You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
तुर्की के इस्तांबुल में धमाका, छह की मौत 53 घायल
तुर्की के बड़े शहर इंस्ताबुल में एक व्यस्त शॉपिंग इलाके में हुए धमाके में छह लोग मारे गए हैं, वहीं 53 लोग घायल हैं.
स्थानीय गवर्नर ने ट्वीट कर हताहतों की संख्या बताई है.
स्थानीय मीडिया ने पहले दस लोगों के घायल होने की खबर दी थी. सोशल मीडिया में इस विस्फोट के वीडियो वायरल हो रहे हैं.
हालांकि तुर्की के अधिकारियों ने अभी तक विस्फोट की वजह की पुष्टि नहीं की है.
तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.
धमाके के बाद इमरजेंसी सर्विस के लोगों को विस्फोट स्थल की ओर तेज़ी से जाते देखा गया. इंस्ताबुल के गवर्नर अली यरलिकाया ने कहा कि विस्फोट स्थानीय समय के मुताबिक विस्फोट शाम चार बज कर बीस मिनट पर इस्तिकलाल स्ट्रीट में हुआ.
इससे पहले उन्होंने कहा था कि इस घटना में कई लोगों की मरने और घायल होने की खबर है. लेकिन उन्होंने कोई ब्योरा नहीं दिया था.
बीबीसी की तुर्की सेवा का कहना है कि फिलहाल घटनास्थल को घेर दिया गया है. टीआरटी और दूसरी मीडिया ख़बरों में कहा गया है कि जिस इलाके में विस्फोट हुआ है वहां आम दिनों की तरह भीड़भाड़ थी.
जिस समय विस्फोट हुआ उस वक्त वहां दुकानदार और पर्यटक बड़ी तादाद में थे. कई लोग अपने परिवार के साथ यहां घूमने आए थे. घटनास्थल के नजदीकी इलाके कासिमपासा पुलिस स्टेशन ने रॉयटर्स को बताया कि घटनास्थल की पुलिस रवाना हो गई है. हालांकि उसने ज्यादा ब्योरा नहीं दिया.
स्थानीय मीडिया ने कहा है पुलिस इंस्पेक्टर वहां पहुंच गए थे. तुर्की रेड क्रिसेंट ने कहा कि स्थानीय अस्पतालों को ब्लड स्टॉक भेजा जा रहा है. वहां के नियामक ने फिलहाल इस विस्फोट के कवरेज के प्रसारण पर रोक लगा रखा है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)