लाइव, एंडी बर्नहम ब्रिटेन के अगले पीएम बनने की राह पर, मिला 322 सांसदों का समर्थन

एंडी बर्नहम लेबर पार्टी के अगले नेता और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ गए हैं.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • Maharashtra cylinder
  • gaza football
  • trump Iran
  • प्रशांत किशोर
  • ज़िनेदिन ज़िदान
  • पुणे में बारिश
  • समंदर का पानी खारा, नदी का पानी मीठा क्यों होता है?

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. एंडी बर्नहम ब्रिटेन के अगले पीएम बनने की राह पर, मिला 322 सांसदों का समर्थन, पॉल सेडन, जोशुआ नेवेट और मार्क सेवेज

    एंडी बर्नम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एंडी बर्नहम ने अपने समर्थन में खड़े होने वाले लेबर पार्टी के 322 सांसदों का शुक्रिया अदा किया है

    एंडी बर्नहम लेबर पार्टी के अगले नेता और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ गए हैं.

    लेबर पार्टी के अधिकांश सांसदों ने पार्टी नेतृत्व के लिए उनका समर्थन किया है. वह पार्टी नेता के पद पर सर किएर स्टारमर की जगह ले सकते हैं.

    गुरुवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के बाद अब तक 322 लेबर सांसद बर्नहम के समर्थन में सामने आए हैं. फिलहाल वह इस पद के लिए अपनी उम्मीदवारी घोषित करने वाले इकलौते उम्मीदवार हैं.

    अगर उम्मीद के मुताबिक़ कोई दूसरा उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरता है, तो अगले सप्ताह बर्नहम को लेबर पार्टी का नेता घोषित किया जाएगा. इसके बाद वह 20 जुलाई को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे.

    यह ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर बर्नहम के लिए सत्ता तक पहुंचने का असाधारण सफर होगा. उन्होंने कुछ ही सप्ताह पहले मेकरफील्ड उपचुनाव में जीत हासिल की थी.

    एक बयान में बर्नहम ने कहा कि पार्टी का नेता बनाने के लिए उनका नामांकन करने वाले लेबर सांसदों के प्रति वह "गहरे आभारी" हैं.

    उन्होंने अपने समर्थन में खड़े होने वाले लेबर पार्टी के 322 सांसदों का शुक्रिया अदा किया है.

    उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी के अलग-अलग वर्गों से समर्थन मिला है, जो इस साझा सोच को दर्शाता है कि "ब्रिटेन को राजनीति के लिए नए नज़रिए की जरूरत है."

  2. पीएम मोदी का ऑस्ट्रेलिया दौरा समाप्त, न्यूज़ीलैंड के लिए हुए रवाना

    मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी न्यूज़ीलैंड के लिए रवाना होते हुए

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना ऑस्ट्रेलिया दौरा समाप्त कर न्यूज़ीलैंड के लिए रवाना हो गए हैं. वे ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से ऑकलैंड के लिए रवाना हुए हैं.

    यह 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूज़ीलैंड यात्रा है.

    पीएम मोदी की यात्रा पर न्यूज़ीलैंड में भारतीय उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी ने एक इंटरव्यू में कहा, "यह निश्चित रूप से बेहद अहम यात्रा है, क्योंकि साझेदार देशों के नेताओं का आमने-सामने मिलना जरूरी होता है."

    इससे पहले न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री ने पिछले साल मार्च में भारत की यात्रा की थी.

    उन्होंने कहा, "पिछले साल हमने रक्षा सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे और अब हम उसी सहयोग को आगे बढ़ाएंगे. इस यात्रा के दौरान समुद्री सहयोग पर विशेष जोर रहेगा."

    "पिछले साल न्यूजीलैंड इंडो-पैसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव में शामिल हुआ था और तब से हम कई क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं."

    पीएम मोदी ने अपनी ऑस्ट्रेलिया यात्र की समाप्ति पर एक्स पर लिखा, ''मेरी ऑस्ट्रेलिया यात्रा के समाप्ति पर मैं ऑस्ट्रेलिया की सरकार, वहां के लोगों और प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ की ओर से मिले आत्मीय स्वागत के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूं.''

    ''इस यात्रा के नतीजों ने हमारी साझेदारी को और मजबूत किया है और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खोले हैं. आने वाले समय में इस साझेदारी की गति हमारे दोनों देशों के साथ-साथ पूरी दुनिया के लिए भी लाभदायक होगी.''

