You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
दुनिया के किस कोने में पांच करोड़ लोग अंधेरे में डूबे
बड़े पैमाने पर बिजली कटने की वजह से समूचे अर्जेंटीना और उरूग्वे की बिजली चली गई है.
दोनों देशों में बिजली आपूर्ति करने वाली एक प्रमुख कंपनी का कहना है कि वो बिजली नहीं दे पा रही है.
अर्जेंटीना की मीडिया के मुताबिक स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजे बिजली चली गई जिससे ट्रेनें रुक गईं और ट्रैफ़िक सिग्नल भी बंद हो गए.
बिजली कटौती ऐसे समय में हुई है जब अर्जेंटीना में लोग स्थानीय चुनाव के लिए होने वाले मतदान में वोट डालने की तैयारी कर रहे थे.
बिजली आपूर्ति कंपनी एडेसुर का कहना है, "इलेक्ट्रिकल इंटरकनेक्शन प्रणाली में आई एक बड़ी खामी की वजह से समूचे अर्जेंटीना और उरूग्वे में बिजली नहीं है."
अंधेरे में डूबे पांच करोड़ लोग
दोनों देशों की आबादी करीब चार करोड़ अस्सी लाख है.
अर्जेंटीना के सांता फे, सेन लुइस, फ़ोरमोसा, ला रियोख़ा, शूबूत, कोर्डोबा, मेंडोज़ा प्रांतों में बिजली पूरी तरह चली गई है.
अर्जेंटीना के ऊर्जा सचिव का कहना है कि बिजली कटने का कारण अभी पता नहीं चल सका है.
नागरिक सुरक्षा मंत्रालय का अनुमान है कि सात से आठ घंटों में बिजली ठीक की जा सकेगी.
बिजली कंपनी का कहना है कि राजधानी ब्यूनोस आयर्स के कुछ हिस्सों में बिजली ठीक कर दी गई है. स्थानीय मीडिया के मुताबिक राजधानी के दो एयरपोर्ट जेनरेटरों से चल रहे हैं.
उरूग्वे की ऊर्जा कंपनी यूटीई ने एक ट्वीट में कहा है कि कुछ तटीय इलाक़ों में बिजली ठीक कर दी गई है.
अर्जेंटीना में पानी आपूर्ति करने वाली एक बड़ी कंपनी ने ग्राहकों से कहा है कि पानी बचाकर रखें. बिजली जाने से पानी की आपूर्ति पर भी असर हुआ है.
देश भर के लोग सोशल मीडिया पर बिजली कटौती के बारे में लिख रहे हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)