You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
INDvAUS: 269 दिनों के बाद भारत का पहला अंतरराष्ट्रीय मैच आज
- Author, पराग फ़ाटक
- पदनाम, बीबीसी मराठी
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 5 मिनट
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे व्यस्त रहने वाली भारतीय टीम ठीक 269 दिनों के बाद क्रिकेट के मैदान में होगी. 27 नवंबर को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ वनडे मुक़ाबले के साथ ही तीन वनडे, तीन टी-20 और चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ की शुरुआत होगी.
कोरोना महामारी के कारण ऑस्ट्रेलिया में क्वारंटीन के सख़्त प्रावधानों की बीच ये सिरीज़ शुरू हो रही है.
सिरीज़ शुरू होने से पहले भारतीय टीम को 14 दिनों तक क्वारंटीन रहना पड़ा. इसके अलावा टीम को बायो बबल सेटअप में रहना पड़ रहा है. पर ख़ास बात यह है कि इस सिरीज़ के दौरान सीमित संख्या में दर्शक भी मौजूद होंगे.
भारत ने कोरोना काल से पहले फरवरी में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टी-20 सिरीज़ में जीत हासिल की थी लेकिन वनडे में उसे हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद दुनिया काफ़ी बदल चुकी है.
वैसे ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने मैदान पर काफी मज़बूत है.
दोनों टीमों के बीच ऑस्ट्रेलिया में 51 मैच हुए हैं जिसमें भारत को महज 13 मैचों में जीत मिली है. वहीं, ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर भारत ने अब तक 96 वनडे मैच खेले हैं और उसमें 39 मैचों में जीत हासिल की है. इन जीतों में 1985 में वर्ल्ड सिरीज़ और 2008 में सीबी सिरीज़ की जीत यादगार रही है.
भारतीय कप्तान विराट कोहली का ऑस्ट्रेलिया में शानदार रिकॉर्ड रहा है, हालांकि आईपीएल में वे अपने रंग में नहीं दिखे. लेकिन सिरीज़ के दौरान कोहली से रनों की उम्मीद तो होगी है. आईपीएल 2020 में सबसे ज़्यादा रन बटोर कर ऑरैंज कैप जीतने वाले केएल राहुल पर सबकी नज़रें होगी.
कुछ साल पहले ऑस्ट्रेलियाई ज़मीं पर ही उन्होंने अपना पहला टेस्ट शतक जमाया था. हार्दिक पांड्या भी इस सिरीज़ में वापसी कर रहे हैं, ये देखना दिलचस्प होगा कि वे स्पेशलिस्ट बल्लेबाज़ के तौर पर टीम में शामिल होते हैं या फिर ऑलराउंडर की भूमिका निभाते हैं.
गेंदबाज़ी में भारतीय आक्रमण की कमान निश्चित तौर पर जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी की जोड़ी के हाथों में होगी.
नहीं होंगे धोनी
बीते 15 अगस्त को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करने तक महेंद्र सिंह धोनी वनडे और टी-20 टीम का लगातार अहम हिस्सा रहे थे.
हालांकि पिछले साल वर्ल्ड कप सेमीफ़ाइनल में न्यूज़ीलैंड के हाथों मिली हार के बाद से वे क्रिकेट के मैदान से दूर थे, लेकिन 15 अगस्त को उन्होंने संन्यास का एलान किया.
भारतीय टीम के पिछले ऑस्ट्रेलियाई दौर पर वनडे सिरीज़ में महेंद्र सिंह धोनी ही मैन ऑफ़ द सिरीज़ चुने गए थे. इस लिहाज़ से धोनी के संन्यास के बाद यह पहली सिरीज़ होगी.
धोनी की जगह को भर पाना टीम के लिए बड़ी चुनौती है. केएल राहुल बल्लेबाज़ और विकेटकीपर की दोहरी भूमिका निभा सकते हैं. लेकिन युवा खिलाड़ियों को सलाह देने, मैच में फिनिशर की भूमिका निभाने से लेकर स्टंपिंग और नाजुक मौकों पर अहम फ़ैसलों के वक्त धोनी ज़रूर याद आएंगे.
