बाबरी विध्वंस का नाट्य रूपांतरण पर मुक़दमा दर्ज हुआ: प्रेस रिव्यू

महंगा पड़ा बाबरी विध्वंस का नाट्य रूपांतरण

इमेज स्रोत, Twitter

प्रकाशित

कर्नाटक के दक्षिणी कन्नड़ ज़िले के बंतवाल के पास एक विद्यालय प्रबंधन के पाँच सदस्यों के ख़िलाफ़ छात्रों द्वारा संस्था के वार्षिक खेल दिवस के मौक़े पर कथित रूप से बाबरी मस्जिद गिराए जाने का नाट्य रूपांतरण दिखाने पर मामला दर्ज किया गया है.

जनसत्ता के मुताबिक़ पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी और केंद्रीय उर्वरक एवं रसायन मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा समेत कई गणमान्य लोग रविवार को हुए इस कार्यक्रम में मौजूद थे.

तटीय शहर मंगलुरु से क़रीब तीस किलोमीटर दूर कल्लाडका में श्री राम विद्या मंदिर का संचालन करने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता कल्लाडका प्रभाकर भट और चार अन्य के ख़िलाफ़ भारतीय दंड संहिता की धारा 295 (ए) और 298 (धार्मिक भावनाएं आहत करने) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

ममता का मोदी पर पलटवार, 'किसी के कपड़ों से राजनीतिक विचार पता नहीं चलते'

इमेज स्रोत, SANJAY DAS

ममता का मोदी पर पलटवार

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ये कहते हुए पलटवार किया है कि किसी व्यक्ति के राजनीतिक विचारों का उनके कपड़ों से पता नहीं लगाया जा सकता.

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को झारखंड में कहा था कि कांग्रेस पार्टी नागरिकता संशोधन क़ानून के ख़िलाफ़ लोगों को भड़का रही है. साथ ही उन्होंने कहा था कि आग लगाने वाले कपड़ों से पहचाने जा सकते हैं.

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़ बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि देश जल रहा है और प्रधानमंत्री कपड़ों की बात कर रहे हैं.

कोलकाता में लगातार दूसरे दिन रैली करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, "शरारती तत्वों और आम लोगों के बीच पहनावे या खाने की आदतों के आधार पर अंतर नहीं किया जा सकता. कपड़ों से किसी की राजनीतिक विचारधारा का पता नहीं चलता."

आंध्र प्रदेश की तीन राजधानी होगी - मुख्यमंत्री रेड्डी

इमेज स्रोत, Getty Images

'आंध्र प्रदेश की तीन राजधानी होंगी'

राजधानी अमरावती के भविष्य पर छह महीने लंबी चुप्पी तोड़ते हुए मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी ने आंध्र प्रदेश की तीन राजधानियों का आइडिया पेश किया है.

टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक़ उन्होंने कहा है कि राज्य के तीनों क्षेत्रों में विकास की ज़रूरत है. उन्होंने कहा कि अमरावती, विधायी राजधानी रहेगी. हालांकि उन्होंने ये भी संकेत दिया कि हाई कोर्ट के साथ रायालसीमा क्षेत्र का कर्नूल न्यायिक राजधानी होगी.

उन्होंने ये भी कहा कि उत्तर-तटीय इलाक़े का विशाखापट्टनम कार्यकारी राजधानी बन सकता है.

विधानसभा में राजधानी के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य के सभी हिस्सों के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना होनी चाहिए.

निर्भया मामला: सीजेआई ने पुनर्विचार याचिका की सुनवाई से खुद को अलग किया

इमेज स्रोत, SCI.GOV.IN

निर्भया मामला: सीजेआई ने ख़ुद को किया अलग

उच्‍च्‍तम न्‍यायालय के मुख्‍य न्‍यायाधीश एस. ए. बोबड़े ने निर्भया सामूहिक दुष्‍कर्म और हत्‍या मामले में अभियुक्‍त अक्षय ठाकुर की याचिका की सुनवाई से अपने को अलग कर लिया है.

शीर्ष न्‍यायालय ने इस मामले में याचिकाकर्ता को मौत की सज़ा सुनाई थी.

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक़ पुनर्विचार याचिका की सुनवाई से अपने को अलग करने के कारणों की जानकारी देते हुए मुख्‍य न्‍यायाधीश ने कहा है कि उनके एक रिश्‍तेदार इस मामले में पीड़िता की माँ के वकील रह चुके हैं.

उनका कहना था कि यह उचित होगा कि कोई अन्‍य पीठ कल सुबह साढ़े दस बजे पुनर्विचार याचिका की सुनवाई करे.

बीबीसी

पप्पू यादव ने किया घर में नजरबंद करने का दावा

जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मंगलवार को दावा किया कि स्थानीय प्रशासन ने उन्हें घर में इसलिए नजरबंद कर दिया है ताकि संशोधित नागरिकता अधिनयम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के विरोध में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने से उन्हें रोका जा सके.

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़ पटना पुलिस ने कहा कि उन्हें घर के भीतर नजरबंद नहीं किया गया बल्कि यह शांति बहाली और सुरक्षा के दृष्टिकोण से एहतियात के तौर पर उठाया गया एक क़दम है.

पुलिस अधीक्षक (नगर) विनय तिवारी ने कहा कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि पप्पू यादव छात्रों के साथ विरोध के दौरान गड़बड़ी पैदा कर सकते हैं, इसलिए यह निवारक उपाय किया गया है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)