झांसी: पानी को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि तेज़ाब से हमला कर दिया, 30 से ज़्यादा लोग झुलसे

    • Author, समीरात्मज मिश्र
    • पदनाम, बीबीसी हिन्दी के लिए
  • प्रकाशित

उत्तर प्रदेश के झांसी ज़िले में दो पक्षों के बीच पानी भरने का विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर तेज़ाब से हमला कर दिया जिसमें तीस से ज़्यादा लोग झुलस गये.

इस घटना में पाँच लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को झांसी के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.

झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने बीबीसी को बताया कि मामले में छह अभियुक्तों के ख़िलाफ़ नामज़द मुक़दमा दर्ज किया गया जिनमें से दो लोगों की गिरफ़्तारी हो चुकी है.

एसएसपी दिनेश कुमार पी का कहना था कि "इस मामले में किसी भी दोषी को बख़्शा नहीं जायेगा. सभी को गिरफ़्तार कर जेल भेजा जाएगा."

झांसी ज़िले के उल्दन थाना स्थित बासार गाँव में मंगलवार की रात एक हैंड पंप पर पानी भरने को लेकर कुछ लोगों में विवाद हुआ था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़, राजेश सोनी नाम के एक व्यक्ति ने कुछ लोगों को हैंड पंप से पानी भरने से रोका, तो झड़प हो गई.

दोनों तरफ़ से भारी संख्या में लोग आमने-सामने आ गये और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई.

इस दौरान एक पक्ष के कुछ लोगों ने छत पर चढ़कर दूसरे पक्ष पर तेज़ाब फेंक दिया जिससे कई लोग झुलस गए.

ज़ेवर साफ़ करने वाले केमिकल का इस्तेमाल

घटना के बारे में झांसी के नगर पुलिस अधीक्षक राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि "दोनों पक्षों में पानी भरने के विवाद के बाद एक पक्ष जो सोने-चांदी का काम करता है, उसने छत पर चढ़कर ज़ेवर साफ़ करने वाला केमिकल दूसरे पक्ष के लोगों पर फेंक दिया. पुलिस की ओर से घायल पक्ष के लोगों को उपचार के लिए भेज दिया गया है और पीड़ित पक्ष की तहरीर पर छह लोगों के ख़िलाफ़ केस दर्ज कर चार लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया है. बाक़ी लोगों की तलाश की जा रही है."

घटना के बाद गाँव में तनाव बढ़ गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया.

हालांकि पुलिस का दावा है कि अब स्थिति शांतिपूर्ण है, लेकिन पुलिस बल की तैनाती बनी हुई है.

तेज़ाब के इस कथित हमले में कुछ ऐसे लोग भी घायल हो गये जिनका विवाद से कोई वास्ता नहीं था, बल्कि वो विवाद होता देख वहाँ दोनों पक्षों को समझाने के लिए गये थे.

घायलों में कई महिलाएं भी शामिल हैं. ज़्यादातर लोगों के चेहरे और हाथ पर तेज़ाब पड़ा है.

हरगोविंद नाम के एक घायल व्यक्ति का कहना था, "हमारे मोहल्ले में पानी की कोई सुविधा नहीं है. यहाँ पर सबमर्सिबल लगा था. हम लोग यहाँ पानी लेने आये थे. ये लोग पानी लेने से मना करने लगे और फिर तेज़ाब फेंक दिया गया."

ग्रामीणों के मुताबिक़, गाँव में दो हैंडपंप लगे हैं जिनमें सबमर्सिबल लगाकर पानी भरा जाता है.

बुधवार की रात बिजली नहीं आने से सबमर्सिबल नहीं चल रहा था. इसके बाद एक पक्ष के लोग हैंड पंप से पानी भरने आये. मौक़े पर ही दोनों पक्षों में जमकर वाद विवाद हुआ. इसके बाद सैकड़ों की तादाद में ग्रामीणों ने एक घर को घेर लिया.

एक प्रत्यक्षदर्शी ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया, "जब दूसरे पक्ष के लोगों ने चारों ओर से इन्हें घेर लिया तो राजेश सोनी और उनके परिजन अपनी छतों पर चढ़ गए और वहाँ से उन्होंने एसिड फेंक दिया. एसिड फेंकने के बाद भगदड़ मच गई और जिनके ऊपर भी एसिड पड़ा, वो झुलस गए."

घटना की सूचना गाँव के ही कुछ लोगों ने पुलिस को दी.

मौक़े पर पहुंची पुलिस ने एसिड अटैक में घायल ग्रामीणों को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा. पाँच ग्रामीणों की आँख पर तेज़ाब पड़ने से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. कुछ लोगों की आँख में भी तेज़ाब चला गया है. कुछ बच्चे भी इस हमले में घायल हुए हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)