You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
राणा कपूर की बेटी को लंदन जाने से रोका गयाः पाँच बड़ी ख़बरें
यस बैंक के संस्थापक राणा कपूर के परिवार के ख़िलाफ़ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है. जिसके बाद राणा कपूर की बेटी रोशनी कपूर को लंदन जाने से रोक दिया गया.
रोशनी कपूर मुंबई एयरपोर्ट से लंदन जा रहीं थीं लेकिन उन्हें एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया.
इससे पहले प्रवर्तन निदेशाल ने राणा कपूर पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ़्तार किया था. राणा कपूर को ईडी ने 11 मार्च तक अपनी हिरासत में रखने की बात कही है.
यस बैंक के वित्तीय संकट को देखते हुए रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने इसके बोर्ड का संचालन अपने हाथों में लेते हुए इससे महीने में 50 हज़ार रुपये तक की ही निकासी की सीमा तय कर दी थी.
सरकार ने इस संकट को दूर करने के लिए क़वायद भी शुरू कर दी है. माना जा रहा है कि एसबीआई बैंक यस बैंक में निवेश कर सकता है.
सीवीसी की नियुक्ति पर सवाल
केंद्र सरकार और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस सीवीसी के मुद्दे पर आमने-सामने हो गए हैं.
मुख्य सतर्कता आयुक्त (सीवीसी) और सतर्कता आयुक्त (वीसी) की नियुक्ति पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है.
अधीर रंजन चौधरी ने दोनों नियुक्तियों के बारे में फिर से विचार करने को कहा है. पत्र में अधीर रंजन चौधरी ने लिखा है कि संजय कोठारी ने सीवीसी या वीसी पद के लिए आवेदन तक नहीं किया था और ना ही उनके नाम पर सर्च कमेटी ने विचार किया था, ना ही किसी ने सुझाव दिया था.
केंद्र सरकार ने फ़रवरी में यह ऐलान किया था कि राष्ट्रपति के सचिव संजय कोठारी अगले सीवीसी होंगे. जबकि कांग्रेस लगातार इसका विरोध कर रही है.
कांग्रेस सरकार के ग़ायब विधायक आए सामने
मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार को समर्थन देने वाले चार ग़ायब विधायकों में एक बिसाहूलाल सिंह रविवार को सामने आ गए.
भोपाल आने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर सीएम कमलनाथ से मुलाक़ात की.
बिसाहूलाल सिंह बेंगलूरू में थे, जहां से उन्होंने भोपाल के लिए फ्लाइट ली, इस दौरान उनके साथ मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल भी मौजूद थे.
इससे पहले ग़ायब विधायकों में से एक सुरेंद्र सिंह शेरा शनिवार को वापस लौट आए थे और कहा कि वह अब भी कांग्रेस के पक्ष में हैं.
कोरोना वायरसः इटली में एक ही दिन में 100 से ज़्यादा की मौत
इटली में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 366 हो चुकी है. अधिकारियों के मुताबिक़ वहां पिछले 24 घंटों में 133 लोगों की मौत हुई है.
इटली में कोरोना वायरस से संक्रमण को रोकने के लिए एक करोड़ 60 लाख लोगों को अपनी जगह पर रुके रहने के लिए कहा गया है.
सरकार के आदेश के अनुसार लोम्बार्डी और 14 अन्य प्रांतों के लोगों को अब यात्रा करने के लिए इजाज़त लेनी होगी.
लोम्बार्डी प्रांत की आबादी एक करोड़ के क़रीब है. नए प्रतिबंधों की वजह से लोग न तो लोम्बार्डी में दाख़िल हो सकेंगे और न ही वहां से बाहर निकल सकेंगे.
इटली में जिस तरह से कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए कड़े क़दम उठाए गए हैं, उसके दायरे में देश की एक चौथाई आबादी आ गई है.
रणजी ट्रॉफ़ी का फ़ाइनल आज से शुरू
सोमवार से घरेलू क्रिकेट के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफ़ी का फ़ाइनल मैच खेला जाएगा. यह मुक़ाबला सौराष्ट्र और बंगाल की टीमों के बीच खेला जाएगा.
एक तरफ़ जहां सौराष्ट्र चौथी बार इस टूर्नामेंट के फ़ाइनल में पहुंची है लेकिन एक बार भी ट्रॉफ़ी अपने नाम नहीं कर सकी, वहीं बंगाल की टीम भी 30 साल बाद एक बार फिर चैंपियन बनना चाहेगी. बंगाल ने आख़िरी बार 1989-90 में यह ट्रॉफ़ी अपने नाम की थी.
सौराष्ट्र को घरेलू हालात का फ़ायदा मिल सकता है. सौराष्ट्र टीम की कमान तेज़ गेंदबाज़ जयदेव उनादकट के हाथों, जिनका प्रदर्शन इस सत्र में बेहतरीन रहा है. वहीं दूसरी तरफ़ बंगाल की कमान अभिमन्यु ईश्वरन के हाथों में है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)