You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
केंद्र का दावा- 370 हटाने के बाद कश्मीर में कम हुई पत्थरबाज़ीः पांच बड़ी ख़बरें
केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद से वहां किसी भी महत्वपूर्ण विरोध प्रदर्शन या क़ानून व्यवस्था को बाधित करने वाली घटना से इनकार करती रही है.
लेकिन लोकसभा में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जो ताज़ा आंकड़े पेश किए हैं वो कुछ और ही कहानी बयां कर रही है.
लोकसभा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाज़ी की 190 घटनाएं हुई हैं.
लिहाजा गृह मंत्रालय का ताज़ा बयान केंद्र सरकार के अपने पहले के दावे को ख़ारिज करता है.
लोकसभा में एक लिखित बयान में गृह राज्यमंत्री जी कृष्ण रेड्डी ने बताया कि ये घटनाएं 5 अगस्त से 15 नवंबर, 2019 के बीच हुईं और इसमें 765 आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया है जबकि 1 जनवरी से 4 अगस्त तक ऐसे 361 मामले दर्ज किए गए थे.
कांग्रेस अध्यक्ष नहीं रहेंगे जलियांवाला बाग ट्रस्ट के सदस्य
जलियांवाला बाग नेशनल मेमोरियल संशोधन बिल राज्यसभा में पारित हो गया है.
अब तक कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष इस मेमोरियल के ट्रस्ट का सदस्य रहा है, लेकिन अब कांग्रेस अध्यक्ष इस ट्रस्ट के सदस्य नहीं रह पाएंगे.
संशोधन बिल में लोकसभा में नेता विपक्ष को ट्रस्ट को इसकी जगह दे दी गई है.
सदन में विपक्ष का नेता न होने की स्थिति में सबसे बड़े विपक्षी दल के नेता को यह जगह दी जाएगी.
भारत में सड़क दुर्घटनाएं बढ़ीं
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक देश में साल 2018 में सड़क दुर्घटनाएं 0.46 प्रतिशत बढ़ी हैं. जबकि मौतों की संख्या भी 2.37 फ़ीसदी अधिक रही है.
साल 2017 में देश में 4,64,910 सड़क दुर्घटनाएं हुई जबकि 2018 में यह बढ़कर 4,67,044 तक पहुंच गई.
वहीं 2017 में जहां 1,47,913 मौतें हुई थीं यह 2018 में 1,51,471 हो गई हैं.
श्रीलंका के राष्ट्रपति 29 नवंबर को भारत आएंगे
भारत के विदेश मंत्री ने मंगलवार को बताया कि श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाभाया राजपक्षे 29 नवंबर को भारत आएंगे.
विदेश मंत्री एस जयशंकर मंगलवार की शाम कोलंबो पहुंचे. वहां उन्होंने राजपक्षे से मुलाक़ात की और उन्हें पीएम मोदी की तरफ से भारत आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया.
सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, राष्ट्रपति गोटाभाया राजपक्षे ने विकास और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत के साथ काम करने की इच्छा व्यक्त की.
फ़ीफा वर्ल्ड कप 2022 खेलने का भारत का सपना टूटा
फ़ीफा वर्ल्ड कप क्वालिफायर के मुक़ाबले में ओमान ने भारतीय फुटबॉल टीम को 1-0 से हरा दिया.
इसके साथ ही सुनील छेत्री के नेतृत्व वाली भारत टीम, क़तर में 2022 में होने वाले फ़ीफा फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप के लिए क्वॉलीफाई करने की रेस से लगभग बाहर हो गई है.
क्वॉलीफाई करने की रेस में बने रहने के लिए ऊंची रैंकिंग वाले ओमान के ख़िलाफ़ भारत को हर हाल में जीत की दरकार थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)