ये भी पढ़ें: महेंद्र सिंह धोनी को किसी से डर क्यों नहीं लगता था?
रोहित शर्मा की कमी
2013 से ओपनिंग की ज़िम्मेदारी संभालने के बाद से रोहित शर्मा ने लगातार रन बनाए हैं. पिछले वर्ल्डकप के दौरान ही उन्होंने पांच शतक बना डाले थे.
ऑस्ट्रेलिया में भी रोहित शर्मा का रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में लगभग 30 मैचों में पांच शतक, चार अर्धशतक और 53 से ज़्यादा की औसत से 1238 रन बनाए हैं.
रोहित वनडे और टी-20 सिरीज़ के चार मैचों में हैमस्ट्रिंग की वजह से हिस्सा नहीं ले पाएंगे. बीसीसीआई अधिकारियों के मुताबिक आईपीएल के दौरान लगी चोट गंभीर है और ऐसी सूरत में खेलते रहने से ज़्यादा नुकसान होता.
हालांकि मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने इस सीजन के आईपीएल के सभी मैचों में हिस्सा लिया और टीम को पांचवीं बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई.
पहले ऑस्ट्रेलिया जाने वाली टीम में उनका नाम नहीं था लेकिन बाद में बीसीसीआई की ओर से कहा गया कि वे टीम से जुड़ जाएंगे.
हालांकि अब कहा जा रहा है कि रोहित शर्मा पहले दो टेस्ट में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे. ऑस्ट्रेलिया में क्वारंटीन के सख़्त प्रावधानों को देखते हुए रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया जाएंगे, इसको लेकर भी संदेह बना हुआ है.
धवन का जोड़ीदार कौन?
शिखर धवन आईपीएल के दौरान शानदार फॉर्म में थे, वे ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ अपने शानदार खेल को जारी रखना चाहेंगे. लेकिन दिलचस्प सवाल यह है कि उनका जोड़ीदार कौन होगा?
केएल राहुल टीम के लिए नंबर एक से नंबर छह तक बल्लेबाज़ी कर सकते हैं. लेकिन कीपिंग की ज़िम्मेदारी को देखते हुए उनके मिडिल ऑर्डर में खेलने की उम्मीद की जा रही है.
ऐसे में इसी साल अपने वनडे करियर की शुरुआत करने वाले मयंक अग्रवाल की किस्मत खुल सकती है. वे घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बटोरते रहे हैं. हालांकि टीम के पास शुभमन गिल के तौर पर एक उदीयमान सितारा भी है.
वहीं, टेस्ट मैचों में मयंक अग्रवाल और केएल राहुल ही सलामी जोड़ी की भूमिका निभाएंगे. टीम के पास टेस्ट मैचों के लिए पृथ्वी शॉ और शुभमन गिल के तौर पर विकल्प भी मौजूद है.
टीम की नयी जर्सी
भारतीय टीम सीमित ओवरों की इस प्रतियोगिता में नई जर्सी में दिखेगी. ये जर्सी 1992 के वर्ल्ड कप के दौरान टीम की जर्सी की याद दिलाती है.
तब टीम की जर्सी गहरे ब्लू रंग वाली थी तब से अब तक टीम की जर्सी कई तरह के ब्लू शेड में दिखी है. लेकिन एक बार फिर से गहरे ब्लू रंग की वापसी हो रही है. नयी जर्सी की तस्वीरें कई खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं.
नटराजन पर होगी नज़र
वैसे इस सिरीज़ के दौरान जिस एक भारतीय खिलाड़ी पर सबकी नज़रें टिकी होंगी वह सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाज़ नटराजन हैं, जिन्होंने इस सीज़न आईपीएल में अपनी यॉर्कर गेंदों से धूम मचा रखी थी.
लगातार यॉर्कर फेंकने की काबिलियत के चलते ही टीम इंडिया में उनका चयन हुआ है. उन्हें इस सिरीज़ में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का मौका मिल सकता है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)