कश्मीर सरकार ने मेरी रिहाई के बारे में सुप्रीम कोर्ट से झूठ बोला: सैफ़ुद्दीन सोज़-प्रेस रिव्यू

प्रकाशित

कश्मीर में कांग्रेस नेता सैफ़ुद्दीन सोज़ ने कहा है कि प्रशासन ने उनकी 'रिहाई' के बारे में सुप्रीम कोर्ट ने 'सरासर झूठ' बोला है.

दरअसल, सोज़ ने ग़ैरक़ानूनी 'नज़रबंदी' के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी लेकिन अदालत ने यह कहते हुए इसे ख़ारिज़ कर दिया कि उन पर कोई पाबंदी नहीं है.

सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा था कि सोज़ पर किसी तरह की पाबंदी नहीं है और अदालत ने इस दावे को स्वीकर किया था.

लेकिन इसके ठीक एक दिन बाद सरकार के दावे के ठीक उलट स्थिति देखने को मिली. कांग्रेस नेता ने गुरुवार को जैसे ही श्रीनगर स्थित अपने घर से बाहर निकलने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें रोक लिया.

कुछ पत्रकार भी इस मौके पर वहां मौजूद थे और उनकी मौजूदगी में ही पुलिस 83 वर्षीय सोज़ को घर के अंदर भेज दिया.

इसके बाद सैफ़ुद्दीन सोज़ ने अपने घर के अंदर ही, दीवार और कटींले तारों के पीछे से पत्रकारों से बात की. उनका दावा है कि बुधवार को भी, सुप्रीम कोर्ट के याचिका ख़ारिज किए जाने के थोड़ी ही देर बाद उन्होंने घर से निकलने की कोशिश की थी लेकिन उन्हें रोक दिया गया.

सोज़ ने अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि वो इस 'ग़ैरक़ानूनी नज़रबंदी' के ख़िलाफ़ फिर से सुप्रीम कोर्ट जाएंगे.

उन्होंने कहा, "कश्मीर सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि मैं आज़ाद हूं. लेकिन मैं आज़ाद नहीं हूं. पांच अगस्त, 2019 से लेकर अब तक मैं अपने घर में ही क़ैद हूं. अगर ऐसा नहीं है तो मुझे बाहर जाने से क्यों रोका जा रहा है?"

कोरोना: सबसे ज़्यादा मौतों के मामले में भारत पांचवे नंबर पर

कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों के मामले में भारत अब दुनिया में पांचवें नंबर पर आ गया है. देश में अब तक 35,132 लोग संक्रमण की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं.

गुरुवार को भारत में कोविड-19 के 54 हज़ार से ज़्यादा नए मामले दर्ज किए हैं और 786 लोगों की मौत हुई. इन आंकड़ों के साथ ही भारत अब कोरोना संक्रमण से सबसे ज़्यादा मौतों के मामले में दुनिया में पांचवें नंबर पर पहुंच गया है.

गुरुवार रात तक भारत में कोविड-19 की वजह से कुल 35,132 लोगों की मौत हो चुकी थी. इनमें से 18,356 मौतें अकेले जुलाई में हुई हैं.

अब भारत में संक्रमण के कुल मामले 16 लाख से ज़्यादा हो गए हैं. यह ख़बर टाइम्स ऑफ़ इंडिया ने प्रमुखता से प्रकाशित की है.

अभी पूरी तरह पीछे नहीं हटे चीनी सैनिक: भारत

पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर शांति स्थापित करने के प्रयासों के तहत भारत और चीन के सैनिकों के पीछे हटने के बारे में भारत ने कहा है कि इसमें कुछ प्रगति ज़रूर हुई है लेकिन यह प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है.

भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह बात पिछले दिनों आए चीन के उस बयान के बाद कही जिसमें दावा किया गया था कि दोनों देशों के सैनिकों के पीछे हटने की प्रक्रिया एलएसी के ज़्यादातर जगहों पर पूरी हो गई है.

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने चीन के इस दावे पर कहा, "एलएसी पर तनाव वाले क्षेत्रों से भारत और चीन के सैनिकों को हटाने की दिशा में कुछ प्रगति ज़रूर हुई है लेकिन यह प्रक्रियी अभी पूरी नहीं हुई है. दोनों देशों की सेनाओं के कोर कमांडर निकट भविष्य में बैठक करेंगे ताकि पीछे हटने की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की जा सके."

दो दिन पहले आई ख़बरों में चीन ने कहा था कि एलएसी पर ज़मीनी हालात सामान्य हो गए हैं और सैनिक ज़्यादातर जगहों से पीछे हट गए हैं. इस रिपोर्ट को इंडियन एक्सप्रेस ने फ़्रंट पेज पर जगह दी है.

बिहार पुलिस ने की सुशांत के बैंक खातों की छानबीन

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या के मामले में जांच के लिए मुंबई पहुंची बिहार पुलिस ने गुरुवार को उनके बैंक खातों की छानबीन की.

जनसत्ता में छपी ख़बर के अनुसार बिहार पुलिस ने गुरुवार को सुशांत के वित्तीय लेनदेन और बैंक खातों की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

क्राइम ब्रांच (मुंबई पुलिस) के अधिकार ने बताया कि बिहार पुलिस की एक टीम सुशांत की गर्लफ़्रेंड रही रिया चक्रवर्ती के घर समेत कई जगहों पर गया लेकिन रिया कहीं नहीं मिलीं.

वहीं, रिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर सुशांत के पिता की एफ़आईआर को जांच के लिए मुंबई पुलिस को भेजने की अपील की है.

सुशांत के पिता ने पटना में दर्ज़ कराई गई अपनी एफ़आईआर में कहा है कि रिया चक्रवर्ती ने उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाया था.

सुप्रीम कोर्ट ने सुशांत की मौत की जांच को सीबीआई को सौंपने के लिए फ़िलहाल इनकार किया है. सुशांत सिंह राजपूत का शव 14 जून को मुंबई में बांद्रा स्थित उनके घर में मिला था.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)