कोरोना वायरस: भारत में संक्रमित लोगों की संख्या 114 पहुंची - प्रेस रिव्यू

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 114 हो चुकी है.

अंग्रेजी अख़बार द हिंदू के मुताबिक़, बीती रात स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि भारत में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 110 हो चुकी है.

लेकिन राज्यों से मिली सूचनाओं के मुताबिक़, राज्यों में कोरोनावायरस से कुछ और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि के बाद ये आंकड़ा 114 तक पहुंच गया है.

इस ख़बर के मुताबिक़, उत्तराखंड में कोरोनावायरस से एक व्यक्ति के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.

वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दुनिया भर में कोरोना वायरस से अब तक 5746 लोगों की मौत हो चुकी है और ये घातक वायरस 146 देशों को अपनी चपेट में ले चुका है.

यूरोपीय देश इटली में कोरोनावायरस की वजह से बीते 24 घंटों में 368 लोगों की मौत हो चुकी है.

कांग्रेस के चार विधायकों ने दिए इस्तीफ़े

राज्य सभा चुनाव से ठीक पहले गुजरात में कांग्रेस के चार विधायकों ने पार्टी से अपने इस्तीफ़े दे दिए हैं.

हिंदी अख़बार अमर उजाला की ख़बर के मुताबिक़, कांग्रेस के चार विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी को अपने इस्तीफ़े सौंप दिए हैं. इसके बाद गुजरात विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या 69 हो गई है.

कांग्रेस ने ये मामला सामने आने से पहले अपने कुछ विधायकों को राजस्थान के जयपुर भेज दिया था ताकि विधायकों की खरीद-फरोख़्त न की जा सके.

कोरोना आपात कोष का सुझाव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्क देशों के राष्ट्राध्यक्षों से बात करके कोरोना वायरस के साथ संयुक्त संघर्ष के लिए एक कोष के गठन का ऐलान किया है.

हिंदी अख़बार जनसत्ता के मुताबिक़, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए हुई इस बातचीत में मोदी ने कहा कि इस कोष के लिए सभी देश स्वेच्छा से दान कर सकते हैं.

उन्होंने कहा कि भारत इसके लिए एक करोड़ अमरीकी डॉलर (74 करोड़ रुपये) की शुरुआती पेशकश कर रहा है जिसका इस्तेमाल सभी सार्क देश कोरोना वायरस से लड़ने के लिए कर सकते हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि हम इस समस्या का सामना साथ मिलजुल कर बेहतर ढंग से कर सकते हैं, न कि दूर दूर रहकर.

शेयर बाज़ार में जारी रहेगी हलचल

बीते दिनों यूरोपीय देशों और अमरीका में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ने के बाद दुनिया भर के शेयर बाज़ारों में बिकवाली का दौर देखा गया है.

अंग्रेजी अख़बार इकॉनोमिक टाइम्स में छपी ख़बर के मुताबिक़, शेयर बाज़ार और मुद्रा बाज़ार में आने वाले दिनों में भी हलचल जारी रहेगी, ख़ास कर तब तक जब तक कि यूरोप और दुनिया के दूसरे देशों में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में संख्या में कमी नहीं आती है.

फ़ैज की कविता विवाद पर जांच रिपोर्ट

कानपुर आईआईटी में कुछ समय पहले कवि और शायर फैज़ अहमद फ़ैज की कविता पाठ पर विवाद खड़ा हो गया था.

अंग्रेजी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस में छपी ख़बर के मुताबिक़, कानपुर आईआईटी की ओर से बनाई गई जांच समिति की रिपोर्ट इस विवाद की जांच के बाद इस नतीज़े पर पहुंची है कि बीते साल सीएए का विरोध कर रहे छात्रों की ओर से फ़ैज अहमद फ़ैज की कविता जगह और समय के लिहाज़ से उपयुक्त नहीं था.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)