You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ईरान में पावर प्लांट में लगी आग, किसी से हताहत होने की ख़बर नहीं- आज की बड़ी ख़बरें
ईरान से मिल रही रिपोर्ट्स के मुताबिक़ देश के दक्षिणी हिस्से में एक पावर प्लांट में आग लगने की घटना सामने आई है.
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में सामने आया है जिसमें अहवाज़ शहर में मौजूद मेधाज ज़रगान पावर प्लांट से काले धुएँ का ग़ुबार निकलता दिख रहा है.
इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की कोई ख़बर सामने नहीं आई है.
हाल में दिनों में ईरान में कई हादसों की ख़बर है. कुछ ही दिन पहले ईरान के नतान्ज़ स्थित भूमिगत परमाणु संयंत्र में एक धमाका हुआ था और आग लग गई थी.
ईरान के अधिकारियों का कहना है कि इस घटना के पीछे साइबर हमला हो सकता है. सालों पहले ईरान का ये परमाणु संयंत्र साइबर हमले के निशाने पर रह चुका है.
हालांकि बीबीसी को एक अज्ञात समूह ने ये जानकारी दी है कि घटना को उन्होंने अंजाम दिया है.
इससे पहले इसी सप्ताह मंगलवार यानी 30 जून को तेहरान के उत्तर में मौजूद एक मेडिकल क्लीनिक में धमाका हुआ था जिसमें 19 लोगों की मौत हुई थी.
अधिकारियों के अनुसार इस हादसे की वजह गैस लीक था.
वहीं जून 26 को तेहरान के पूर्व में मौजूद पारचिन सैन्य अड्डे में एक धमाका हुआ था. इस सैन्य अड्डे में सेना के लिए हथियार बनाने का काम किया जाता है.
अधिकारियों के अनुसार अड्डे के बाहर मौजूद गैस स्टोरेज से गैस लीक होने के कारण ये हादसा हुआ.
भारत-चीन तनाव पर जापान की दो टूक
जापान ने चीन के साथ सीमा पर जारी तनाव में भारत का समर्थन किया है. जापान ने स्पष्ट रूप से कहा है कि भारत-चीन सीमा पर यथास्थिति से छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए.
भारत के विदेश सचिव हर्ष वर्धन श्रृंगला ने भारत में जापान के राजदूत से बातचीत की.
जापान के राजदूत सतोषी सुज़ुकी ने इसके बाद ट्वीट कर कहा, ''भारत के विदेश सचिव श्रृंगला से अच्छी बातचीत हुई. एलएसी पर हालात की जानकारी देने और भारत सरकार की सीमा पर शांति पूर्ण समाधान की कोशिश के लिए मैं उसकी प्रशंसा करता हूं. जापान उम्मीद करता है कि संवाद के ज़रिए सीमा विवाद का समाधान हो जाएगा. जापान सीमा पर यथास्थिति में एकतरफ़ा बदलाव का विरोध करता है.''
जापान पूर्वी एशिया में भारत का सबसे अहम रणनीतिक साझेदार है. इसके साथ ही जापान एशिया प्रशांत क्षेत्र में अमरीका, ऑस्ट्रेलिया और भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी में भी शामिल है.
जापान, अमरीका, ऑस्ट्रेलिया के अलावा यूरोप के कई देश चीन के हाल में उठाए गए क़दमों का खुलकर विरोध कर रहे हैं.
हाल के दिनों में भारत के विदेश सचिव ने फ़्रांस, जर्मनी, अमरीका और रूस के प्रतिनिधियों से भी बात की है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)