  3. स्पेन में जंगल की आग से 12 लोगों की मौत, दक्षिणी यूरोप में हीटवेव जारी

    स्पेन के जंगल में लगी आग

    इमेज स्रोत, @E112Andalucia

    इमेज कैप्शन, लगातार चल रही हीटवेव के कारण दक्षिणी यूरोप के कई हिस्सों में जंगल की आग भड़क रही है

    स्पेन के दक्षिण-पूर्वी प्रांत अल्मेरिया के लॉस गायार्दोस इलाक़े में लगी जंगल की आग में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है. इस घटना में छह लोग घायल भी हुए हैं.

    कुछ मृतक उन वाहनों के अंदर मिले, जिन्हें आग ने अपनी चपेट में ले लिया था.

    प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग बिजली की गिरी हुई लाइन की वजह से लगी और देखते ही देखते पास के जंगलों में फैल गई.

    हालांकि, अधिकारियों ने अब तक आग लगने की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

    क़रीब 40 डिग्री सेल्सियस तापमान वाली लगातार चल रही हीटवेव के कारण दक्षिणी यूरोप के कई हिस्सों में जंगल की आग भड़क रही है.

    फ्रांस, पुर्तगाल और स्पेन में सैकड़ों दमकलकर्मी आग की बड़ी घटनाओं पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि हज़ारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं.

    अंदालूदिया के क्षेत्रीय प्रमुख ने इस घटना को "त्रासदी" बताया.

    उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर जारी संदेश में कहा, "हमारे दिल भारी हैं और हम गहरे दुख में हैं."

    आपातकालीन सेवाओं के मुताबिक़, आग की वजह से कई सड़कें बंद करनी पड़ीं और करीब 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.

  4. पीएम मोदी मिले स्टीव वॉ से, बिग बैश लीग का पहला मैच भारत में होगा

    पूर्व क्रिकेटर स्टीव वॉ और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथली अल्बनीज़ के साथ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पूर्व क्रिकेटर स्टीव वॉ और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथली अल्बनीज़ के साथ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में पीएम मोदी

    ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड का दौरा किया है. इस दौरान पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट कप्तान स्टीव वॉ और अन्य लोगों से भी मिले.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा प्रधानमंत्री अल्बनीज़ के साथ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड जाना बहुत अच्छा रहा. खेल के प्रति जुनून भारत और ऑस्ट्रेलिया के लोगों को लगातार क़रीब ला रहा है.

    प्रधानमंत्री अल्बनीज़ ने घोषणा की कि इस साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलियाई पुरुष बिग बैश लीग (बीबीएल) के उद्घाटन मैच का आयोजन भारत के चेन्नई में होगा.

    यह पहला मौक़ा होगा, जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का मैच भारत में खेला जाएगा.

    मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में एक क्रिकेट बैट पर हस्ताक्षर करते पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में एक क्रिकेट बैट पर हस्ताक्षर करते पीएम मोदी

    यह मुक़ाबला दिसंबर में भारत के अलग-अलग शहरों में आयोजित होने वाले सप्ताहभर के 'जीडे नमस्ते' उत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा. इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया की संस्कृति, कारोबार और खेल से जुड़े कई आयोजन किए जाएंगे.

    'जीडे नमस्ते' का मक़सद भारत के साथ आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देना है. यह पहल 'भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया की आर्थिक भागीदारी के लिए नए रोडमैप' में तय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएगी.

    दोनों प्रधानमंत्रियों ने खेल सहयोग के लिए एक नए रोडमैप की भी घोषणा की.

    मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में पीएम मोदी कई लोगों और बच्चों से भी मिले

    इस रोडमैप के तहत बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी के क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया के अनुभव और भारत की महत्वाकांक्षाओं का लाभ उठाया जाएगा.

    इसका मक़सद व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर पैदा करना है. यह रोडमैप बड़े खेल आयोजनों के संचालन और तैयारी में दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करेगा.

    ऑस्ट्रेलिया साल 2032 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी की तैयारी कर रहा है, जबकि भारत 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की तैयारी में जुटा है.

    इन खेलों का आयोजन राष्ट्रमंडल खेलों की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रस्तावित है.

