You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
अमिताभ बच्चन का ट्विटर अकाउंट किसने हैक किया
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन का ट्विटर अकाउंट सोमवार की रात को हैक कर लिया गया. पाकिस्तान समर्थित तुर्की के टर्किश साइबर आर्मी 'अयिल्दिज़ टिम' ने इसकी ज़िम्मेदारी ली है.
अमिताभ के ट्विटर अकाउंट से तुर्की और पाकिस्तान से जुड़े संदेश पोस्ट किए गए.
हैकर्स ने अमिताभ के ट्विटर अकाउंट का प्रोफाइल-बायो भी बदल दिया. अमिताभ की प्रोफाइल फोटो की जगह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की तस्वीर लगा दी. साथ ही लिखा- एक्टर... चलो, कुछ लोग अब भी ऐसा कह रहे हैं. पाकिस्तान को प्यार.
अमिताभ बच्चन ट्विटर पर खासे सक्रिय रहते हैं और उनके 3.74 करोड़ फॉलोअर्स हैं.
हालाँकि बाद में अमिताभ का ट्विटर अकाउंट रिकवर कर लिया गया और हैकरों द्वारा किए गए सभी ट्वीट भी हटा दिए गए.
हैकर्स ने अमिताभ के अकाउंट से ट्वीट किया था, "ये पूरी दुनिया के लिए एक ज़रूरी संदेश है! हम तुर्की के फ़ुटबॉल खिलाड़ियों के प्रति आइसलैंड रिपब्लिक के रवैये की निंदा करते हैं. हम प्यार से बात करते हैं, लेकिन हम बड़ी सी छड़ी रखते हैं और आपको यहाँ बड़े साइबर हमले के बारे में बता रहे हैं. अयिल्दिज़ टिम टर्किश साइबर आर्मी.''
तुर्की की फ़ुटबॉल टीम पिछले दिनों यूरो 2020 का क्वालिफाइंग मैच खेलने आइसलैंड गई थी. वहाँ पहुँचने के बाद तुर्की के खिलाड़ियों की एयरपोर्ट पर गहन तलाशी ली गई थी.
अमिताभ बच्चन का ट्विटर अकाउंट हैक किए जाने के बारे में मुंबई पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि उन्होंने अपनी साइबर यूनिट और महाराष्ट्र साइबर टीम को जानकारी दी है. मामले की जाँच की जा रही है.
ये भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)