You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
गैंगस्टर रवि पुजारी को सेनेगल से भारत लाया गया
हत्या और वसूली जैसे कई गंभीर अपराधों के आरोपी रवि पुजारी को भारत ले आया गया है.
रवि पुजारी को 21 जनवरी को पश्चिम अफ्रीकी देश सेनेगल में गिरफ़्तार किया गया था. रवि को भारत लाने के लिए कर्नाटक पुलिस की एक टीम सेनेगल गई थी.
24 फरवरी की रात करीब डेढ़ बजे पुलिसकर्मी रवि को सेनेगल से लेकर बेंगलुरु के केंपेगौड़ा एयरपोर्ट पहुंचे.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक साल 2019 में भारत ने सेनेगल से रवि के प्रत्यर्पण की गुज़ारिश की थी. फिर 22 फरवरी को रवि को सेनेगल से प्रत्यर्पित कर दिया गया.
कर्नाटक के अडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस अमर कुमार पांडेय ने एएनआई से कहा, "रवि को कल मैजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा. हम न्यायिक हिरासत की मांग करेंगे. वह पूरी तरह फिट है और जांच में मदद करेगा."
रवि पुजारी को लेने सेनेगल गए भारतीय दल में कर्नाटक पुलिस के अलावा रॉ के अधिकारी भी शामिल थे.
पुजारी ने सेनेगल की सुप्रीम कोर्ट में भारत प्रत्यर्पित किए जाने को चुनौती देते हुए याचिका दायर की थी. यह याचिका खारिज होने के बाद भारतीय दल सेनेगल पहुंचा था.
रवि पुजारी के ख़िलाफ़ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी है. साथ ही, रवि पर फिरौती और हत्या को मिलाकर क़रीब 200 मुक़दमे दर्ज हैं.
मुंबई बॉलीवुड के सितारों से लेकर उद्योग जगत के कई लोगों को धमकाने का आरोप भी रवि पुजारी पर है.
भारतीय पुलिस बल ने सेनेगल के पुलिस बल के साथ मिलकर 21 जनवरी को सेनेगल की राजधानी डकार में एक नाई की दुकान से रवि पुजारी को गिरफ्तार किया था.
इसके बाद पुजारी ने अदालत का सहारा लिया था, लेकिन अदालत ने याचिका खारिज कर दी थी.
52 साल के रवि पुजारी का जन्म कर्नाटक के मेंगलुरु में हुआ था.
रवि पुजारी के बारे में कहा जाता है कि वह 80 के दशक में मुंबई के अंधेरी इलाके में चाय की एक दुकान पर काम करते थे. चाय की दुकान से कुछ गैंगस्टर्स को चाय पहुंचाते-पहुंचाते रवि अंडरवर्ल्ड पहुंच गए.
1993 से पहले रवि को छोटा राजन के शार्प शूटर के तौर पर जाना जाता था. फिर उन्होंने बैंकॉक से रंगदारी वसूलने के लिए अपना गिरोह बना लिया.
साथ ही साथ रवि ने पश्चिमी अफ्रीकी देशों में रेस्ट्रॉन्ट चलाने का काम भी फैला लिया. इसमें गुएना, बुर्किना फासो और आइवरी कोस्ट के रेस्ट्रॉन्ट शामिल हैं.
जब रवि पुजारी को पकड़ा गया, तब वह एंथनी फर्नांडिस के नाम से रह रहे थे. उन्होंने दावा किया था कि वह बुर्किना फासो के निवासी हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)