You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
जेल में रहेंगे नीरव मोदी, ज़मानत याचिका ख़ारिज
ब्रिटेन में हाई कोर्ट ने भारत के हीरा कारोबारी नीरव मोदी की ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी है.
नीरव मोदी को लंदन के होल्बोर्न इलाक़े से पिछले साल 19 मार्च को गिरफ़्तार किया गया था जिसके बाद उन्हें लंदन के वेस्टमिंस्टर कोर्ट में पेश किया गया था. वह क़रीब 7 महीने से लंदन की वांड्सवर्थ जेल में हैं.
नीरव मोदी पर पंजाब नेशनल बैंक से क़रीब 13 हज़ार करोड़ रुपए का क़र्ज़ लेकर न चुकाने के आरोप हैं. इसे भारत का सबसे बड़ा बैंक घोटाला भी माना जाता है.
भारत ने ब्रिटेन से नीरव मोदी को प्रत्यर्पित करने की मांग भी की है. नीरव मोदी 2018 से ब्रिटेन में हैं.
बजट सत्र से सात कांग्रेस सांसद निलंबित
बजट सत्र के दौरान कांग्रेस के सात सांसदों को दुर्व्यवहार के लिए शेष सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है. अब वह आगे बजट सत्र में भाग नहीं ले सकेंगे.
इस संबंध में गुरुवार को लोकसभा में ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित किया गया.
इन सात सांसदों में गौरव गोगोई, टीएन प्रतापन, डीन कुरियाकोस, आर उन्नीथन, मणिक्कम टैगोर, बेनी बेहनन और गुरजीत सिंह औजला शामिल हैं.
गुरुवार को बजट सत्र के दूसरे चरण का चौथा दिन था. सदन में दिल्ली हिंसा को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया और इसके बाद स्पीकर ओम बिड़ला ने सासंदों को निलंबित कर दिया.
विपक्ष दिल्ली हिंसा पर चर्चा की मांग कर रहा था लेकिन सरकार इस पर होली के बाद चर्चा कराना चाहती है.
इसके बाद सदन की कार्यवाही को शुक्रवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.
इस पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सवाल करते हुए कहा, ''क्या ये तानाशाही है? ऐसा लगता है कि सरकार दिल्ली हिंसा पर चर्चा नहीं करना चाहती इसलिए ये निलंबन किया गया है. हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं.''
वहीं, संसदीय मामलों के मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि सांसद अनुशासहीनता और उद्दंडता की हद पर पहुंच गए थे. पेपर फाड़कर स्पीकर के ऊपर फेंके गए. यह बहुत ही निंदनीय और अनुचित है.
निर्भया केस: 20 मार्च को फांसी
निर्भया मामले में दोषियों को फांसी देने के लिए दिल्ली कोर्ट ने नया डेथ वारंट जारी किया है.
नए डेथ वारंट के मुताबिक़ अब दोषियों को 20 मार्च, 2020 को सुबह 5:30 बजे फांसी दी जाएगी.
इससे पहले दोषी पवन गुप्ता ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पास दया याचिका दायर की थी जिसे उन्होंने ख़ारिज कर दिया.
सुनवाई से पहले निर्भया की मां आशा देवी ने कहा, ''चारों दोषियों के सभी क़ानूनी विकल्प ख़त्म हो गये हैं इसलिए उम्मीद है कि उन्हें तय तारीख़ पर फांसी दी जाएगी.''
इससे पहले आशा देवी ने पवन गुप्ता की दया याचिका ख़ारिज करने को लेकर राष्ट्रपति को धन्यवाद भी किया था.
इससे पहले जारी किए गए डेथ वारंट के मुताबिक़ तीन मार्च को फांसी दी जानी थी लेकिन पवन गुप्ता की दया याचिका के कारण उसे टाल दिया गया था.
इसी बीच पवन गुप्ता की ओर से दायर की गई क्यूरेटिव याचिका को भी सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को ख़ारिज कर दिया था.
निर्भया मामले में चारों दोषी हैं मुकेश सिंह, विनय शर्मा, अक्षय ठाकुर और पवन गुप्ता.
ईपीएफ़ओ के ब्याज़ दर में कटौती
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने कर्मचारियों के प्राविडेंट फंड के ब्याज़ दर में कटौती की है.
वित्तीय साल 2018-19 के दौरान 8.65 प्रतिशत के ब्याज़ दर को 2019-20 के लिए 8.50 प्रतिशत कर दिया गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने इसकी जानकारी दी.
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के फ़िलहाल छह करोड़ सक्रिय सदस्य हैं.
दिल्ली दंगा को लेकर हुए हंगामे के चलते राज्य सभा की कार्यवाही को शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया.
गुरुवार को राज्य सभा की कार्यवाही कोरोना वायरस को लेकर सरकार की रोकथाम पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की ओर संबोधन दिए जाने से शुरू हुआ.
इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आज़ाद ने सार्वजनिक जगहों पर जागरूकता बढ़ाए जाने की बात जोड़ी.
इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओब्रायन ने कोरोना वायरस का जिक्र करते हुए दिल्ली दंगों का जिक्र किया, उन्होंने कहा कि दिल्ली दंगों के दौरान लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए बिना मारे गए.
इसके बाद विपक्ष के नेताओं ने दिल्ली दंगे पर सदन में चर्चा कराने की मांग की. इस मांग को लेकर हंगामे के बीच स्पीकर ने कई बार सदस्यों से शांति बहाल करने की अपील की. इस दौरान राज्य सभा के सभापति वैंकया नायडू ने कहा, "यहां नारे मत लगाइए, यह पार्लियामेंट है, बाज़ार नहीं"
आख़िर में हंगामे को देखते हुए दोपहर 12 बजे के बाद उन्होंने राज्य सभा की कार्यवाही शुक्रवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)