You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
भारतीय टीम की नारंगी जर्सी के ज़रिए भगवाकरण का आरोपः प्रेस रिव्यू
भारतीय क्रिकेट टीम की विश्व कप में दूसरी जर्सी पर विवाद हो गया है. भारतीय टीम 30 जून को इंग्लैंड के ख़िलाफ़ होने वाले मैच में नारंगी रंग की जर्सी पहनेगी.
जनसत्ता में प्रकाशित समाचार के अनुसार इस जर्सी पर राजनीति शूरू हो गई है. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं को इस जर्सी के पहनने के पीछे भगवाकरण का संदेह लग रहा है.
अख़बार लिखता है कि इस मामले पर मुंबई से समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आज़मी ने प्रधानमंत्री मोदी पर हर चीज़ का भगवाकरण करने के प्रयास का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि मोदी पूरे देश को भगवा रंग में रंगना चाहते हैं.
कांग्रेस विधायक नसीम ख़ान ने भी आज़मी के आरोप का समर्थन किया है और भगवाकरण का आरोप लगाया है. भाजपा ने इसका मज़ाक़ बनाते हुए इसे संकुचित सोच बताया है.
वहीं अख़बार ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा के बयान को प्रकाशित किया है. आनंद शर्मा का कहना है कि टीम की ड्रेस राजनीतिक विषय नहीं है और वह विश्व विजेता बनने की कामना करते हैं.
अध्यक्ष पद से हटने पर राहुल अडिग
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर साफ़ किया है कि वो पार्टी की कमान और अधिक नहीं संभालना चाहते और अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा देने पर अडिग हैं.
हिंदुस्तान में प्रकाशित समाचार के अनुसार बुधवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी सांसदों ने उनसे इस्तीफ़ा वापस लेने की मांग की जिसे राहुल गांधी ने ख़ारिज कर दिया.
बैठक में राहुल सहित लोकसभा के 51 सांसद मौजूद थे. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह चर्चा करने का मंच नहीं है. वह अध्यक्ष पद छोड़ने के अपने फैसले के साथ आगे बढ़ेंगे.
वहीं अख़बार ने लिखा है कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता राहुल गांधी को मनाने के लिए उनके निवास स्थान पर भारी तादाद में पहुंच गए थे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)