You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
तेजस्वी के 'ग़ायब' होने पर अटकलों का बाज़ार गर्म- पाँच बड़ी ख़बरें
राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के ग़ायब होने से जुड़ी अटकलों पर बड़ा बयान दिया है.
रघुवंश सिंह ने कहा है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि तेजस्वी यादव आजकल कहां हैं. उन्होंने ये भी कहा है कि ये संभव है कि वो विश्व कप देखने के लिए गए हों.
बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर में 100 से ज़्यादा बच्चों की मौत के बाद भी तेजस्वी यादव की ओर से अब तक कोई बयान नहीं आया है.
इसके बाद से सवाल उठ रहे हैं कि जब प्रदेश में इतनी बड़ी घटना हुई है तब तेजस्वी यादव कहां हैं.
तेजस्वी बीते दो जून को उनकी पार्टी की ओर से आयोजित इफ़्तार और लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के मौक़े पर आयोजित समारोह में भी उपस्थित नहीं हुए थे.
हालांकि, तेजस्वी ने सोशल मीडिया से लालू प्रसाद यादव को शुभकामनाएं दी थीं.
लेकिन मुज़फ़्फ़रपुर मामले पर उन्होंने अब तक सोशल मीडिया पर भी किसी तरह का बयान नहीं दिया है.
'संसद में नहीं होगी धार्मिक नारेबाजी'
कोटा लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद ओम बिड़ला ने लोकसभा अध्यक्ष का पद संभालने के बाद कहा है कि वो संसद में धार्मिक नारेबाज़ी नहीं होने देंगे.
बीते मंगलवार को बीजेपी के कई सांसदों ने सांसद के रूप में शपथ लेते समय धार्मिक नारेबाजी की थी. असदुद्दीन ओवैसी समेत विपक्ष के कई सांसदों के शपथ लेते समय जय श्री राम जैसे नारे लगाए गए थे.
इसके बाद ओम बिड़ला के लोकसभा अध्यक्ष बनने पर औवेसी समेत कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने उन्हें बधाई देते हुए उनसे लोकसभा अध्यक्ष के रूप में निष्पक्ष रहने की अपील की.
इसके बाद हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में ओम बिड़ला ने कहा है कि वह संसद को नियमों के मुताबिक़ चलाएंगे और संसद में नारेबाजी करने की जगह नहीं है.
ट्रोल हुए इमरान ख़ान
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को 19 जून को ट्विटर पर एक ट्वीट करने के बाद ट्रोलिंग का शिकार होना पड़ा.
इमरान ख़ान ने महान कवि और लेखक रविंद्र नाथ टैगोर के एक कथन को लेबनानी कवि खलील जिब्रान के कथन के रूप में ट्वीट किया.
इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी इस भूल के लिए उन्हें निशाने पर लिया.
'एक देश एक चुनाव' पर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को 'एक देश एक चुनाव' के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक के बाद एक समिति बनाने का ऐलान किया है जो कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ कराने की संभावनाएं तलाशेगी.
इस बैठक में कांग्रेस, टीएमसी, बीएसपी, डीएमके, एसपी, टीडीपी और आप ने हिस्सा नहीं लिया.
हालांकि, वामदलों ने इस बैठक में हिस्सा लिया.
वाम दल सीपीएम के नेता सीताराम येचुरी ने एक साथ चुनाव कराने के विचार को संघीय ढांचे के ख़िलाफ़ बताकर इसके प्रति अपना विरोध दर्ज किया है.
वहीं, सीपीआई के नेता डी. राजा ने इसे असंवैधानिक और अव्यवहारिक बताया.
ख़ाशोग्जी की हत्या में सलमान के शामिल होने के सबूत - यूएन
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह मानने के पर्याप्त सबूत हैं कि पत्रकार जमाल ख़ाशोग्ज़ी की हत्या के लिए सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और दूसरे उच्च स्तरीय अधिकारी व्यक्तिगत तौर पर ज़िम्मेदार हैं.
इस घटना पर रिपोर्ट देने के लिए विशेष अधिकारी एग्नेस कैलामार्ड को नियुक्त किया गया था और उन्होंने अपनी रिपोर्ट में सुझाव दिया है कि क्राउन प्रिंस और बाकी अधिकारियों पर जांच की जाए और प्रिंस की विदेशी संपति पर प्रतिबंध भी लगाए जाएं.
सऊदी अरब ने संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट पर नाराज़गी जताते हुए इसे खारिज कर दिया है.
पत्रकार जमाल ख़ाशोग्जी की 2 अक्टूबर 2018 को तुर्की में सऊदी दूतावास में हत्या कर दी गई थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)