You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
बाबरी विध्वंस का नाट्य रूपांतरण पर मुक़दमा दर्ज हुआ: प्रेस रिव्यू
कर्नाटक के दक्षिणी कन्नड़ ज़िले के बंतवाल के पास एक विद्यालय प्रबंधन के पाँच सदस्यों के ख़िलाफ़ छात्रों द्वारा संस्था के वार्षिक खेल दिवस के मौक़े पर कथित रूप से बाबरी मस्जिद गिराए जाने का नाट्य रूपांतरण दिखाने पर मामला दर्ज किया गया है.
जनसत्ता के मुताबिक़ पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी और केंद्रीय उर्वरक एवं रसायन मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा समेत कई गणमान्य लोग रविवार को हुए इस कार्यक्रम में मौजूद थे.
तटीय शहर मंगलुरु से क़रीब तीस किलोमीटर दूर कल्लाडका में श्री राम विद्या मंदिर का संचालन करने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता कल्लाडका प्रभाकर भट और चार अन्य के ख़िलाफ़ भारतीय दंड संहिता की धारा 295 (ए) और 298 (धार्मिक भावनाएं आहत करने) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
ममता का मोदी पर पलटवार
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ये कहते हुए पलटवार किया है कि किसी व्यक्ति के राजनीतिक विचारों का उनके कपड़ों से पता नहीं लगाया जा सकता.
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को झारखंड में कहा था कि कांग्रेस पार्टी नागरिकता संशोधन क़ानून के ख़िलाफ़ लोगों को भड़का रही है. साथ ही उन्होंने कहा था कि आग लगाने वाले कपड़ों से पहचाने जा सकते हैं.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़ बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि देश जल रहा है और प्रधानमंत्री कपड़ों की बात कर रहे हैं.
कोलकाता में लगातार दूसरे दिन रैली करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "शरारती तत्वों और आम लोगों के बीच पहनावे या खाने की आदतों के आधार पर अंतर नहीं किया जा सकता. कपड़ों से किसी की राजनीतिक विचारधारा का पता नहीं चलता."
'आंध्र प्रदेश की तीन राजधानी होंगी'
राजधानी अमरावती के भविष्य पर छह महीने लंबी चुप्पी तोड़ते हुए मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी ने आंध्र प्रदेश की तीन राजधानियों का आइडिया पेश किया है.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक़ उन्होंने कहा है कि राज्य के तीनों क्षेत्रों में विकास की ज़रूरत है. उन्होंने कहा कि अमरावती, विधायी राजधानी रहेगी. हालांकि उन्होंने ये भी संकेत दिया कि हाई कोर्ट के साथ रायालसीमा क्षेत्र का कर्नूल न्यायिक राजधानी होगी.
उन्होंने ये भी कहा कि उत्तर-तटीय इलाक़े का विशाखापट्टनम कार्यकारी राजधानी बन सकता है.
विधानसभा में राजधानी के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य के सभी हिस्सों के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना होनी चाहिए.
निर्भया मामला: सीजेआई ने ख़ुद को किया अलग
उच्च्तम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एस. ए. बोबड़े ने निर्भया सामूहिक दुष्कर्म और हत्या मामले में अभियुक्त अक्षय ठाकुर की याचिका की सुनवाई से अपने को अलग कर लिया है.
शीर्ष न्यायालय ने इस मामले में याचिकाकर्ता को मौत की सज़ा सुनाई थी.
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक़ पुनर्विचार याचिका की सुनवाई से अपने को अलग करने के कारणों की जानकारी देते हुए मुख्य न्यायाधीश ने कहा है कि उनके एक रिश्तेदार इस मामले में पीड़िता की माँ के वकील रह चुके हैं.
उनका कहना था कि यह उचित होगा कि कोई अन्य पीठ कल सुबह साढ़े दस बजे पुनर्विचार याचिका की सुनवाई करे.
पप्पू यादव ने किया घर में नजरबंद करने का दावा
जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मंगलवार को दावा किया कि स्थानीय प्रशासन ने उन्हें घर में इसलिए नजरबंद कर दिया है ताकि संशोधित नागरिकता अधिनयम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के विरोध में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने से उन्हें रोका जा सके.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़ पटना पुलिस ने कहा कि उन्हें घर के भीतर नजरबंद नहीं किया गया बल्कि यह शांति बहाली और सुरक्षा के दृष्टिकोण से एहतियात के तौर पर उठाया गया एक क़दम है.
पुलिस अधीक्षक (नगर) विनय तिवारी ने कहा कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि पप्पू यादव छात्रों के साथ विरोध के दौरान गड़बड़ी पैदा कर सकते हैं, इसलिए यह निवारक उपाय किया गया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)