असम में आज जारी होगी एनआरसी की आख़िरी लिस्ट: पांच बड़ी ख़बरें

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम में आज नेशनल सिटिज़न रजिस्टर यानी एनआरसी की आख़िरी लिस्ट जारी की जाएगी.

मामले की गंभीरता के मद्देनज़र पूरे असम में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं.

गुवाहाटी समेत राज्य के कई अन्य संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लगा दी गई है.

राज्य में भारतीय और विदेशी नागरिकों की पहचान करने वाली अंतिम सूची सुबह 10 बजे प्रकाशित की जाएगी.

केंद्र सरकार ने असम के लोगों को भरोसा दिलाया कि लिस्ट में नाम न होने पर किसी भी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया जाएगा और उसे अपनी नागरिकता साबित करने का हरसंभव मौका दिया जाएगा.

जिनका नाम लिस्ट में नहीं होगा वो फ़ॉरेनर्स ट्राइब्यूनल में अपील कर सकेंगे.

सरकार ने अपील दायर करने की समय सीमा भी 60 से बढ़ाकर 120 दिन कर दी है.

अनुच्छेद 370 पर भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया

भारत में ऑस्ट्रेलिया की उच्चायुक्त हरिंदर सिद्धू ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को ख़त्म किए जाने के फ़ैसले पर कहा है कि ये भारत का आंतरिक मसला है.

उन्होंने कहा, "हम 370 के मुद्दे पर भारत के फ़ैसले का सम्मान करते हैं."

ऑस्ट्रेलिया लंबे वक़्त से ये कहता आया है कि कश्मीर भारत और पाकिस्तान का द्विपक्षीय मुद्दा है और दोनों देशों को मिलकर ही इसे सुलझाना होगा.

आयकर रिटर्न भरने की आख़िरी तारीख़

आज यानी 31 अगस्त को आयकर रिटर्न भरने की आख़िरी तारीख़ है. आज रिटर्न फ़ाइल नहीं करने पर 10 हज़ार रुपये तक का ज़ुर्माना देना पड़ सकता है.

आयकर विभाग के अनुसार 31 अगस्त 2019 के बाद 31 दिसंबर 2019 तक आइटीआर फ़ाइल करने वालों को 5,000 रुपये का जुर्माना देना होगा.

31 दिसंबर 2019 की तारीख़ भी चूक जाने पर 31 मार्च 2020 तक रिटर्न भरा जा सकता है. मगर इसके लिए 10 हज़ार रुपये का ज़ुर्माना देना होगा.

31 मार्च 2020 तक भी रिटर्न फ़ाइल न होने पर आयकर विभाग लोगों को नोटिस जारी कर सकता है.

इसके अलावा, आज पैन को आधार से लिंक करने की आख़िरी तारीख़ भी है. 31 अगस्त तक पैन और आधार लिंक न करने पर पैन कार्ड डिएक्टिवेट हो सकता है.

उत्तर प्रदेश: आश्रय गृह में बाल यौन उत्पीड़न की जांच करेगी CBI

उत्तर प्रदेश के देवरिया ज़िले में स्थित एक आश्रय गृह में नाबालिग़ लड़कियों के कथित यौन शोषण के मामले की जांच अब केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) करेगी.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सीबीआई ने 'मां विंध्यवासिनी' नाम के इस महिला और बाल संरक्षण गृह की निदेशक गिरिजा त्रिपाठी और अधीक्षक कंचन लता त्रिपाठी के ख़िलाफ़ दो एफ़आईआर दर्ज किए हैं.

पिछले साल अधिकारियों ने इसी आश्रय गृह से 32 लड़कियों को छुड़ाया था.

बीबीसी को मिले सीरिया में युद्ध अपराध के सबूत

बीबीसी को उत्तरी सीरिया में हाल में हुए हवाई हमले में युद्ध अपराध होने के सबूत मिले हैं. इस हमले में 39 लोगों की मौत हो गई थी.

रूसी सैन्य अड्डे से उड़े जहाज़ ने मारत अल-नूमान शहर में एक बाज़ार को निशाना बनाया था. इसके आधे घंटे के अंदर यहां फिर से हमला किया गया था. रूस ने हमले में हाथ होने से इनकार किया है.

रूस ने घोषणा की है कि सीरिया सरकार इदलिब प्रांत में अगले कुछ घंटों के अंदर एकतरफा संघर्ष विराम लागू करेगी. रूस ने विद्रोहियों से भी युद्धविराम का पालन करने की अपील की है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो सकते हैं.)