  5. अमेरिका के हमलों को लेकर ईरानी राजनयिक ने यूरोपीय देशों को दी ये चेतावनी

    माजिद नीली ने अमेरिका की जवाबदेही तय करने की मांग की (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, माजिद नीली ने अमेरिका की जवाबदेही तय करने की मांग की (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के खिलाफ अमेरिका की कार्रवाई पर कुछ यूरोपीय नेताओं की चुप्पी के बीच जर्मनी में ईरान के राजनयिक ने कहा है कि व्हाइट हाउस के कथित अपराधों को सामान्य मान लेना किसी की सुरक्षा की गारंटी नहीं है.

    ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, गुरुवार को जारी एक संदेश में माजिद नीली ने कहा कि अमेरिका ने चीन-तुर्कमेनिस्तान-ईरान रेल कॉरिडोर पर स्थित अघ-तप्पेह-खान पुल को निशाना बनाया.

    उन्होंने कहा कि यह पुल महज़ एक रेलवे ढांचा नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय परिवहन और व्यापार मार्ग का अहम हिस्सा है.

    ईरान के उत्तरी शहर अक़्क़ाला के रेलवे ब्रिज को अमेरिकी हमलों में निशाना बनाया गया

    इमेज स्रोत, Tasnim

    इमेज कैप्शन, ईरान के उत्तरी शहर अक़्क़ाला के रेलवे ब्रिज को अमेरिकी हमलों में निशाना बनाया गया

    यूरोप के कुछ नेताओं को संबोधित करते हुए माजिद नीली ने कहा कि अगर ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर पर अमेरिका के इस कथित हमले की आज जवाबदेही तय नहीं होती है और न ही इसकी निंदा होती है, तो भविष्य में ऐसे अन्य कॉरिडोर को भी आसानी से निशाना बनाया जा सकता है, जिनका लाभ यूरोपीय देश भी उठाते हैं.

    उन्होंने कहा कि अपराधों को सामान्य मान लेने से किसी की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती.

  6. यूक्रेन ने क्राइमिया के पास हमले कर रूस को दिया बड़ा झटका, ईंधन संकट गहराने की आशंका, इलिया आबिशेव, पॉल ब्राउन और पॉल किर्बी

    यूक्रेनी ड्रोन कैमरे में क़ैद हमले का फुटेज

    इमेज स्रोत, Magyar/Social media

    इमेज कैप्शन, यूक्रेनी ड्रोन कैमरे में क़ैद हमले का फुटेज

    यूक्रेन की सेना ने रूस के कब्ज़े वाले क्राइमिया के आसपास अपने हमले तेज कर दिए हैं. क्राइमिया को रूस से जोड़ने वाले ज़मीनी रास्ते पर हमलों के बाद अब यूक्रेन समुद्री सप्लाई मार्गों को भी निशाना बना रहा है.

    यूक्रेन की ड्रोन फ़ोर्स के कमांडर रॉबर्ट ब्रोवदी का कहना है कि पिछले चार दिनों में आज़ोव सागर में कम से कम 25 जहाजों को निशाना बनाया गया और उनमें आग लग गई. आज़ोव सी, केर्च के ज़रिए ब्लैक सी से जुड़ा हुआ है.

    इतने कम समय में हुए ये नुक़सान रूस की नौसैनिक क्षमता के लिए बड़ा झटका माने जा रहे हैं. साथ ही, ये राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ईंधन की सप्लाई बनाए रखने के दावे पर भी असर डाल सकते हैं.

    ये हमले यूक्रेन के उस अभियान का नया चरण माने जा रहे हैं, जिसे उसने "लॉजिस्टिक्स लॉकडाउन" नाम दिया है.इस अभियान का मक़सद रूस के क़ब्जे वाले क्राइमिया से जुड़ी सप्लाई और परिवहन मार्गों को बाधित करना है.

    यूक्रेन की सेना का दावा है कि अब तक 36 जहाज़ों को निशाना बनाया गया है और इनमें से ज़्यादातर रूस के तथाकथित "शैडो फ्लीट" का हिस्सा हैं, जिसमें व्यावसायिक तेल टैंकर शामिल हैं.

    हालांकि, जहाज़ों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं है, क्योंकि कुछ जहाज़ों पर एक से अधिक बार हमला हुआ हो सकता है और सभी हमलों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं हुई है.

