बरेली में ट्रेन से उतारे गए 100 से ज़्यादा मदरसा छात्र: पाँच बड़ी ख़बरें

प्रकाशित

मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे सौ से ज़्यादा मदरसा के छात्रों को शनिवार को संदेह के आधार पर बरेली रेलवे स्टेशन पर उतार दिया गया.

रेल एसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि ट्रेन में 100 से ज़्यादा बच्चों के होने की सूचना मिली थी. ट्रेन के बरेली पहुँचने पर उन बच्चों को रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों ने स्टेशन पर उतार लिया.

पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि ये सभी छात्र अलग-अलग मदरसों के थे, जो छुट्टियां के बाद वापस लौट रहे थे.

ये बच्चे दिल्ली, अमरोहा, हापुड़ और मुरादाबाद के मदरसों के बताए जा रहे हैं. पुलिस ने पूछताछ और उनके पहचान पत्र को देखने के बाद छोड़ दिया.

वे सभी दूसरे ट्रेन से भेजे गए. यह बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि 12 से 16 साल के बच्चे को कहीं ले जाया जा रहा था.

एएन 32 विमान हादसाः राहत बचाव दल 9 दिन बाद सुरक्षित बाहर आए

अरुणाचल प्रदेश में एएन 32 विमान के दुर्घटनास्थल पर फंसे रेस्क्यू टीम को वायु सेना ने शनिवार को विमान के ज़रिए वहां से सुरक्षित निकाल लिया है.

शिलॉन्ग में वायु सेना के प्रवक्ता विंग कमांडर रत्नाकर सिंह ने बताया कि टीम में कुल 15 सदस्य थे.

अरुणाचल में तीन जून को वायुसेना का एएन 32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसका पता लगाने यह टीम वहां पहुंची थी.

ख़राब मौसम के चलते यह टीम वहां 9 दिनों तक फंसी रही.

30 जून 2020 तक लागू होगा वन नेशन-वन कार्ड

वन नेशन वन इलेक्शन के तर्ज पर केंद्र सरकार एक 'राष्ट्र एक राशन कार्ड' व्यवस्था लागू करने के लिए राज्यों को 30 जून 2020 तक का समय दिया है.

इस व्यवस्था के तहत किसी भी लाभार्थी को किसी भी राज्य में कहीं से भी राशन लेने की सुविधा मिलेगी.

केंद्रीय खाद्य मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि 10 राज्य पहले से ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पात्रता के मामले में पोर्टेबिलिटी उपलब्ध करा रहे हैं.

इनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना और त्रिपुरा शामिल हैं.

आकाश विजयवर्गीय को मिली ज़मानत

इंदौर नगर निगम के एक अधिकारी को बल्ले से पीटने के मामले में गिरफ़्तार हुए भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय को भोपाल की एक विशेष अदालत ने ज़मानत पर रिहा करने का आदेश दिया है.

आकाश विजयवर्गीय भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय के बेटे हैं.

कोर्ट ने आकाश को एक अन्य मामले में भी ज़मानत दी है. दोनों में उन्हें 20-20 हज़ार के मुचलके पर ज़मानत मिली है.

ख्वावे मामलाः ट्रंप को झेलना पड़ रहा है विरोध

अमरीकी कंपनियों को चीनी टेलिकॉम कंपनी ख्वावे (Huawei) से कारोबार करने की अनुमति देने के चलते अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को अपने देश में विरोध झेलना पड़ रहा है.

डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दोनों पार्टियों के नेताओं ने इस फैसले की आलोचना की है.

हालांकि, ट्रंप का कहना है कि इस फैसले से राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)