You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
India vs New Zealand, T20 World: न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ आज हार्दिक पांड्या या शार्दुल खेलेंगे?
भारतीय क्रिकेट टीम आज शाम साढ़े सात बजे दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आईसीसी टी20 विश्व कप के एक बेहद रोमांचक मैच में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ उतरेगी.
इसे टीम इंडिया के लिए एक करो या मरो जैसी स्थिति वाला मैच क़रार दिया गया है क्योंकि इस मैच को जीतने भारत के सेमीफाइनल की राह आसान हो जाएगी.
अब तक ये माना जा रहा है कि इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी की सफल रणनीति 'सीएसके टैम्पलेट' को आजमाया जाएगा.
भारतीय क्रिकेट की भाषा में सीएसके टैम्पेलट का आशय एक हार के बाद टीम में बदलाव नहीं करने की रणनीति से है. यही नहीं, इस रणनीति के तहत जब तक बहुत ज़रूरत न हो तब तक टीम में बदलाव न लाया जाता है.
हालांकि, आज के मैच में अगर कोई खिलाड़ी खेलने के लिए फिट नहीं होता है तो टीम के 11 खिलाड़ियों में कोई बदलाव दिख सकता है.
पाकिस्तान के ख़िलाफ़ हार से उठे सवाल
इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच में दस विकेट से भारत की ऐतिहासिक हार से टीम इंडिया पर काफ़ी सवाल खड़े किए गए थे.
इस मैच के बाद टीम कॉम्बिनेशन पर भी काफ़ी सवाल उठाए गए थे.
सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों के चयन और गेंदबाज़ी अटैक को लेकर अटकलें लगाई गईं और कुछ खिलाड़ियों के चयन पर सवाल उठाया गया.
लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेलने के लिए जो टीम उतरेगी उस पर टीम के सलाहकार महेंद्र सिंह धोनी का प्रभाव स्पष्ट रूप से नज़र आएगा.
और इस वजह से शार्दुल ठाकुर के हार्दिक पांड्या की जगह लेने की संभावनाए कम हो जाती है. इसके साथ ही कोई भी सात नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए शार्दुल ठाकुर पर दांव लगाने में सहज नहीं दिख रहा है.
इसके साथ ही भारतीय टीम के लिए फ़ैसले करने वाले मान रहे हैं कि सातवां स्थान शार्दुल ठाकुर के लिहाज़ से काफ़ी ऊंचा होगा.
अगर गेंदबाजी की बात करें तो मुंबई से आने वाले शर्दुल ठाकुर काफ़ी ज़्यादा रन खर्च करके विकेट लेने के लिए जाने जाते हैं. उनका इकोनॉमी रेट 9 रन प्रति ओवर है.
पांड्या पर भारी दबाव
यही नहीं पांड्या ने भी गेंदबाज़ी शुरू कर दी है और वह काफ़ी दबाव में भी हैं क्योंकि धीरे-धीरे सभी का सब्र ख़त्म होता जा रहा है और ये बात हार्दिक पांड्या से बेहतर कोई नहीं जानता है.
वह ये अच्छी तरह जानते हैं कि जिसे भी ये पता होगा कि वह बॉलिंग करने जा रहे हैं, वह बेहद ध्यान से उनका प्रदर्शन देखेगा.
इसके साथ ही चयन समिति के अध्यक्ष चेतन शर्मा कह चुके हैं कि पांड्या आईपीएल में बॉलिंग करेंगे तो वह एक असहज स्थिति में आ गए हैं और ऐसे में उनकी ऑल-राउंडर की पोजिशन भी ख़तरे में पड़ सकती है क्योंकि उन्होंने एक ओवर भी बॉलिंग नहीं की है.
इसके बाद भी शार्दुल ठाकुर को टीम में जगह मिल सकती थी लेकिन सूत्रों की मानें तो अनुभवी खिलाड़ी भुवनेश्वर कुमार न्यूज़ीलैंड के ख़िलाड़ियों को अपनी गेंदबाजी से चकित कर सकते हैं. ऐसे में वह एक बेहतर पसंद हो सकते हैं.
इसके साथ ही अगर वरुण चक्रवर्ती पूरी तरह फिट होते हैं तो वह न्यूज़ीलैंड टीम के ख़िलाफ़ प्रभावी साबित हो सकते हैं.
आर अश्विन, जो कि बाएं हाथ से खेलने वालों को चुनौती दे सकते हैं, के बारे में अभी भी ये स्पष्ट नहीं हैं कि कप्तान विराट कोहली अपने स्लो बॉलिंग कॉम्बिनेशन के साथ छेड़छाड़ करना चाहेंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)