You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
निर्भया के दोषियों की अलग-अलग फांसी पर फैसला आजः आज की पांच बड़ी ख़बरें
दिल्ली के निर्भया बलात्कार मामले में दोषियों को अलग-अलग फांसी दी जा सकती है या नहीं इस पर दिल्ली हाई कोर्ट बुधवार को अपना फ़ैसला सुनाएगा.
इससे पहले हाई कोर्ट ने चार दोषियों की फांसी पर रोक लगा दी थी. केंद्र सरकार ने अदालत के इस फ़ैसले को चुनौती दी है. इस मामले में बुधवार दोपहर को दिल्ली हाई कोर्ट अपना फ़ैसला सुनाएगा.
अपनी याचिका में केंद्र सरकार ने कहा है कि चारों दोषियों को एक साथ फांसी देने के फ़ैसले का ग़लत फ़ायदा उठाकर फांसी टालने की कोशिश की जा रही है. दोषी एक एक कर, बारी-बारी क़ानूनी विकल्पों का इस्तेमाल कर रहे हैं जिसके कारण फांसी देने में देरी हो रही है.
निर्भया के परिजनों ने भी अदालत में गुहार लगाई है कि अदालत जल्द से जल्द फांसी सुनिश्चित करे.
डिफ़ेंस एक्सपो आज से
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार से शुरू हो रहे डिफेंस एक्सपो में अत्याधुनिक हथियारों और रक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा.
इस एक्सपो में 40 देशों के रक्षामंत्री, सेना प्रमुख व विदेश मंत्री शामिल होंगे.
इस एक्सपो में 54 देशों के राजनयिक भी शामिल होंगे. ये डिफेंस एक्सपो 9 फ़रवरी तक चलेगा.
इसमें दुनिया भर की कंपनियां अपने रक्षा उपकरणों का प्रदर्शन भी करेंगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को इसका उद्घाटन करेंगे.
शरजील का समर्थन करने वाली उर्वशी लापता
भड़काऊ भाषण देने और देशद्रोह के आरोपी जेएनयू के छात्र शरजील इमाम के समर्थन में नारेबाज़ी करने वाली सामाजिक कार्यकर्ता उर्वशी चूड़ावाला का पुलिस को पता नहीं चल पा रहा है.
उर्वशी पर भी राजद्रोह का मुक़दमा दर्ज किया गया है. मुंबई पुलिस ने शरजील के समर्थन में नारेबाज़ी करने वाले पचास लोगों पर मुक़दमा दर्ज किया है.
आरोप है कि इन लोगों ने आज़ाद मैदान में हुई एक रैली में कथित तौर पर शरजील इमाम के समर्थन में नारेबाज़ी की थी.
पुलिस ने इनके ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 124ए के तहत राजद्रोह का मुक़दमा दर्ज किया था. मुंबई पुलिस का कहना है कि उर्वशी चूड़ावाला का पता नहीं चल पा रहा है.
केजरीवाल की बीजेपी को चुनौती
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी को बुधवार दोपहर एक बजे तक अपना मुख्यमंत्री पद के दावेदार का नाम देने की चुनौती दी है.
केजरीवाल ने ये भी कहा है कि वो बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के दावेदार से खुली बहस करने के लिए तैयार हैं.
केजरीवाल ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए कहा था कि बीजेपी बुधवार दोपहर एक बजे तक अपना मुख्यमंत्री पद का दावेदार पेश करे.
केजरीवाल ने कहा, "मैं किसी भी पार्टी से बहस करने के लिए तैयार हूं, कोई भी बहस करने के लिए आ जाए. बीजेपी वाले अपना सीएम कैंडिडेट का नाम बता दें तो मैं बहस के लिए तैयार हूं."
वहीं बीजेपी कह चुकी है कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में चुनाव लड़ रही है.
तेज़ी से बढ़े कोरोनावायरस के मामले
चीन से आ रहे ताज़ा आंकड़े बीते चौबीस घंटों में कोरोना वायरस के मामलों में बड़ा उछाल दिखा रहे हैं.
चीन में इस वायरस से प्रभावित लोगों की तादाद चौबीस हज़ार तक पहुंच गई है. इस नए कोरोना वायरस से मरने वालों की तादाद 490 हो गई है.
इसी बीच जापान में खड़े एक क्रूज़ ज़हाज़ पर सवार दस लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है. इस जहाज़ को अलग-थलग कर दिया गया है.
हांगकांग में इस जहाज से उतरे एक यात्री में कोरोना वायरस पाए जाने के बाद इसे अलग कर दिया गया था. जहाज पर कुल 3700 लोग सवार हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)