  7. ईरान वॉर: होर्मुज़ से गुज़रने वाले जहाज़ों की संख्या में गिरावट, ईरान ने कहा- 14 आम लोग मारे गए

    अमेरिकी जंगी जहाज़

    इमेज स्रोत, @CENTCOM

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड का कहना है कि 20 से ज़्यादा अमेरिकी जंगी जहाज़ मध्य पूर्व में निगरानी कर रहे हैं

    अमेरिका और ईरान के बीच गुरुवार को भी हमलों का सिलसिला जारी रहा. इसी दौरान पर्यवेक्षकों ने बताया कि होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले जहाज़ों की संख्या में काफ़ी गिरावट आई है.

    अमेरिका का कहना है कि उसने होर्मुज़ के पास स्थित कुछ ठिकानों सहित 90 सैन्य लक्ष्यों पर हमला किया. वहीं, ईरान का दावा है कि पिछले दो दिनों में अमेरिकी हमलों में 14 आम लोगों की मौत हुई है.

    ईरान की सरकारी मीडिया ने यह भी बताया कि बुशहर न्यूक्लियर प्लांट के आसपास के कुछ ठिकानों पर भी हमला हुआ है. यह जानकारी प्रांत के उप-गवर्नर के हवाले से दी गई. हालांकि, अमेरिका ने इन ताज़ा हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    ईरान ने कहा कि जवाबी कार्रवाई में उसने कुवैत, बहरीन और क़तर में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया. बाद में गुरुवार को, सरकारी समर्थन वाले मीडिया के अनुसार, ईरान ने कुवैत, जॉर्डन और इराक़ में भी कई जगहों पर और हमले किए.

    इसी बीच, ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई को छह दिनों तक चले अंतिम संस्कार कार्यक्रमों के बाद सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया.

    उत्तर-पूर्वी ईरान के मशहद शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग ईरानी झंडे लहराते हुए जुटे. कुछ लोगों के हाथों में ऐसे पोस्टर भी थे, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की धमकियाँ लिखी हुई थीं.

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की 28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल के ईरान पर किए गए शुरुआती हमलों में मौत हो गई थी.

  8. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: मोरक्को को हराकर फ़्रांस सेमीफ़ाइनल में पहुँचा

    एम्बापे ने मोरक्को के ख़िलाफ़ मुक़ाबले में पेनल्टी से मिले मौक़े को गंवा दिया लेकिन दूसरे हाफ़ में उन्होंने एक गोल किया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एम्बापे ने मोरक्को के ख़िलाफ़ मुक़ाबले में पेनल्टी से मिले मौक़े को गंवा दिया लेकिन दूसरे हाफ़ में उन्होंने एक गोल किया

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबले में मोरक्को को हराकर फ़्रांस सेमीफ़ाइनल में पहुंच गया है. मंगलवार को सेमीफ़ाइनल में फ़्रांस का मुक़ाबला स्पेन या बेल्जियम से होगा.

    फ्रांस ने मोरक्को के ख़िलाफ़ 2-0 से यह मैच जीता है.

    फ़्रांस के लिए एम्बापे ने इस विश्व कप में अपना आठवां गोल किया. मैच की शुरुआत में एम्बापे के पेनल्टी चूकने के बावजूद फ़्रांस ने शानदार खेल दिखाया और सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली.

    एम्बापे ने 60वें मिनट में शानदार वापसी करते हुए पेनल्टी एरिया के किनारे से बेहतरीन कर्लिंग शॉट लगाया और फ़्रांस को बढ़त दिला दी.

    इसके छह मिनट बाद उस्मान डेम्बेले ने एक और गोल दाग़कर फ़्रांस को 2-0 की बढ़त दिला दी.

    विश्व कप में आठ गोल करने के बाद एम्बापे अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी की बराबरी पर पहुंच गए.

    विश्व कप इतिहास के सबसे ज़्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बनने की दौड़ भी रोमांचक बनी हुई है.

    27 साल के एम्बापे के नाम अब विश्व कप में 20 गोल हैं, जबकि 39 साल के मेसी के नाम रिकॉर्ड 21 गोल दर्ज हैं.

    दो बार का विश्व चैंपियन फ्रांस, जिसे साल 2022 विश्व कप फाइनल में अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में हराया था.

    अब मंगलवार को डलास में होने वाले सेमीफाइनल में स्पेन या बेल्जियम से भिड़ेगा.

  9. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.