You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
जिस गाँव में अब मुश्किल से 10 लोग बचे हैं, वहाँ दुनिया भर के लोगों में एक दिन के लिए पहुँचने की होड़
- Author, ऋषिका शर्मा
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 8 मिनट
अवेलेनोसा डे मुन्यो एक ख़ास रात के लिए तैयारी कर रहा है. यहाँ न के बराबर लोग रहते हैं. कोई रेस्टोरेंट नहीं है और शायद ही कोई घूमने आता है.
बात उत्तरी स्पेन के बुर्गोस प्रांत में बसा छोटा सा गाँव अवेलेनोसा डे मुन्यो की.
यहाँ एक बार है जो कभी नहीं खुलता और एक शराब का गोदाम है जो अब कभी नहीं खुलेगा.
लेकिन अगर आप ध्यान से सुनें, तो एक धीमी धुन सुनाई देने लगती है. तेज़ गर्मी की धूप में झुलसी लैवेंडर की झाड़ियों के आस-पास मंडराती मधुमक्खियों की धीमी गूंज सुनाई देती है.
उनके ऊपर पत्थर की छतों के बीच तेज़ी से उड़ती काली-सफ़ेद स्वैलो चिड़ियां की चहचहाहट लगभग ख़ाली सड़कों पर गूंजती है. घरों के बाहर किसी अकेले ट्रैक्टर की आवाज़ ही अक्सर इंसानी ज़िंदगी का एकमात्र धुंधला निशान होती है.
ऐसा तब तक होता है, जब तक पास की बेकरी से एक साधारण सी सफ़ेद वैन हफ़्ते में एक बार यहाँ रहने वाले कुछ लोगों को ब्रेड पहुंचाने के लिए आती है. उस दौरान गांव की सुस्ती भरी शांति कुछ देर के लिए टूट जाती है.
इन कुछ लोगों के लिए यही वह चीज़ है जो उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी को आकार देती है. एक ऐसी जगह जहाँ ज़्यादातर दिनों में असल में कुछ भी नहीं होता.
फिर भी इस गर्मी में यह गांव जो आम तौर पर सन्नाटे और ख़ालीपन के लिए जाना जाता है, दुनिया की सबसे रोमांचक जगहों में से एक बन जाएगा.
'डबल ट्विलाइट'
12 अगस्त 2026 को अटलांटिक के ऊपर से एक पूर्ण सूर्य ग्रहण गुज़रेगा. 1999 के बाद यह पहली बार होगा, जब मुख्य यूरोप से पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई देगा.
मैड्रिड की रहने वाली भौतिक विज्ञानी डॉक्टर मारिया टेरेसा लोपेज़ सांचेज़ के मुताबिक़, 1912 के बाद यह मुख्य स्पेन से दिखाई देने वाला पहला पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा.
हालांकि पूर्ण सूर्य ग्रहण का नज़ारा महाद्वीप के एक संकरे रास्ते पर ही दिखेगा और 'अवेलेनोसा डे मुन्यो' गाँव ठीक उसी रास्ते पर पड़ता है.
लेकिन इस छोटे से गाँव को देखने के लिए एक दिलचस्प जगह बनाने वाली चीज़ यहाँ का नज़ारा है. सुनहरे गेहूं के खेत और छोटी पहाड़ियां जो पश्चिम की ओर फैली हैं.
साथ ही यहाँ बहुत कम इमारतें और कृत्रिम रोशनी है. मशहूर जगहों पर होने वाली भीड़-भाड़ भी यहाँ लगभग न के बराबर है.
ग्रहण का समय इसे और भी ख़ास बनाता है. क्योंकि यह सूरज डूबने से ठीक पहले होगा. इसलिए इससे 'डबल ट्विलाइट' जैसा नज़ारा दिखेगा.
इसके बारे में लोपेज़ कहते हैं, "ये ऐसा है, जैसे कुछ ही मिनटों में दो बार सूरज डूबते देखना."
उसी रात बाद में पर्सिड्स उल्कापिंडों की बारिश भी दिखाई देगी. इससे खगोलीय घटनाओं का एक दुर्लभ संगम देखने को मिलेगा.
