धर्मेंद्र का HE MAN रेस्टोरेंट हुआ सीलः प्रेस रिव्यू

इमेज स्रोत, TWITTER/ DHARMENDRA DEOL
हिंदी फिल्मों के जानेमाने अभिनेता धर्मेंद्र के रेस्टोरेंट 'HE MAN' (ही मैन) को सील कर दिया गया है. यह रेस्टोरेंट 14 फ़रवरी को वैलेंटाइन डे के दिन खोला गया था.
इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित समाचार में बताया गया है कि हरियाणा के करनाल नगर निगम ने रेस्टोरेंट में निर्माण संबंधी कमियां पाईं, जिसके बाद इसे सील करने का आदेश दे दिया. यह रेस्टोरेंट राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर करनाल शहर के बाहरी इलाके में बना है.
करनाल के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने बताया कि प्रशासन की तरफ से रेस्टोरेंट को दो बार नोटिस भेजा गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला, इसके बाद ही प्रशासन को इसे सील करने का फ़ैसला करना पड़ा.
इस फ़ैसले के बाद हरियाणा सरकार ने राज्य में मौजूद सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सर्वे का आदेश भी दे दिया है.
इस रेस्टोरेंट के उद्घाटन के मौक़े पर धर्मेंद्र ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा था कि 'गरम धरम ढाबे की सफलता के बाद वो एक और रेस्टोरेंट खोल रहे हैं- ही मैन.'

इमेज स्रोत, DHRAMENDRA DEOL/TWITTER
बीजेपी से अलग हुआ, हिंदुत्व से नहींः उद्धव ठाकरे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अयोध्या में कहा कि वो भाजपा से अलग हुए हैं, हिंदुत्व से नहीं.
हिंदुस्तान टाइम्स में प्रकाशित समाचार में लिखा है कि उद्धव ठाकरे अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर अयोध्या में रामलला के दर्शन करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''भाजपा का मतलब हिंदुत्व नहीं है. हिंदुत्व अलग है और भाजपा अलग है.''
इस मौके पर उन्होंने राम मंदिर के लिए एक करोड़ रुपये देने का एलान भी किया. इस दौरान ठाकरे ने यह भी साफ किया कि यह राशि राज्य सरकार नहीं, बल्कि उनके ट्रस्ट की तरफ से दी जाएगी.
इसके अलावा उद्धव ठाकरे ने यह भी कहा कि उनकी सरकार अयोध्या में महाराष्ट्र भवन बनाने पर विचार कर रही है.

इमेज स्रोत, Getty Images
दिल्ली हिंसाः पुलिस ने हत्या के मामले में एक शख्स को गिरफ़्तार किया
दिल्ली पुलिस उत्तर पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में हुई हिंसा की जांच कर रही है. इस दौरान हुई हत्याओं की जांच भी चल रही है.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया में प्रकाशित समाचार के अनुसार इसी सिलसिले में पुलिस ने शाहनवाज़ नामक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है.
शाहनवाज़ को 20 वर्षीय दिलबर सिंह नेगी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, वहीं इसी मामले में दूसरे संदिग्ध की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि दिलबर नेगी का क्षत-विक्षत शव ब्रह्मपुरी में बरामद हुआ था. वह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले थे और छह महीने पहले दिल्ली आए थे.
पाकिस्तान में महिलाओं के लिए खोली गई मस्जिद
पाकिस्तान की ऐतिहासिक सुनहरी मस्जिद के दरवाजे 24 साल बाद महिलाओं के लिए खोले गए.
दैनिक भास्कर में प्रकाशित समाचार में बताया गया है कि यह जानकारी पाकिस्तान के अखबार द डॉन ने दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, 1996 के बाद पहली बार शुक्रवार को 15-20 महिलाओं ने नमाज पढ़ी.
यह मस्जिद सदर रोड स्थित केंटोनमेंट एरिया में मौजूद है. मस्जिद प्रशासन का कहना है कि ईद की नमाज के लिए भी महिलाओं को अनुमति दी जाएगी.
ये भी पढ़ेंः
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)


























