महेंद्र सिंह धोनी ने #CSK की कप्तानी छोड़ी, अब रविंद्र जडेजा के हाथ में कमान

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 4 मिनट

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल टीम सीएसके (चेन्नई सुपरकिंग्स) की कप्तानी छोड़ दी है. अब रविंद्र जडेजा सीएसके के कप्तान होंगे.

धोनी के अलावा सुरेश रैना ने सीएसके की कप्तानी की है. रविंद्र जडेजा सीएसके की कप्तानी करने वाले तीसरे खिलाड़ी होंगे.

महेंद्र सिंह धोनी साल 2008 में आईपीएल की शुरुआत के बाद से ही टीम के कप्तान थे. रिपोर्टों के मुताबिक ये उनका आख़िरी आईपीएल सीज़न हो सकता है.

एक बयान में सीएसके ने कहा है, "महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपरकिंग्स का नेतृत्व रविंद्र जडेजा को देने का निर्णय लिया है. जडेजा साल 2012 से सीएसके के अभिन्न अंग हैं और टीम का नेतृत्व करने वाले तीसरे खिलाड़ी होंगे. धोनी इस सत्र में और आगे भी सीएसके का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे."

भारत के सबसे कामयाब क्रिकेट कप्तानों में शामिल महेंद्र सिंह धोनी पहले से ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं. उन्होंने 15 अगस्त, 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था.

धोनी की कप्तानी में सीएसके ने चार बार आईपीएल चैंपियनशिप जीती है. अक्तूबर 2021 में दुबई में खेले गए आईपीएल में धोनी की कप्तानी में सीएसके चैंपियन बनीं थीं. फ़ाइनल मुक़ाबले में सीएसके ने कोलकाता नाइटराइडर्स को हराया था.

अब तक इंडियन प्रीमियर लीग के चौदह सीज़न हुए हैं, जिनमें पांच बार मुंबई इंडियंस और चार बार सीएसके चैंपियन बने हैं. सीएसके ने अब तक कुल 12 सीज़न ही खेले हैं.

एक युग का अंत

क्रिकेट जगत के चर्चित कमेंटेटर हर्षा भोगले ने धोनी के कप्तानी छोड़ने को 'एक युग का अंत' कहा है.

हर्षा ने ट्विटर पर लिखा, "कई बार हम 'एक युग के अंत' भाव का इस्तेमाल यूं ही कर लेते हैं. लेकिन धोनी का सीएसके की कप्तानी छोड़ना, उन सभी फैंस के लिए सही मायनों में एक युग का अंत है, जिनसे धोनी ने एक मज़बूत रिश्ता बनाया था. ऐसा रिश्ता जो कम ही लोग बना पाते हैं."

वहीं सीएसके के पूर्व कप्तान सुरेश रैना ने रविंद्र जडेजा के कप्तान बनने पर ख़ुशी ज़ाहिर की है.

रैना ने ट्विटर पर लिखा, "मैं अपने भाई के लिए बहुत ख़ुश हूं. वो फ्रेंचाइज़ी जिसके साथ हम दोनों बड़े हुए हैं, उसकी कप्तानी के लिए मैं किसी और के बारे में सोच भी नहीं सकता. जडेजा को शुभकामनाएं. ये एक रोमांचक दौर की शुरुआत है और मैं जानता हूं कि आप उम्मीदों और जो प्यार आपको मिल रहा है, उस पर खरे उतरेंगे"

सीएसके की कप्तानी

महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2008 से लेकर 2021 तक चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी की. उन्होंने कुल 213 मैचों में टीम की कमान संभाली, जिनमें से 130 में उन्होंने जीत हासिल की. धोनी की कप्तानी में जीत का प्रतिशत 61.55 प्रतिशत रहा.

धोनी की कप्तानी में सीएसके कुल 9 बार फाइनल में पहुंची. और चार बार उन्होंने आईपीएल का ख़िताब अपने नाम किया. पढ़िए कब-कब धोनी की कप्तानी में सीएसके फाइनल में पहुंची?

भारत के सबसे सफल क्रिकेट कप्तान

वर्ल्ड क्रिकेट में भी महेंद्र सिंह धोनी इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने आईसीसी की तीनों बड़ी ट्रॉफ़ी पर कब्ज़ा जमाया है.

महेंद्र सिंह धोनी 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी-20 मैच खेल चुके हैं. वे भारत के सबसे सफल कप्तान भी रहे हैं.

वे भारत को पहली रैंकिंग पर ले गए और उन्होंने 28 साल बाद 2011 में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम की अगुवाई की.

2007 में उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप जिताया, जिसने आईपीएल की क्रांति की नींव रखी.

इसके अलावा 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जिताने का कारनामा भी उनके नाम ही दर्ज है.

इतना ही नहीं, 2009 में उन्होंने भारतीय टीम को टेस्ट क्रिकेट में नंबर वन बनाया. इस स्थान पर भारत लगभग 600 दिनों तक बना रहा.

वहीं टी-20 क्रिकेट में धोनी ने भारत की ओर से 98 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 37 से ज़्यादा की औसत से 1,617 रन बनाए.

धोनी ने भारत की ओर से 350 वनडे मैच खेले, जिनमें उन्होंने 50 से ज़्यादा की औसत से 10,773 रन बनाए. वनडे क्रिकेट में धोनी 10 शतक और 73 अर्धशतक बनाए.

इसके साथ ही उन्होंने विकेटकीपर के तौर पर 321 कैच लपके और 123 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया.

धोनी ने भारत को घरेलू मैदानों पर 21 टेस्ट मैचों में जीत दिलाई. यह किसी भी भारतीय का सबसे बेहतर रिकॉर्ड है.

टेस्ट क्रिकेट से धोनी ने साल 2014 में ही संन्यास ले लिया था. 90 टेस्ट मैचों में धोनी ने 38 से ज़्यादा की औसत से 4,876 रन बनाए.

टेस्ट मैचों में धोनी ने विकेट के पीछे 256 कैच लपके और 38 स्टंप किए. बल्लेबाज़ के तौर पर उन्होंने छह शतक और 33 अर्धशतक जमाए.

भारत के लिए धोनी की कप्तानी

एक-दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनकी 84 अजेय पारियां, उनके औसत को 50 से ऊपर ले जाती हैं.

इस मामले में केवल रिकी पोंटिंग ही ऑस्ट्रेलिया को उनसे ज़्यादा जीतें दिलाने वाले कप्तान रहे हैं.

धोनी ने टी-20 इंटरनेशनल मैचों में किसी भी दूसरे कप्तान के मुक़ाबले ज़्यादा जीतें हासिल की हैं.

सबसे ज़्यादा 60 टेस्ट मैचों में उन्होंने भारत की अगुवाई की है. और इस मामले में सबसे ज़्यादा सफल कप्तान के तौर पर हाल में ही विराट कोहली उनसे आगे निकले हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)