अमरीका के अटॉर्नी डेविड एल एंडरसन ने कहा है कि इस तरह की "आपराधिक हैकिंग...फिर चाहे वो मजे के लिए किया गया हो या पैसे के लिए वो कभी कामयाब नहीं होती."
डेविड एल एंडरसन ने बयान दिया, "अपराधी हैकर्स समुदाय के बीच यह एक गलतफहमी है कि ट्विटर पहचान छुपा के या फिर बिना कोई अंजाम भुगते किया जा सकता है."
वो आगे कहते हैं, "इंटरनेट पर किए जाने वाले अपराध ऐसा लग सकता है कि चुपके से किया जा सकता है लेकिन ऐसा कुछ नहीं है जिसे आप चोरी-छिपे अंजाम दे सके. खासतौर पर मैं उन्हें यह कहना चाहता हूँ कि जो ऐसा करने की सोच रहे हैं. आप क़ानून तोड़िए और हम आपका पता लगा कर बताते हैं."
फ्लोरिडा में हिल्सबोरो के अटॉर्नी जनरल एंड्रयू वारेन ने 17 साल के अभियुक्त के खिलाफ 'पूरे अमरीका में धांधली' करने की वजह से 30 गंभीर मामले दर्ज किए हैं.
इन मामलों में संगठित धोखाधड़ी के मामले और व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग का मामला शामिल है.
वारेन बताते हैं, "एक क्रिप्टो मुद्रा के रूप में बिटक्वाइन को ट्रैक करना और उसे फिर से चोरी के बाद हासिल करना मुश्किल है. ये अपराध बड़े लोगों का नाम इस्तेमाल करके अंजाम दिए गए हैं. लेकिन वो सीधे तौर पर इससे पीड़ित नहीं हुए हैं. बिटक्वाइन का इस्तेमाल देश भर से और फ्लोरिडा से भी लोगों को ठगने में किया गया है."
वो बताते हैं कि,"वो सिर्फ़ 17 साल का है और हाल ही में हाई स्कूल पास किया है. लेकिन इसे जानकर कोई धोखा ना खाए. वो कोई सामान्य 17 साल का व्यक्ति नहीं है. इतने बड़े पैमाने पर इस तरह का हमला पहले नहीं देखा गया है."
उन्होंने बताया कि इन षड्यंत्रकारियों को फ्लोरिडा के न्याय प्रत्यर्पण विभाग, कैलिफोर्निया के उत्तरी ज़िलों के लिए नियुक्त अमरीकी अटॉर्नी, एफबीआई, आईआरएस और सिक्रेट सर्विस के संयुक्त प्रयास से ढूंढ निकाला गया है.
चूंकि नाबागिल फ्लोरिडा के टैम्पा में रहता है इसलिए उस पर हिल्सबोरो राज्य के अधिकारियों की ओर से कार्रवाई की जा रही है.
ट्विटन ने अपने बयान में कहा है, "इस मामले में हम कानून विभाग की कार्रवाइयों की सराहना करते हैं और आगे भी मामले में सहयोग बनाए रखेंगे. हम अपनी तरफ से पूरी तरह से पारदर्शिता बरतेंगे और नियमित तौर पर जानकारियाँ मुहैया कराते रहेंगे."
हैक करने के बाद ट्विटर ने कहा था कि हैकर्स ने कुछ ऐसे कर्मचारियों को निशाना बनाया है जिनके पास ट्विटर के इंटर्नल सिस्टम और टूल्स की ऐक्सेस था.
ट्विटर ने आगे बताया कि जब तक जांच चल रही है तब तक कंपनी के इंटर्नल सिस्टम और टूल्स के एक्सेस को प्रतिबंधित करने के लिए 'अहम कदम' उठाए गए हैं.
बीबीसी के साइबर सिक्योरिटी रिपोर्टर जो टाइडी के मुताबिक यह आम राय है कि ट्विटर के कर्मचारियों को फोन कॉल के जरिए फंसा कर निशाना बनाया गया है.
इसके ज़रिए दोस्ताना व्यवहार दिखाकर पीड़ित को अहम जानकारी देने पर मजबूर किया जाता है और फिर हैकर्स कंपनी के इंटरनल सिस्टम में सेंध लगा देते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)