अभिनेता राजेश शर्मा कैसे पड़े बीमार, अक्षय कुमार से लेकर शुभेंदु अधिकारी ने क्या कहा?

राजेश शर्मा

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, हैदराबाद के रामोजी फ़िल्म सिटी में कथित तौर पर राजेश शर्मा को कीड़े ने काटा था
    • Author, रुपसा सेनगुप्ता
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 5 मिनट

प्रभास की आने वाली फ़िल्म की शूटिंग के दौरान कथित तौर पर कीड़े के काटने से बीमार पड़े लोकप्रिय बंगाली अभिनेता राजेश शर्मा अब भी डॉक्टरों की निगरानी में हैं.

उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कोलकाता के ढाकुरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इससे पहले वह हैदराबाद के रामोजी फ़िल्म सिटी से लौटे थे, जहां कथित तौर पर यह घटना हुई थी.

फ़िलहाल वह ख़तरे से बाहर हैं और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं.

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मंत्री डॉक्टर इंद्रनील ख़ान ने एक्स पर पोस्ट कर राजेश शर्मा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

शुक्रवार को ढाकुरिया के मणिपाल अस्पताल के चीफ़ मेडिकल सर्विसेज़ डॉ. तानिया लोध ने बीबीसी को बताया कि शर्मा की हालत अब स्थिर है और उनमें सुधार के संकेत मिल रहे हैं.

उन्होंने कहा, "हमने उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखने का फ़ैसला किया है. मैं इससे ज़्यादा कुछ नहीं बता सकती क्योंकि उन्होंने अपनी मेडिकल जानकारी साझा करने की सहमति नहीं दी है."

इंद्रनील ख़ान

इमेज स्रोत, @IndranilKhan

इमेज कैप्शन, इंद्रनील ख़ान ने राजेश शर्मा से मुलाक़ात की तस्वीर भी एक्स पर पोस्ट की है

आख़िर क्या हुआ था?

मंगलवार रात अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया.

छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
दिनभर: पूरा दिन,पूरी ख़बर (Dinbhar)

वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं.

एपिसोड

समाप्त

अस्पताल के एक सूत्र ने नाम न बताने की शर्त पर बीबीसी से कहा, "अस्पताल में भर्ती होने के दौरान उन्हें तेज़ बुख़ार था और उनके दाहिने पैर में संक्रमण था. उन्होंने सांस लेने में हल्की दिक्कत की भी शिकायत की. संक्रमण बढ़ने की वजह से उन्हें तेज़ बुख़ार हो गया और मेडिकल टीम ने उन्हें निगरानी में रखने का फ़ैसला किया. लेकिन अब वह ख़तरे से बाहर हैं."

शर्मा डायबिटीज़ से भी पीड़ित हैं. डॉक्टरों का कहना है कि इस वजह से उनकी मेडिकल कंडीशन और जटिल हो सकती है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ राजेश शर्मा के परिवार की ओर से अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने एक बयान जारी किया है. उस बयान के मुताबिक़, शूटिंग ख़त्म होने के बाद अभिनेता घने वनस्पति वाले इलाके़ में स्थानीय तकनीशियनों से बातचीत कर रहे थे, तभी उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि किसी कीड़े ने काट लिया है.

बयान में कहा गया है कि शुरुआत में उन्हें तकलीफ़ मामूली लगी, इसलिए तुरंत इलाज नहीं कराया. हालांकि, लगभग छह घंटे बाद उनके दाहिने पैर में तेज़ दर्द शुरू हो गया और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. बाद में वह कोलकाता लौटे और तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया.

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, राजेश शर्मा हनु राघवपुडी के निर्देशन में बन रही 'फ़ौजी' फ़िल्म की शूटिंग कर रहे थे, 'फ़ौजी' के निर्माताओं ने दावा किया है कि शूटिंग के दौरान हुई किसी घटना या मेडिकल इमरजेंसी की उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई थी.

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने एक बयान जारी कर तेलंगाना सरकार से राजेश शर्मा की मेडिकल इमरजेंसी से जुड़ी परिस्थितियों की 'तत्काल, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच' कराने की मांग की है.

अक्षय कुमार ने भी सोशल मीडिया पर किया ज़िक्र

राजेश शर्मा

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने कहा है कि अभिनेता राजेश शर्मा की मेडिकल इमरजेंसी की सटीक वजह पता लगाई जानी चाहिए

एक्स पर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता की ओर से साझा किए गए पोस्ट में कहा गया है, "ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन तेलंगाना के माननीय मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी से आग्रह करता है कि वो रामोजी फ़िल्म सिटी में 'फ़ौजी' के शूटिंग सेट पर हुई घटना की तत्काल उच्चस्तरीय जांच के आदेश दें."

उन्होंने लिखा, "जांच में यह पता लगाया जाना चाहिए कि अभिनेता राजेश शर्मा की मेडिकल इमरजेंसी की सटीक वजह क्या थी, क्या कार्यस्थल की सुरक्षा, स्वच्छता और आपातकालीन चिकित्सा से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का पालन किया गया था, और क्या निर्माता, प्रोडक्शन हाउस या किसी अन्य ज़िम्मेदार प्राधिकरण की ओर से कोई लापरवाही हुई थी."

उनकी सेहत के बारे में चिंता ज़ाहिर करते हुए अभिनेता अक्षय कुमार ने एक्स पर लिखा, "शूटिंग के दौरान कीड़े के काटने के बाद मेरे प्रिय मित्र राजेश की तबीयत के बारे में जानकर बहुत चिंता हुई. मैं प्रार्थना करता हूं कि महादेव उन्हें जल्द और पूरी तरह स्वस्थ करें. जल्दी ठीक हो जाओ यार, अभी साथ बैठकर बहुत हंसना है."

अपने दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले राजेश शर्मा नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा से पढ़े हैं.

उन्होंने कई बंगाली फ़िल्मों में अभिनय किया है. उन्होंने 'खोसला का घोसला', 'बजरंगी भाईजान', 'परिणीता' समेत कई बॉलीवुड फ़िल्मों में भी काम किया है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)