चीन के साथ तनाव पर अमरीका ने भारत की तारीफ़ की, चीनी रुख़ को बताया आक्रामक- प्रेस रिव्यू

प्रकाशित

अमरीकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने भारत-चीन तनाव पर खुलकर भारत के रवैए की सराहना की है और चीन के रवैए को आक्रामक बताया है. अख़बार इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार अमरीकी विदेश मंत्री ने ये भी बताया कि उनकी इस बारे में भारतीय विदेश मंत्री से कई बार बात हुई है.

वाशिंगटन में पत्रकारों ने जब पॉम्पियो से भारत-चीन तनाव के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, "मैंने विदेश मंत्री जयशंकर से इस बारे में कई बार बात की है. चीन ने बहुत ही ज़्यादा आक्रामक कार्रवाई की, भारत ने अपनी ओर से यथासंभव बेहतर जवाब दिया."

अख़बार के अनुसार पॉम्पियो और जयशंकर के बीच मार्च से लेकर कम-से-कम तीन बार फ़ोन पर बात हुई है लेकिन जून के आख़िर में हुई बातचीत गलवान घाटी में हुए संघर्ष के बाद पहली बार हुई बातचीत थी.

जून में हुई बातचीत को रणनीतिक कारणों से सार्वजनिक नहीं किया गया क्योंकि 22 और 24 जून को भारत-चीन के पक्षों में बातचीत हो रही थी.

रोहिंग्या शरणार्थियों की शीघ्र वापसी का भारत ने समर्थन किया

बांग्लादेश ने दावा किया है भारत, म्यांमार में रोहिंग्या शरणार्थियों की शीघ्र वापसी समर्थन करता है. बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके कहा कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विदेश मंत्री एके अब्दुल मोमेन को एक पत्र लिखा था, जिससे यह स्पष्ट होता है.

द हिंदू अख़बार ने इस ख़बर को प्रकाशित किया है.

हालांकि इस पत्र के मुताबिक़ डॉ. जयशंकर ने कहा है कि भारत इस मामले की गंभीरता को समझता है और विस्थापितों की जल्दी, सुरक्षित और स्थायी वापसी सभी के हित में है.

टाटा सन्स भारी छूट के साथ एयर एशिया इंडिया में क्या ले सकेगा हिस्सेदारी?

टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा सन्स एयर एशिया इंडिया में हिस्सेदारी ख़रीदने के लिए पूरी तरह से मैदान में उतर चुकी है. हालांकि अभी तक टाटा सन्स के अलावा कोई और कंपनी मैदान में नज़र नहीं आ रही है. यह ख़बर बिज़नेस स्टैंडर्ड ने प्रकाशित की है.

बैंकिंग सूत्रों के हवाले से अख़बार लिखता है कि टाटा समूह अन्य वित्तीय निवेशकों के साथ गठजोड़ करने की कोशिश कर सकता है. टाटा, एयरलाइन्स में 51 फ़ीसदी का मालिक है.

सैनिकों के लिए बैन हुआ सोशल मीडिया

भारतीय सेना में सभी अफ़सरों और जवानों को अपना फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट करना होगा. सेना ने इसके लिए 15 जुलाई तक की तारीख़ तय की है. इसके बाद इस बात की जाँच होगी कि अकाउंट्स डिलीट हुए या नहीं.

यह ख़बर नवभारत टाइम्स ने प्रकाशित की है.

अगर 15 जुलाई के बाद भी फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट रहता है तो संबंधित यूनिट इसकी जानकारी देगी और फिर इंटेलिजेंस इसकी जाँच करेगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)