वहाँ रहने वाली सारा अल्वारेज़ रोड्रिगेज़ को इसमें कोई शक नहीं है कि वह लोगों को कहां जाने के लिए कहेंगी. वह कहती हैं, "गुफ़ा की तरफ़ ऊपर जाइए, वहां से आप सब कुछ देख पाएंगे."
1937 में अवेलेनोसा डे मुन्यो में पैदा हुईं अल्वारेज़ कभी कहीं और नहीं रहीं. यहां बिताए अपने लगभग नौ दशकों में उन्होंने गाँव को पूरी तरह बदलते देखा है.
वह बताती हैं कि 1950 के दशक में गांव में लगभग 200 लोग रहते थे और कई छोटी-छोटी दुकानें थीं. यहां की मछली बेचने वाले साइकिल से आस-पास के गाँवों में जाते थे.
राउल ग्रांडे रेविला का जन्म 73 साल पहले यहीं हुआ था लेकिन बचपन में ही वह मैड्रिड चले गए थे. उन्हें याद है कि एक डाकिया गधे पर बैठकर चिट्ठियां और अख़बार पहुँचाने आता था.
गधे की पीठ पर बैठे-बैठे आधी नींद में भी डाकिया उस जानवर पर भरोसा कर सकता था कि उसे कहाँ रुकना है, जिसमें गाँव के आख़िरी छोर पर बना छोटा सा पोस्ट ऑफ़िस भी शामिल था.
दूसरे देशों से आएंगे लोग
पीढ़ियों तक यह गांव सूखी ज़मीन पर खेती, सब्ज़ियों के बाग़, अंगूर के बाग़ और पशुपालन के सहारे चलता रहा.
फिर खेती में मशीनों का इस्तेमाल होने लगा. आस-पास नौकरी के ज़्यादा मौक़े न होने के कारण लोग मैड्रिड, बिलबाओ, बार्सिलोना और दूसरे शहरों में चले गए.
इस कार्यक्रम के लिए ग्रांडे अपनी पार्टनर, बेटे, पोते-पोतियों और दोस्तों के बड़े ग्रुप के साथ वापस आएंगे. उनके भाई भी अपने तीन बच्चों, पोते और बहन के साथ आएँगे. इस तरह लगभग 20 लोगों का एक ग्रुप इकट्ठा होगा और एक रात के लिए गांव की आबादी दोगुनी हो जाएगी.
बात यहीं तक सीमित नहीं रहेगी. अल्वारेज़ बताते हैं कि दूसरे पड़ोसी भी अपने दोस्तों और रिश्तेदारों की मेज़बानी करेंगे, जो पूरे स्पेन से और यहां तक कि ब्रिटेन, फ्रांस और वेनेज़ुएला से भी आएंगे.
सैंटियागो डी कॉम्पोस्टेला यूनिवर्सिटी के भूगोल विभाग की प्रोफेसर डॉक्टर लूक्रेज़िया लोपेज़ का कहना है कि ग्रहण जैसी ख़ास घटनाएं लोगों को "किसी ऐसी जगह को फिर से खोजने के लिए प्रेरित कर सकती हैं, जिससे उनका पहले से ही कोई नाता रहा हो."
2022 में ही हो चुकी है बुकिंग
अवेलेनोसा में यह दोबारा खोज अब वहाँ के पुराने निवासियों और उनके परिवारों से आगे भी फैल रही है.
ड्यूक ऑफ़ लेर्मा के पुराने महल में बने पास के पैराडोर डी लेर्मा होटल में इस इवेंट के लिए 2022 से ही बुकिंग हो चुकी है.
कैस्टिला वाई लियोन के टूरिज़्म बोर्ड के अल्बर्टो बोस्कुए कोएलो का कहना है कि पूरे इलाक़े में यही ट्रेंड देखने को मिल रहा है.
वह कहते हैं, "हमारे यहाँ रहने की ज़्यादातर जगहें पूरी तरह बुक हो चुकी हैं. असल में इनकी बुकिंग तो काफ़ी पहले ही हो गई थी."
उन्होंने कहा कि ग्रहण के जानकार "सबसे मशहूर जगह नहीं, बल्कि सबसे अच्छी जगह" की तलाश में थे, क्योंकि वे ग्रहण को सबसे अच्छी तरह देखना चाहते थे.
