नरेश गोयल : जेट एयरवेज़ के पूर्व चेयरमैन को विदेश जाने से रोका गया - पाँच बड़ी ख़बरें

प्रकाशित

जेट एयरवेज़ के पूर्व चेयरमैन नरेश गोयल और उनकी पत्नी अनीता गोयल को मुंबई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने रोक दिया. अधिकारियों के मुताबिक गृह मंत्रालय ने उनके खिलाफ़ लुकआउट नोटिस जारी किया है. नरेश गोयल मुंबई से लंदन जा रहे थे.

लुकआउट नोटिस किसी शख़्स के खिलाफ़ जारी किया जाने वाला ऐसा नोटिफ़िकेशन है जिससे वह देश छोड़कर नहीं जा सकता. एयरपोर्ट इमिग्रेशन अथॉरिटी को यह सुनिश्चित करना होता है कि व्यक्ति को एयरपोर्ट पर ही रोक लिया जाए.

कुर्सी मायने नहीं रखती, कुर्सी को मेरी ज़रूरत-ममता

लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को पार्टी की आपातकालीन बैठक बुलाई. राज्य में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश की लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने इसे ख़ारिज कर दिया.

बैठक के बाद की गई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ममता बनर्जी ने कहा, ''तृणमूल कांग्रेस की आंतरिक बैठक में मैंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने की पेशकश की लेकिन पार्टी ने इसे ख़ारिज कर दिया.

''कुर्सी मेरे लिए मायने नहीं रखती, इससे पहले मैंने केंद्रीय मंत्री का पद छोड़ा है, मैंने अपने पार्टी के नेताओं को इस बार भी कहा कि मैं पद छोड़ना चाहती हूं लेकिन वो इसके लिए तैयार नहीं हुए. कुर्सी को मेरी ज़रूरत है. पिछले पांच महीने से मैं बिना शक्तियों वाली मुख्यमंत्री रही और इसके लिए चुनाव आयोग को शुक्रिया.''

पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने इस बार 18 सीटों पर जीत हासिल की है, तृणमूल कांग्रेस को चुनाव में 22 सीटों पर जीत मिली है.

राष्ट्रपति ने मोदी को दिया सरकार बनाने का न्यौता

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नरेंद्र मोदी को निर्वाचित प्रधानमंत्री नियुक्त किया और सरकार गठन करने का न्यौता दिया.

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए ने नरेंद्र मोदी को अपना नेता चुना जिसके वो राष्ट्रपति भवन गए और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया.

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने अपने दोनों साथी चुनाव आयुक्तों अशोक लवासा और सुशील चंद्रा के साथ राष्ट्रपति को नवनिर्वाचित सांसदों की सूची सौंप दी है.

जीत के बाद शीला दीक्षित से मिले मनोज तिवारी

उत्तर पूर्वी दिल्ली से चुनाव जीतने के बाद दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अपनी प्रतिद्वंदी शीला दीक्षित से मुलाकात की.

तिवारी शीला दीक्षित से मिलने उनके पूर्वी निज़ामुद्दीन स्थित आवास पर पहुंचे.

मनोज तिवारी ने तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकीं कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित को 3 लाख से ज़्यादा वोटों से हरा दिया है. दिल्ली की सातों सीटों पर बीजेपी उम्मीदवारों की जीत हुई है.

उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षण 'छोटे हथियार'-ट्रंप

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया द्वारा हाल में किए मिसाइल परीक्षणों को लेकर अपने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन से अलग बयान दिया है.

बोल्टन ने शनिवार को कहा था कि इसमें कोई शक़ नहीं है कि उत्तर कोरिया ने बैलिस्टिक मिसाइलों पर पाबंदी वाले संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव की अवहेलना की है.

लेकिन ट्रंप ने ट्वीट करके कहा है कि वो उत्तर कोरिया के इस कदम से परेशान नहीं हैं. उन्होंने अपने ट्वीट में इन मिसाइलों को 'कुछ छोटे हथियार'बताया. ट्रंप ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि किम जोंग उन परमाणु हथियारों या मिसलाइलों का परीक्षण न करने का अपना वादा निभाएंगे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)