अप्रैल फ़ूल डे क्या है और कहां से हुई इसकी शुरुआत

प्रकाशित

पहली अप्रैल को शायद आप दोस्तों या परिवार में किसी को बेवकूफ़ बनाने के लिए सोच रहे होंगे.

ऐसा इसलिए कि अप्रैल फ़ूल का दिन है आज. इस दिन हम सभी एक दूसरे का मज़ाक बनाते हैं.

ब्रिटेन में यह 19वीं सदी से ही मनाया जा रहा है.

यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिस्टल में इतिहासकार एंड्रिया लिवेसी ने अप्रैल फ़ूल के इतिहास के बारे में बीबीसी को बताया.

अप्रैल फ़ूल डे में बच्चों को ज़्यादा बेवकूफ बनाया जाता है.

एंड्रिया ने बताया कि इस बात से हर कोई सहमत नहीं है कि यह उत्सव कहां से आया.

उन्होंने कहा, ''आश्चर्यजनक रूप से अप्रैल फ़ूल डे की शुरुआत कहां से हुई इसके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है. बड़ी संख्या में लोगों का इस पर मतभेद है. इसकी उत्पत्ति को लेकर कई तरह की बातें कही जाती हैं.'' ऐसे में हम इन्हीं बातों पर एक नज़र डालते हैं.

(यह स्टोरी बीबीसी हिंदी पर पहली बार एक अप्रैल 2017 में प्रकाशित हुई थी.)

पहली थ्योरी

कई लोगों का मानना है कि 14वीं सदी में इंग्लिश कवि जियोफी चौसर ने एक कहानी कही थी. इसमें एक लोमड़ी मुर्गे के साथ शरारत करती है. पहली अप्रैल को शरारत के मामले में इसे पहला संदर्भ माना जाता है.

हालांकि कवि ने सीधे पहली अप्रैल का ज़िक्र नहीं किया है. कविता में 32 दिनों की बात है. मार्च महीने की शुरुआत से पहली अप्रैल तक का ज़िक्र है.

हालांकि जो इस पर भरोसा नहीं करते हैं उनका कहना है कि कवि ने लोगों के मज़े लेने के लिए भ्रम में डालने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया था.

दूसरी थ्योरी

कई लोगों का मानना है कि इस परंपरा की शुरुआत कैलेंडर में वाकयों के कारण हुई.

इसमें रोमन काल के त्योहारों को याद किया जाता है. यह नए साल के उत्सव के साथ ही शुरू हो जाता था.

मार्च में वसंत होता है इसलिए लोगों को लगता है कि शरारत करने की परंपरा इसी वक़्त शुरू हुई.

वसंत के आगमन के बाद से नए साल की तैयारी शुरू हो जाती थी.

कैलेंडर के तर्क को आगे बढ़ाते हुए एक और बात कही जाती है कि नए साल का जश्न जनवरी की शुरुआत से मार्च के आख़िर तक चलता था. जो मार्च तक नया साल मनाते थे उन्हें बेवकूफ समझा जाता था और लोग उनका मज़ाक बनाते थे.

एंड्रिया का कहना है, ''फ्रांस और हॉलैंड में पहली अप्रैल का ठोस रिकॉर्ड 1500 के दशक में मिलता है. लोगों का मानना है कि यह उत्तरी यूरोप की परंपरा थी जो ब्रिटेन तक आई. यूरोप के कुछ इलाक़ों में इसे अप्रैल फ़िश डे के रूप में मनाया जाता है.''

ऐसा इसलिए कि फ्रांसीसी नदियों में एक अप्रैल के आसपास काफी मछली पाई जाती है. फिश को ही फ़ूलिश डे के रूप में देखा जाने लगा.

इसी वजह से एक अप्रैल लोकप्रिय हुआ.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)