You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
खट्टर चुने गए बीजेपी विधायक दल के नेता, जेजेपी को मिला डिप्टी सीएम का पद
हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक दल ने मनोहर लाल खट्टर को अपना नेता चुन लिया है.
इसके साथ ही दूसरी बार उनका मुख्यमंत्री बनना तय हो गया है.
इससे पहले बीजेपी और जननायक जनता पार्टी के बीच गठबंधन का एलान हो गया था. यानी तय हो गया है कि प्रदेश में बीजेपी-जेजेपी सरकार बनेगी.
गृह मंत्री और बीजेपीअध्यक्ष अमित शाह ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूचित किया कि मुख्यमंत्री बीजेपी और उपमुख्यमंत्री जेजेपी से होगा.
दोनों पार्टियों के नेता शनिवार को प्रदेश के राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.
अमित शाह ने कहा, "जनता ने दोनों दलों को जनादेश दिया है और दोनों पार्टियों के नेता ने यह तय किया है कि हरियाणा में बीजेपी और जेजेपी मिलकर सरकार बनाएंगे."
अमित शाह ने यह भी कहा कि कई निर्दलीय विधायकों ने भी इस गठबंधन को समर्थन दिया है.
उन्होंने सरकार को अच्छे कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
अमित शाह ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का नाम नहीं बताया लेकिन यही माना जा रहा है कि मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री और दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री होंगे.
जेजेपी ने दिए थे समर्थन के संकेत
इससे पहले हरियाणा में अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में दस सीटें जीतने वाली जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने कहा था कि वह सरकार बनाने के लिए किसी भी दल के समर्थन को तैयार है, बशर्ते वो उनके न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर सहमत हों.
शुक्रवार दोपहर बाद जेजेपी प्रमुख 31 वर्षीय दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जो भी दल रोज़गार, बुजुर्गों की पेंशन में बढ़ोतरी समेत उनके दूसरे विषयों पर सहमत होगा, जेजेपी उनके साथ मिलकर प्रदेश में सरकार बनाने का प्रयास करेगी.
उन्होंने कहा था कि हम संबंधित पक्षों से बात करेंगे और अगले कुछ घंटों या दिनों में सकारात्मक जवाब मिल जाएगा.
गुरुवार को सामने आए नतीजों में किसी दल को बहुमत नहीं मिला है. 90 सीटों में से भाजपा को 40, कांग्रेस को 31, जेजेपी को 10 और निर्दलीय उम्मीदवारों को सात सीटों पर जीत मिली है. इसके अलावा आईएनएलडी और हरियाणा लोकहित पार्टी (एचएलपी) के पास एक-एक सीट है.
विधायक दल का नेता
शुक्रवार दोपहर दिल्ली की तिहाड़ जेल में अपने पिता अजय चौटाला से मुलाक़ात के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में दुष्यंत चौटाला ने कहा, "हम हरियाणा को आगे ले जाने, युवाओं को अधिकार दिलाने और अपराध को नियंत्रित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं."
जेजेपी विधायक दल की बैठक में दुष्यंत चौटाला को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दुष्यंत से पूछा गया कि गुरुवार तक प्रदेश में सत्ता की चाबी उनके पास थी, लेकिन अब कई निर्दलीय विधायकों ने बीजेपी को समर्थन दे दिया है.
इस पर दुष्यंत ने कहा कि चाबी अब भी उनके पास है और बीजेपी किसके साथ जाना चाहती है, ये उसका संगठन तय करेगा.
चुनाव नतीजे आने के ठीक बाद कहा जा रहा था कि जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला किंगमेकर बनकर उभर सकते हैं.
लेकिन गुरुवार देर रात तस्वीर उस वक्त बदल गई जब हरियाणा लोकहित पार्टी के नेता और सिरसा से विधायक गोपाल कांडा ने बीजेपी को समर्थन देने की बात कह दी.
गोलाप कांडा ने दावा किया है कि सभी निर्दलीय विधायकों ने बीजेपी को समर्थन दे दिया है.
उन्होंने कहा, "मेरे पिता 1926 से आरएसएस से जुड़े थे. उन्होंने आज़ादी के बाद देश के पहले आम चुनाव में जनसंघ की टिकट पर चुनाव लड़ा था."
कई निर्दलीय विधायकों ने दिया समर्थन
निर्दलीय विधायकों में से कई बीजेपी के बाग़ी हैं. उनमें से कई ने मीडिया से बातचीत में बीजेपी को समर्थन ज़ाहिर किया है.
दादरी से जीते निर्दलीय विधायक सोमवीर सांगवान से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मैंने अपना समर्थन दे दिया है."
वहीं रानिया से जीते निर्दलीय विधायक और देवीलाल के पुत्र रणजीत सिंह ने कहा, "मैंने खुले तौर पर बोला है कि मैं भारतीय जनता पार्टी को अपना समर्थन देता हूं."
बीजेपी से बागी होकर पृथला से निर्दलीय मैदान में उतरे नयनपाल रावत ने भी कहा है कि वो फिर बीजेपी का समर्थन करेंगे. उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाक़ात हुई है.
नयनपाल रावत ने सरकार में मंत्री पद दिए जाने की इच्छा भी जताई.
उन्होंने कहा. "मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व के पास किसी को मंत्री बनाने का अधिकार होता है. सभी की महत्वाकांक्षाएं होती हैं, मेरी भी हैं. मैं चाहता हूं कि मुझे कहीं जगह दी जाए, ताकि मैं अपने इलाके के लोगों के लिए अच्छे से विकास कर सकूं."
एक और निर्दलीय विधायक रणधीर गोलान ने कहा, "बीजेपी मेरी मां है. मैं 30 साल तक बीजेपी का कार्यकर्ता था. मैं बीजेपी में था, मैं कहां जाऊंगा?"
खट्टर दिल्ली पहुंचे
इस बीच मनोहर लाल खट्टर बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करने दिल्ली स्थित उनके आवास पर पहुंचे.
बीजेपी नेता अनिल जैन ने बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक होगी. इस बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और महासचिव अरुण सिंह शामिल होंगे.
अनिल जैन के मुताबिक इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा, जिसके बाद पार्टी नेता राज्यपाल से मिलकर हरियाणा में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.
इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, "मैं आशावादी हूं और हम हरियाणा में सरकार बनाने जा रहे हैं."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)