भारत की हार ने तोड़ा खिलाड़ियों और प्रशंसकों का दिल, क्या कह रहे हैं लोग

प्रकाशित

वर्ल्ड कप में भारत की हार ने भारतीय प्रशंसकों का दिल तोड़ दिया है.

सोशल मीडिया पर किए जा रहे पोस्ट और विभिन्न मीडिया समूहों से बातचीत में भारतीय प्रशंसक अपना अपना दुख शेयर कर रहे हैं.

कई लोग तो इतने दुखी दिखे कि वे अपने आंसू नहीं छिपा सके.

कई प्रशंसक भारतीय खिलाड़ियों की आंखों में आए आंसुओं पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, "हमारी टीम ने पूरे विश्व कप में असाधारण रूप से अच्छा खेला और यादगार प्रदर्शन किया. सच्ची खेल भावना में जीत और हार दोनों से मजबूत होकर उभरना शामिल है. मेरा दृढ़ विश्वास है कि आप और भी मजबूत होकर उभरेंगे."

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट अपने 'एक्स' हैंडल में लिखा, ''टीम इंडिया, आपने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बहुत अच्छे से खेला! हार मिले या जीत- हम आपको प्यार करेंगे और हम अगला मैच जीतेंगे.''

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, ''बधाई टीम ऑस्ट्रेलिया! भारत बढ़िया खेला और लोगों के दिल जीते. आपकी प्रतिभा और खेलभावना आपके खेल में साफ तौर पर दिखी.''

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट किया, ''पूरी प्रतियोगिता में अपनी उत्कृष्ट खेल भावना और शानदार प्रदर्शन से करोड़ों खेल प्रेमियों का मन जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का हार्दिक अभिनंदन... आपने देश का मान बढ़ाया है. हमें आप पर गर्व है.''

वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने लिखा, ''हार चुभेगी, लेकिन प्रतिकूल हालात में जवाब देने की हमारी टीम की क्षमता किसी भी स्कोरबोर्ड से ज़्यादा चमकेगी.''

उन्होंने कहा, ''आज विश्व कप में अंतिम गेंद तक बहादुरी से लड़कर हमने धैर्य, कुशलता और अटल निश्चय का प्रदर्शन किया. हालांकि हमें जीत नहीं मिल पाई, लेकिन हमारे खिलाड़ियों ने शेर जैसी बहादुरी से लड़ाई लड़ी.''

एक अन्य फैन ने कहा, "टीम इंडिया की बल्लेबाज़ी उतनी अच्छी नहीं थी. दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज़ी सुनियोजित थी. उनकी फ़ील्डिंग भी अच्छी थी."

एक प्रशंसक ने पीटीआई से कहा, "हमारी टीम पूरे टूर्नामेंट में चैंपियन की तरह खेली. लेकिन आज, भाग्य हमारे साथ नहीं था. खेल में जीत और हार दोनों होते हैं. हालांकि, सभी खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की. टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन से यह ज़ाहिर हुआ.''

पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफ़ान पठान ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, ''टीम इंडिया का पूरे विश्व कप में सिर्फ़ एक ख़राब खेल और वो भी फाइनल में. अपनी टीम के लिए प्यार और सम्मान.''

गौतम गंभीर ने लिखा, ''जैसा कि मैंने कहा, चाहे जो भी हो हम एक चैंपियन टीम हैं. तो शांत हो जाओ लड़को... ऑस्ट्रेलिया को बहुत-बहुत बधाई!''

उन्होंने एक चैनल के लिए कमेंट्री करने के दौरान कहा, ''सिर्फ जीतने वाली टीम ही चैंपियन नहीं होती... इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम का जो प्रदर्शन रहा है, उसे इंजॉय किया जाना चाहिए. हमारी टीम चैंपियन की तरह खेली है.''

एक अन्य प्रशंसक ने कहा, "इस मैच को छोड़कर भारत ने विश्व कप में कई मैच जीते. इस बार भारत की गेंदबाज़ी वास्तव में अच्छी थी."

एक प्रशंसक ने कहा, "भारतीय टीम पर हमें हमेशा से भरोसा था और आगे भी रहेगा. टीम हमारी है, हार-जीत तो होती रहती है लेकिन साथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए."

रोहित शर्मा और अन्य भारतीय खिलाड़ियों के रोने पर कई लोग सोशल मीडिया हैंडल पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

सौरभ सिंह नाम के एक यूज़र ने लिखा, ''2019 विश्व कप के बाद रोहित शर्मा की आंखों में फिर आंसू देखने से अधिक दर्दनाक कुछ भी नहीं है.''

विशाल ने लिखा, ''रोहित शर्मा और उनके साथी इस समय ज़रूर दिल टूटने जैसा महसूस कर रहे होंगे.''

एक प्रशंसक ने कैमरे पर रोते हुए कहा, ''हारना और जीतना खेल का हिस्सा है... टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया... हम फिर से मजबूत होकर उभरेंगे..."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)