ग्रांडे मुझे कैलिफ़ोर्निया के एक परिवार के बारे में बताते हैं जो ग्रहण देखने के लिए स्पेन जाने की योजना बना रहा है. वे नहीं चाहते थे कि यह परिवार मैड्रिड में 'टोटैलिटी' का नज़ारा देखने से चूक जाए.
वे घर-घर जाकर पूछते रहे कि क्या अवेलेनोसा में कोई उन्हें अपने यहाँ ठहरा सकता है, ताकि वे ग्रहण को उस जगह से देख सकें, जिसे ग्रांडे स्पेन का सबसे अच्छा व्यूइंग पॉइंट मानते हैं.
मैं उनसे पूछती हूँ कि लगभग 10 लोगों वाले गांव के लिए अचानक सुर्खियों में आना कैसा लगता है. ग्रांडे हँसते हैं और सिर हिलाते हैं. वे कहते हैं, "बिल्कुल ऐसा ही है."
उन्हें हैरानी होती है कि उनका छोटा सा गाँव, भले ही कुछ समय के लिए, दुनिया भर के लोगों को अपनी ओर खींच रहा है.
पूरे बुर्गोस में समुदाय ग्रहण देखने के लिए ख़ास जगहें और सभाएं तैयार कर रहे हैं. लेकिन अवेलेनोसा डी मुन्यो में स्थानीय लोग और बाहर से आए पर्यटक गांव के ऊपर बनी गुफाओं की ओर जाएंगे.
दुनिया का केंद्र बनेगा ये गाँव
पूर्ण सूर्य ग्रहण के समय सूर्य होर्जिन से बस आठ डिग्री ऊपर होगा, इसलिए पश्चिम की तरफ़ का साफ़ नज़ारा बहुत ज़रूरी होगा. ऐसे में ऊंचाई पर बनी ये गुफ़ाएं इस अनोखे खगोलीय नज़ारे को देखने के लिए सबसे अच्छी जगह बन जाती हैं.
लेकिन ये गुफ़ाएं सिर्फ़ नज़ारा देखने की अच्छी जगह ही नहीं हैं. पीढ़ियों से यह घटती हुई आबादी यहाँ एक साथ सूर्यास्त देखने के लिए इकट्ठा होती रही है और यहां के एक पूर्व निवासी ने तो अपनी अस्थियां भी यहीं बिखेरने की इच्छा जताई थी. गांव के लोगों के लिए यह जगह बहुत भावुक महत्व रखती है.
अवेलेनोसा एक ऐसी जगह है, जिसे अल्वारेज़ ने कभी नहीं छोड़ा और न ही कभी छोड़ेंगे. ग्रांडे अपनी ज़िंदगी में लगभग हर साल यहाँ लौटते रहे हैं. हर गर्मी में अल्वारेज़ की बेटियां घर लौटती हैं और अपनी मां के गुज़र जाने के बाद भी वे ऐसा करती रहेंगी.
ग्रांडे अब अपने बेटों उनके बच्चों और आजकल उनके दोस्तों को भी साथ लाते हैं. उन्हें उम्मीद है कि वे वैसा ही लगाव पैदा कर पाएंगे जैसा उन्होंने यहां एक छोटे बच्चे के तौर पर महसूस किया था, ताकि एक दिन उनके पोते-पोतियाँ भी यहां वापस आने के लिए प्रेरित हों.
वे मुझसे कहते हैं, "मेरे लिए सबसे ज़रूरी बात यह है कि मेरे बच्चे और पोते-पोतियां भी इस गांव के लिए वैसा ही लगाव महसूस करें जैसा मैं करता हूँ."
ग्रहण वाले दिन अवेलेनोसा डे मुन्यो एक बार फिर लोगों की बातचीत से भर जाएगा.
ग्रिल किए हुए लैंब चॉप्स का धुआं उन जगहों पर फैल जाएगा, जहाँ कभी रेस्तरां हुआ करते थे और बच्चों की हँसी वहां सुनाई देगी जहां कभी एक स्कूल हुआ करता था.
फिर कुछ ख़ास मिनटों के लिए दो बार अंधेरा छा जाएगा. और भूगोल के एक अनोखे संयोग से स्पेन के सबसे कम ध्यान दिए जाने वाले गांवों में से एक कुछ समय के लिए दुनिया का केंद्र बन जाएगा.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.