कोरोना: कल से चलेंगी 15 एसी ट्रेनें, किराया राजधानी के बराबर, आज से बुकिंग शुरू -प्रेस रिव्यू

प्रकाशित

भारतीय रेल मंत्रालय ने 12 मई से एक बार फिर ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है. शुरुआती चरण में सिर्फ़ 15 ट्रेनें चलाई जाएंगी.

कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने ट्रेनों के संचालन पर रोक लगा दी थी. अब करीब 50 दिन बाद ट्रेनों को दोबारा चलाया जा रहा है.

द हिंदू में छपी रिपोर्ट में रेलवे के प्रवक्ता के हवाले से लिखा गया है कि ये सभी 15 ट्रेनें एसी कोच होंगी और इनका किराया राजधानी ट्रेनों के बराबर होगा.

ये रेलगाड़ियां नई दिल्ली से पटना, रांची, हावड़ा, डिब्रूगढ़, अगरतला, बिलासपुर, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तिरुअनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू तवी का सफ़र तय करेंगी.

इन ट्रेनों के लिए टिकट की बुकिंग 11 मई को शाम चार बजे से शुरू होगी. टिकट केवल आईआरसीटीसी की वेबसाइट से लिए जा सकेंगे.

इसके बाद चरणबद्ध तरीके से रेलवे और भी ट्रेनें चलाएगा.

भारतीय और चीनी सैनिक लद्दाख-सिक्किम में आमने-सामने

भारत और चीन के सैनिकों के बीच दो सीमाओं पर झड़प की ख़बरें हैं. यह घटना बीते सप्ताह की बताई जा रही है. इसमें कई सैनिकों के घायल भी हुए हैं.

द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, पहली घटना पांच मई को पूर्वी लद्दाख में हुई जबकि दूसरी घटना 9 मई को सिक्किम के नाकु-ला में हुई.

अख़बार ने सेना के सूत्रों के हवाले से लिखा, "दोनों देशों के सैनिकों में आमने-सामने से टकराव की घटना हुई है. दोनों तरफ के सैनिकों को हल्की चोटें आई हैं."

सिक्किम में हुई घटना में चार भारतीय सैनिकों और सात चीनी सैनिकों के जख़्मी होने की ख़बर है.

कोरोना लॉकडाउन: 54 दिनों से एयरपोर्ट में रह रहा है विदेशी नागरिक

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 40 वर्षीय जर्मन नागरिक बीते 54 दिनों से रह रहा है. साल 2004 में आई फ़िल्म 'द टर्मिनल' के मुख्य किरदार से इस जर्मन नागरिक की कहानी काफ़ी मिलती-जुलती है.

हिंदुस्तान टाइम्स की एक विशेष रिपोर्ट के मुताबिक, जर्मन नागरिक एडगार्ड ज़ीबट एयरपोर्ट के ट्रांजिट एरिया में रह रहे हैं. वो 18 मार्च को हनोई से इस्तांबुल जा रहे थे. इसी दिन भारत ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिहाज से तुर्की से जुड़ी सभी उड़ानें रद्द कर दी थीं. इसके चार दिन बाद भारत ने सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगा दी और 25 मार्च से देशभर में लॉकडाउन लागू कर दिया जो अब भी चल रहा है.

एयरपोर्ट पर ज़ीबट के अलावा बाकी यात्री भी थे. लेकिन उनके लिए स्थिति थोड़ी ज़्यादा बिगड़ी है. दरअसल अपने देश में उनका आपराधिक रिकॉर्ड है.

अख़बार ने दो सिक्योरिटी अधिकारियों के हवाले से लिखा कि आपराधिक रिकॉर्ड होने और विदेश में होने की वजह से उनके अपने देश ने फिलहाल उनकी कस्टडी लेने से मना कर दिया है. वहीं भारत ने आपराधिक रिकॉर्ड की वजह से उन्हें वीज़ा नहीं दिया.

बॉयज लॉकर रूम और रेप चैट की जांच में नया ट्विस्ट

सोशल मीडिया पर स्कूली छात्रों के बीच अश्लील चैट की जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है. साइबर सेल यूनिट का दावा है कि रेप की चैट बॉयज लॉकर रूम का हिस्सा नहीं है. यह चैट एक नाबालिग लड़की ने लड़के के नाम से फ़र्जी प्रोफ़ाइल बनाकर अपने दोस्त के साथ की थी.

हिंदुस्तान अख़बार ने अपनी एक रिपोर्ट में डीसीपी अनेश राय के हवाले से बताया कि सोशल मीडिया पर बॉयज लॉकर रूम के नाम से जो भी अश्लील कमेंट और रेप चैट के स्क्रीनशॉट वायरल हुए थे, वह दो नाबालिगों के बीच की बातचीत थी. इसमें एक नाबालिग लड़की अपने दोस्त से रेप करने जैसी चैट कर रही थी ताकि वह उसके चरित्र का पता लगा सके.

अख़बार के मुताबिक पुलिस ने सिद्धार्थ के नाम से फ़ेक आईडी बनाकर चैट करने वाली लड़की और उसके नाबालिग दोस्त दोनों से अलग-अलग पूछताछ की. लड़के ने पुलिस को बताया कि रेप वाली चैट के बाद उसने बात करना बंद कर दिया था.

हालांकि पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या वाकई लड़के ने चैट बंद कर दी थी या फिर अपने बचाव में चैट डिलीट कर दी थी.

घर में मेहमान आए तो कटेगी बिजली-पानी की सप्लाई

गाजियाबाद में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) ने कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए एक कड़ा फैसला लिया है. एसोसिएशन के मुताबिक, अगर सोसायटी में रहने वाला कोई भी शख़्स बाहर से किसी को अपने यहां लाता है तो उस पर 11 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. और जब तक जुर्माना नहीं भरा जाएगा तब तक उस घर की बिजली और पानी की सप्लाई रोक दी जाएगी.

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राजनगर एक्सटेंशन में एक सोसायटी में नोटिस लगाया गया है जिस पर लिखा है- ''सोसायटी में बाहरी लोगों का आना मना है. जैसा कि आप जानते हैं कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और राजनगर एक्सटेंशन में बीते 20 दिनों में तीन सोसायटी सील की जा चुकी हैं. आप से अनुरोध है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को सोसायटी में न लाएं और न ही सिक्योरिटी गार्ड से इसे लेकर बहस करें. नियम तोड़ने वालों के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई ही जाएगी.''

नोटिस में यह चेतावनी भी दी गई है कि अगर कोई भी व्यक्ति किसी बाहरी को घर में लाता है तो उस पर 11 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. यह राशि पीएम-केयर्स फंड में जमा कराई जाएगी. जब तक यह राशि जमा नहीं होती उस घर की बिजली और पानी की सप्लाई रोक दी जाएगी.

इस नोटिस से सोसायटी में रहने वाले कई लोग नाराज भी हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)