You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
अब भ्रष्ट नेताओं से लड़ूंगा : राम जेठमलानी
देश के जाने-माने वकील राम जेठमलानी ने शनिवार को संन्यास लेने की घोषणा की है.
उन्होंने दिल्ली में भारत के मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा के सम्मान में रखे गए बार काउंसिल ऑफ़ इंडिया के एक कार्यक्रम में अपने सात दशक लंबे करियर से संन्यास लेने की घोषणा की और कहा कि अब वो भ्रष्ट नेतों से लड़ते रहेंगे.
इस मौके पर पूर्व भाजपा नेता और वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी ने मौजूदा एनडीए सरकार को कोसा.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक 94 वर्षीय राम जेठमलानी ने कहा, ''गवर्नेंस की मौजूदा हालत किसी विपत्ति से कम नहीं है और देश भी अच्छी स्थिति में नहीं है. इससे पहले की सरकार और मौजूदा सरकारों ने देश को नीचा दिखाया है. बार के सदस्यों और सभी अच्छे नागरिकों की ज़िम्मेदारी है कि वो देश को इस विपत्ति से उबारें.''
जेठमलानी ने कहा, ''मैं यहां सिर्फ ये बताने के लिए हूं कि मैं अपने पेशे से संन्यास ले रहा हूं लेकिन मैं अपने ज़िंदा रहने तक नई भूमिका में रहूंगा. मैं भ्रष्ट नेताओं से लड़ूंगा जो सत्ता के पदों पर लाए गए हैं और मुझे उम्मीद है कि भारती की स्थिति बेहतर शक्ल लेगी.''
कई हाईप्रोफ़ाइल मामलों में राम जेठमलानी वकील रहे और चर्चा में रहे, यहां पढ़ें कुछ अहम केस जिनसे जेठमलानी जुड़े रहे:
- 17 साल की उम्र में क़ानून की डिग्री हासिल करने वाले जेठमलानी सबसे पहले 1959 के केएम नानावटी बनाम महाराष्ट्र सरकार मामले से चर्चा में आए थे.
- इंदिरा गांधी की हत्या के मामले में उनके हत्यारे केहर सिंह और सतवंत सिंह और राजीव गांधी की हत्या के मामले में दोषी मुरुगन के लिए अदालत में पेश हुए थे.
- उन्होंने स्टॉक मार्केट घोटाले में हर्षद मेहता का बचाव किया. बाद में ऐसे ही घोटाले में केतन पारेख का बचाव किया.
- वो अंडरवर्ल्ड डॉन हाजी मस्तान की भी पैरवी कर चुके हैं.
- हवाला कांड में राम जेठमलानी वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के वकील थे.
- दिल्ली के बेहद चर्चित जेसिका लाल हत्याकांड मामले में वे अभियुक्त मनु शर्मा के वकील थे.
- सोहराबुद्दीन फ़र्ज़ी मुठभेड़ मामले में उन्होंने मौजूदा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का केस लड़ा.
- 2जी घोटाला मामले में वे डीएमके की नेता कनिमोझी के वकील रहे.
- राम जेठमलानी कथित बलात्कार मामले में गिरफ़्तार बापू आसाराम के भी वकील रह चुके हैं.
- आय से अधिक संपत्ति मामले में वो तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के वकील थे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)