आरबीआई के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल ने मोदी सरकार की आलोचना क्यों की: प्रेस रिव्यू

प्रकाशित

भारतीय रिज़र्व बैंक के पूर्व गवर्नर उर्जित पटेल ने अपनी नई किताब 'ओवरड्राफ़्ट: सेविंग द इंडियन सेवर' की रिलीज़ के दौरान बैंकरप्सी क़ानून के नियमों में ढील दिए जाने पर केंद्र सरकार की आलोचना की है.

अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, उर्जित पटेल ने कहा है कि केंद्र सरकार ने इंसॉल्वेंसी और बेंकरप्सी क़ानून के नियमों में ढील दी और केंद्रीय बैंक की शक्तियों में भी कमी की है जिससे एनपीए की समस्या को हल करने के लिए साल 2014 से जो कोशिशें की गई थीं, उन पर नकारात्मक असर पड़ा है.

वहीं, हिंदी दैनिक जनसत्ता ने भी इस ख़बर को प्रमुखता से छापा है.

सितंबर 2016 से लेकर दिसंबर 2018 तक RBI के गवर्नर पद पर रहे उर्जित पटेल ने बताया कि आरबीआई चाहता था कि बैंकरप्सी क़ानून को सख़्त बनाया जाए ताकि भविष्य में जो कंपनियां डिफ़ॉल्ट करने की फ़िराक़ में हों उन्हें सबक़ मिले.

फ़रवरी 2018 में आरबीआई की तरफ़ से एक सर्कुलर जारी किया गया था. इसमें कहा गया था कि जो भी लेनदार राशि नहीं चुका रहा है उन्हें डिफ़ॉल्टर्स की लिस्ट में डाला जाए. इसके अलावा सर्कुलर में यह भी कहा गया था कि जो कंपनी डिफ़ॉल्ट कर जाएगी उसके प्रमोटर इनसॉल्वेंसी ऑक्शन के दौरान कंपनी में हिस्सेदारी बायबैक नहीं कर सकते हैं. सरकार की इस पर राय जुदा थी. सरकार इस बात से सहमत नहीं थी.

उन्होंने बताया कि सर्कुलर के आने तक उनकी और सरकार की राय एक थी, उनकी वित्त मंत्री से बातचीत भी होती थी लेकिन इस सर्कुलर के आने के बाद उनकी और सरकार की राय जुदा हो गई. उन्होंने बताया कि सरकार चाहती थी कि बैंक अपना सर्कुलर वापस ले ले लेकिन बैंक ने ऐसा करने से इंकार कर दिया था.

इसराइल ने कहा, चीन के साथ सीमा विवाद में करेंगे भारत की मदद

इसराइल सरकार ने लद्दाख़ में चीन के साथ जारी सीमा विवाद में भारत की हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है.

अंग्रेजी अख़बार इकोनॉमिक टाइम्स में प्रकाशित इस ख़बर के मुताबिक़, भारतीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इसराइल के रक्षामंत्री लेफ़्टिनेट जनरल बेन्यामिन गेंट्ज़ के साथ बात की है जिसमें लद्दाख़ सीमा विवाद को लेकर भी बातचीत हुई.

भारत और चीन के बीच जारी डिसइंगेज़मेंट प्रक्रिया पैंगोग झील क्षेत्र में रुक गई है. हालांकि, पट्रोल प्वॉइंट 15 पर चीनी सेना पीछे हट गई है.

इसराइल के रक्षा मंत्री लेफ़्टिनेट जनरल बेन्यामिन गेंट्ज़ के साथ इस बातचीत में राजनाथ सिंह ने इसराइली डिफेंस कंपनियों को भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर हथियार एवं सैन्य साजो-सामान बनाने की बात भी कही.

इस बातचीत का मुख्य एजेंडा वर्तमान रक्षा उपकरणों की जुड़े समझौतों को अमल में लाया जाना और दोनों देशों के बीच रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को बढ़ाना था.

इसी मुद्दे को अंग्रेजी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस ने भी प्रमुखता से छापा है.

ख़बर कहती है कि पहले चीनी सेना पैंगोंग झील क्षेत्र और पट्रोल प्वॉइंट 17 से पीछे हटने के लिए तैयार नहीं थी लेकिन शुक्रवार को दोनों देशों के राजनयिकों के बीच हुई बातचीत में दोनों पक्ष जल्द और पूरी तरह डिसइंगेजमेंट पर सहमत हो गए हैं.

बीजिंग में चीनी विदेश मंत्रालय ने इस वर्चुअल बातचीत पर कहा है कि दोनों पक्षों ने सीमा पर दोनों देशों की सेनाओं के बीच दूरी बढ़ने की प्रक्रिया में सकारात्मक प्रगति की पुष्टि की है.

इसके साथ ही ये भी कहा है कि दोनों पक्ष सैन्य और राजनयिक स्तर पर संवाद की प्रक्रिया जारी रखते हुए शांति की ओर बढ़ेंगे.

कानपुर अपहरण कांड में दस पुलिसकर्मी निलंबित

उत्तर प्रदेश सरकार ने कानपुर में एक लैब टेक्नीशियन 27 वर्षीय संजीत राय के अपहरण और हत्या के मामले में बर्रा पुलिस स्टेशन के आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही कानपुर दक्षिण की एएसपी अपर्णा गुप्ता, डीप्टी एसपी मनोज गुप्ता को भी निलंबित कर दिया गया है.

अंग्रेजी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, इसी मामले में एक हफ़्ते पहले एसएचओ रंजीत राय को सस्पेंड किया गया था.

इस मामले में संजीत राय के परिवार का दावा है कि उन्होंने कथित रूप से कहने पर पुलिस के कहने पर 30 लाख रुपये की फ़िरौती दी है.

हालांकि, पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस मामले में अब तक की जांच में सामने आया है कि पीड़ित परिवार ने किसी तरह की फ़िरौती नहीं दी है.

सुशांत सिंह राजपूत पर बोले अनुराग कश्यप

फ़िल्म निर्देशक अनुराग कश्यप ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत पर बात करते हुए कहा है कि उन्होंने सुशांत सिंह को दो फ़िल्में ऑफ़र की थीं लेकिन उन्होंने वो फ़िल्में करने से मना कर दिया.

नवभारत टाइम्स में छपी ख़बर के मुताबिक़, अनुराग कश्यप ने सुशांत सिंह राजपूत को हंसी तो फंसी समेत दो फ़िल्में ऑफ़र की थीं लेकिन उन्होंने बड़े बैनरों के लिए दोनों फ़िल्में छोड़ दीं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)