मलेशियाई पीएम को भारत ने दिया जवाब: पाँच बड़ी ख़बरें

प्रकाशित

मलेशियाई प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद के कुआलालंपुर समिट में नागरिकता संशोधन क़ानून पर दिए बयान पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है.

भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस क़ानून को भारत का आंतरिक मामला बताते हुए कहा है कि मलेशियाई प्रधानमंत्री का बयान तथ्यों के लिहाज से ग़लत बयान है.

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि नागरिकता संशोधन क़ानून का असर भारत के किसी नागरिक पर नहीं होगा, चाहे वो किसी भी धर्म के नागरिक हों.

महातिर मोहम्मद ने कहा, "मैं ये देखकर दुखी हूँ कि जो भारत अपने को सेक्युलर देश होने का दावा करता है, वो कुछ मुसलमानों की नागरिकता छीनने के लिए क़दम उठा रहा है. अगर हम यहाँ ऐसे करें, तो मुझे पता नहीं है कि क्या होगा. हर तरफ़ अफ़रा-तफ़री और अस्थिरता होगी और हर कोई प्रभावित होगा."

नागरिकता क़ानून के ख़िलाफ़ देश भर में प्रदर्शन

नागरिकता संशोधन क़ानून के ख़िलाफ़ देशभर में विरोध प्रदर्शन उग्र होते जा रहे हैं.

शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में हुए प्रदर्शनों के दौरान पांच लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक कानपुर, संभल, फ़िरोज़ाबाद में एक-एक प्रदर्शनकारी की मौत हुई जबकि बिजनौर में दो लोगों की मौत हुई.

शुक्रवार को ही राजधानी दिल्ली में जामा मस्जिद और पुरानी दिल्ली के इलाके में भी ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. दिल्ली पुलिस को वाटर कैनन छोड़ने पड़े. प्रदर्शनकारियों के पथराव में दिल्ली पुलिस के एक ज्वाइंट सीपी भी घायल हो गए हैं. दरियागंज में दर्जनों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की ख़बर है.

बंगाल के बाद केरल ने रोका एनपीआर का काम

केरल की वाम सरकार ने शुक्रवार को राज्य में नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर (एनपीआर) से संबंधित हर काम रोक दिया है. इससे पहले, इसी सप्ताह में पश्चिम बंगाल सरकार ने एनपीआर को अपडेट करने के काम पर रोक लगाते हुए कहा था कि यह नेशनल रजिस्टर ऑफ़ सिटीजंस (एनसीआर) की दिशा में पहला क़दम है.

केरल सरकार ने भी ऐसी ही आशंका जताई है. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि राज्य सरकार हमेशा जनगणना के काम में अपना सहयोग देती रही है लेकिन सिटीजनशिप एमेंडमेंट एक्ट और एनसीआर को लेकर मौजूद चिंताओं के चलते एनपीआर पर रोक लगाने का फ़ैसला करना पड़ा है.

झारखंड में चुनाव संपन्न, नतीजों पर नजर

झारखंड विधानसभा चुनाव में मतदान का काम पूरा हो गया है. 81 सदस्यीय विधानसभा में पांचवें और अंतिम चरण का मतदान शुक्रवार को हुआ. इस चरण में राज्य की 16 विधानसभा सीटों पर 71.69 प्रतिशत वोट डाले गए.

मतों की गिनती 23 दिसंबर को होगी. राज्य के चुनावी नतीजे को लेकर एग्जिट पोल भी सामने आए हैं, कुछ एग्जिट पोल में मौजूदा बीजेपी सरकार के सत्ता से बाहर होने के कयास लगाए गए हैं.

बांग्लादेश को बदलने वाले आबेद का निधन

दुनिया का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन बनाने वाले बांग्लादेश के नागरिक सर फ़ज़ले हसन आबेद का निधन हो गया है. वो 83 साल के थे. फ़ज़ले हसन ने साल 1972 में बांग्लादेश ग्रामीण उन्नति समिति यानी ब्राक का गठन किया था.

उस समय बांग्लादेश नया-नया आज़ाद हुआ था और वहां आए तूफान की वजह से लाखों लोगों की मौत हो गई थी. ब्राक संगठन बच्चों और महिलाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करता है. यह संगठन इस समय एशिया और अफ़्रीका के कुल 11 देशों में चल रहा है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)