नरेंद्र मोदी के CAA पर भाषण का एक शब्द रिकॉर्ड से हटा- पांच बड़ी ख़बरें

प्रकाशित

संसद में नागरिकता क़ानून पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक टिप्पणी का एक शब्द संसद की कार्यवाही के रिकॉर्ड से हटा दिया गया है.

प्रधानमंत्री ने बजट सत्र के आरंभ होने पर संसद के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान गुरुवार को राज्य सभा में चर्चा के दौरान टिप्पणी की थी.

बाद में राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू के निर्देश पर उनकी टिप्पणी से एक शब्द को हटाया गया है.

राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "सभापति ने छह फ़रवरी को राज्यसभा में सायं 6.20 से 6.30 बजे के आसपास की कार्यवाही के कुछ हिस्सों को हटाने का निर्देश दिया है.

नायडू ने साथ ही इस चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता और वरिष्ठ कांग्रेसी सांसद गु़लाम नबी आज़ाद के एक शब्द को भी हटवाया है जो उन्होंने प्रधानमंत्री के भाषण के बाद अपने बयान में कहा था.

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू दिन की कार्यवाही से अक्सर उन टिप्पणियों को हटा देते हैं जिन्हें आधिकारिक रिकॉर्ड के लिए उचित नहीं पाया जाता.

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ऐसा वह कई बार कर चुके हैं मगर प्रधानमंत्री की टिप्पणी को हटाना एक दुर्लभ घटना है.

हालाँकि ये नहीं बताया गया है कि प्रधानमंत्री और ग़ुलाम नबी आज़ाद के किन शब्दों को रिकॉर्ड से हटाया गया.

प्रधानमंत्री की तरह व्यवहार नहीं करते मोदी: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी एक प्रधानमंत्री की तरह व्यवहार नहीं करते.

उनकी इस टिप्पणी को पीएम की ओर से की गई 'ट्यूबलाइट' वाली टिप्पणी का जवाब माना जा रहा है. शुक्रवार को संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते समय राहुल गांधी ने पीएम पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा, ""सामान्य तौर पर, प्रधानमंत्री की एक गरिमा होती है, प्रधानमंत्री का आचरण का एक तरीका होता है, एक विशेष कद होता है. हमारे प्रधानमंत्री के पास ये सब नहीं है. वह प्रधानमंत्री की तरह व्यवहार नहीं करते."

शुक्रवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री ने कहा था, "मैं 30-40 मिनट से बात कर रहा हूं मगर करंट पहुंचने में इतनी देर लग गई. कुछ ट्यूबलाइट्स ऐसी होती हैं."

प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी उस समय की थी जब राहुल गांधी अपनी सीट पर खड़े हो गए थे और बेरोज़गारी को लेकर पीएम से सवाल पूछने लग गए थे.

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए वोटिंग आज

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार सुबह आठ बजे से वोटिंग शुरू होने जा रही है. चुनाव अधिकारियों ने सभी 70 सीटों के लिए बने मतदान केंद्रों में पूरी व्यवस्था होने का दावा किया है.

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने कहा है कि सभी ईवीएम की जांच की गई है. उन्होंने यह भी कहा कि सभी ईवीएम सुरक्षित हैं और उनके छेड़छाड़ नहीं की जा सकती.

दिल्ली की 70 सीटों पर 672 उम्मीदवार अपनी क़िस्मत आज़मा रहे हैं. रणबीर सिंह ने कहा, "दिल्ली में मतदाताओं की संख्या 1,47,86,382 है जिनमें से 2,32,815 वोटर 18 से 19 साल के है."

मतदान के लिए सुरक्षा के भी कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. विशेष पुलिस आय़ुक्त प्रवीर रंजन ने बताया कि सीएपीएफ़ की 190 कंपनियों को तैनात किया गया है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शाहीन बाग़, जहां नागरिकता संशोधन क़ानून के विरोध में प्रदर्शन चल रहा है, में भी सुरक्षा कड़ी की गई है.

भारतीय मेजर ने बनाया एके-47 प्रूफ़ हेलमेट

भारतीय सेना के एक मेजर ने ऐसा हेलमेट बनाया है जो एके 47 की गोलियों को रोक सकता है.

दावा किया जा रहा है कि यह अपनी तरह का दुनिया का पहला हेलमेट है जो 10 मीटर की दूरी से दागी गई गोली को भी रोक सकता है.

सेना के अधिकारियों ने का कहना है, "मेजर अनूप मिश्रा ने प्रॉजेक्ट अभेद्य के तहत बैलिस्टिक हेलमेट विकसित किया है. उन्होंने पहले पूरे शरीर की रक्षा करने वाला बुलेटप्रूफ़ जैकेट बनाया था जो स्नाइपर राइफ़लों तक की गोलियों को रोक सकता है."

मेजर अनूप भारतीय सेना के कॉलेज ऑफ़ मिलिट्री इंजीनियरिंग से जुड़े हैं. पुणे स्थित यह कॉलेज प्रतिष्ठित ट्रेनिंग संस्थान है.

ट्रंप के ख़िलाफ़ गवाही देने वाले को हटाया गया

डोनल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग की जांच में अहम गवाह रहे अमरीकी नेशनल सिक्यॉरिटी काउंसिल के एक अधिकारी को व्हाइट हाउस ने नौकरी से निकाल दिया है.

लेफ़्टिनेंट कर्नल अलेक्ग्ज़ेंडर विडमन के वकील ने डेविड प्रेसमन ने कहा कि उनके क्लाइंट को 'सच कहने के कारण' व्हाइट हाउस से जाने के लिए कहा गया.

इससे पहले ट्रंप ने पत्रकारों से कहा था कि वह कर्नल से ख़ुश नहीं हैं. महाभियोग की सुनवाइयों के दौरान यूक्रेन के विशेषज्ञ कर्नल विंडमन ने गवाही दी थी कि उन्होंने ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति के बीच फ़ोन पर हुई 'अनुचित बातचीत' सुनी थी.

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि महाभियोग से राष्ट्रपति ट्रंप के बरी होने के बाद से ही उम्मीद की जा रही थी कि कर्नल विंडमन को पेंटागन में नई भूमिका दी जाएगी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)