You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
गुरुग्राम: पीड़ित परिवार के ख़िलाफ़ क्रॉस एफ़आईआर
- Author, कीर्ति दुबे
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
दिल्ली से सटे गुरुग्राम के भोंडसी इलाक़े में एक मुस्लिम परिवार के घर में घुस कर कथित मार-पीट मामले में अब क़रीब एक हफ़्ते बाद मोहम्मद साजिद के परिवार पर क्रॉस एफ़आईआर दर्ज कराई गई है.
नया गांव के रहने वाले राजकुमार नाम के शख़्स ने भोंडसी थाने में धारा 34 (एक मंशा के तहत कई व्यक्तियों की ओर से किया गया हमला), 323 (चोट पहुंचाना) 324 (ख़तरनाक हथियारों का इस्तेमाल करके चोट पहुंचाना) के तहत एफ़आईआर दर्ज कराई है.
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया है कि शिकायत दर्ज कराने वाले शख़्स का नाम राजकुमार है जो 21 मार्च की शाम हुई घटना में अभियुक्त है. पुलिस ने उनको गिरफ़्तार किया था.
इस एफ़आईआर पर मोहम्मद साजिद के भतीजे और होली की शाम हुई मारपीट में घायल दिलशाद ने बीबीसी से कहा "ये एफ़आईआर पूरी तरह झूठी है. अगर हमने उन्हें मारा होता तो वे एफ़आईआर अब दर्ज नहीं कराते. वो लोग हम पर झूठे इल्ज़ाम लगा रहे हैं.''
21 मार्च को गुरुग्राम के भूपसिंह नगर के रहने वाले मोहम्मद साजिद के परिवार पर कई लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया और परिवार के सदस्यों को लहूलुहान कर दिया था.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था और बाद में पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज करते हुए क़रीब 12 लोगों को गिरफ़्तार किया था.
इस मारपीट के शिकार और मोहम्मद साजिद के भतीजे दिलशाद ने बताया था कि गुरुवार को शाम पांच से साढ़े पांच बजे के बीच नया गांव से 25-30 लोग लाठी-डंडों और भालों के साथ उनके घर में दाख़िल हुए और घर में मौजूद साजिद, दिलशाद, समीर, शादाब सहित 12 लोगों को पीट-पीट कर लहूलुहान कर दिया.
साजिद के बेटे शादाब का दिल्ली के सफ़दरजंग अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चला.
गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अक़ील ने बीबीसी हिंदी को बताया था, "ये पूरा विवाद क्रिकेट को लेकर शुरू हुआ. खेल को लेकर शुरू हुआ ये विवाद बढ़ गया और मारपीट तक पहुंच गया. दोनों ही पक्षों ने मारपीट की. हां एक पक्ष ने ज़्यादा मारपीट की है और हमने अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है और एक शख़्स की गिरफ़्तारी की गई है.''
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)