You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
IPL 2020: सनराइज़र्स हैदराबाद ने किंग्स इलेवन पंजाब को हराया
दुबई में खेले गए आईपीएल के 22वें मुक़ाबले में हैदराबाद सनराइज़र्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को 69 रनों से हरा दिया है. किंग्स इलेवन पंजाब की पूरी टीम 17 ओवर में 132 रन ही बना सकी.
सनराइज़र्स हैदराबाद से मिले 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब की शुरुआत बेहद ख़राब रही. 11 रन ही बने थे और टीम का पहला विकेट गिर गया.
दूसरे ही ओवर में ख़लील अहमद की गेंद पर मयंक अग्रवाल को डेविड वॉर्नर ने रन आउट कर दिया. उन्होंने एक चौके की मदद से छह गेंद पर नौ रन बनाए.
पांचवे ओवर में सिमरन सिंह एक बार फिर ख़लील अहमद की गेंद पर प्रियम गर्ग को कैच दे बैठे. उन्होंने दो चौकों की मदद से आठ गेंद पर 11 रनों का योगदान दिया.
पहले दो विकेट गिरने के दौरान कप्तान केएल राहुल दूसरा छोर संभाले हुए थे. लेकिन सातवें ओवर में अभिषेक शर्मा की गेंद पर केन विलियम्सन के हाथों कैच आउट हो गए. उन्होंने 16 गेंद पर 11 रन बनाए.
विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा. 11वें ओवर में मैक्सवेल को प्रियम गर्ग ने रन आउट कर दिया. मैक्सवेल 12 गेंद पर सात रन ही बना सके.
मंदीप सिंह छह गेंद पर छह रन बनाकर राशिद ख़ान का शिकार बने. उस समय किंग्स इलेवन पंजाब 5 विकेट खोकर 115 रन ही बना पाई थी.
इस बीच निकोलस पूरन में टीम को उम्मीद की किरण नज़र आ रही थी जो अपना अर्धशतक पूरा कर चुके थे.
लेकिन विकेट एक के बाद एक गिरते जा रहे थे. 14वें ओवर में मुजिबुर रहमान को ख़लील अहमद ने जॉनी बेयरेस्टो के हाथों कैच आउट करा दिया. मुजिबुर रहमान तीन गेंद पर एक रन ही बना पाए.
छह विकेट के नुकसान पर किंग्स इलेवन पंजाब का स्कोर था 126 रन. लेकिन 15वें ओवर में निकोलस पूरन और फिर अगली ही गेंद पर मोहम्मद शमी आते ही राशिद ख़ान की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए.
निकोलस पूरन ने 37 गेंदों पर 77 रन बनाए. उन्होंने सात छक्के जड़े और पांच चौके लगाए. किंग्स इलेवन पंजाब हार के नज़दीक पहुंचती जा रही थी. 126 रन पर आठ विकेट गिर चुके थे. पिच पर रवि बिश्नोई और शेल्डन कॉट्रेल किसी तरह रन बनाने की कोशिश कर रहे थे.
लेकिन विकेट सूखे पत्तों की तरह गिर रहे थे. 17वें ओवर में टी नटराजन ने शेल्डन कॉट्रेल का विकेट चटका दिया, जो दो गेंद खेलकर अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे.
9 विकेट के नुक़सान पर 132 रन ही बन पाए. आख़िरी बल्लेबाज़ के तौर पर आए अर्शदीप सिंह जो टी नटराजन के सामने टिक नहीं पाए और इस आख़िरी विकेट के गिरने के साथ ही किंग्स इलेवन पंजाब अपना लगातार चौथा मुकाबला हार गई.
पहली पारी
सनराइज़र्स हैदराबाद ने किंग्स इलेवन पंजाब को 202 रनों का लक्ष्य दिया था. सनराइज़र्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुक़सान पर 201 रन बनाए. डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरेस्टो ने तूफ़ानी बल्लेबाज़ी की.
सनराइज़र्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया. डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरेस्टो ने टीम को दमदार शुरुआत दी.
दोनों बल्लेबाज़ों ने पंजाब किंग्स इलेवन के तमाम गेंदबाज़ों को ख़ूब परेशान किया. किंग्स इलेवन पंजाब के शेल्डन कॉट्रेल, मुजीबुर रहमान, मोहम्मद शमी, ग्लेन मैक्सवेल, रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह लगातार पिटते रहे और एक अदद विकेट के लिए तरसते रहे.
डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरेस्टो की जोड़ी 10 ओवर में 100 और फिर 15 ओवर में 160 रन बनाकर किंग्स इलेवन पंजाब के गेंदबाज़ों के सामने डटी रही.
16वें ओवर की पहली गेंद में किंग्स इलेवन पंजाब को पहली सफलता मिली. रवि बिश्नोई की गेंद पर डेविड वॉर्नर ने छक्का जड़ना चाहा, लेकिन बाउंड्री से पहले ही ग्लेन मैक्सवेल ने उनका कैच लपक लिया.
डेविड वॉर्नर ने 40 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 52 रन बनाए. वॉर्नर जिस समय आउट हुए, जॉनी बेयरेस्टो 97 रन बनाकर दूसरे छोर पर टिके हुए थे.
जॉनी बेयरेस्टो का साथ देने आए अब्दुल समद. लग रहा था कि जॉनी बेयरेस्टो का शतक बस अब पूरा होने ही वाला है, लेकिन उससे पहले, दो गेंद के अंतराल पर रवि बिश्नोई को दूसरी सफलता मिल गई.
रवि बिश्नोई ने जॉनी बेयरेस्टो को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. उन्होंने छह छक्के और सात चौके की मदद से 55 गेंदों में 97 रन बनाए.
अब बारी थी मनीष पांडे की. मनीष पांडे को पिच पर आए पांच मिनट भी नहीं पाए थे कि अर्शदीप सिंह ने उन्हें अपनी ही गेंद पर लपक लिया.
मनीष पांडे दो गेंद पर एक रन ही बना पाए. अब्दुल समद अभी तक अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे. उनका साथ देने आए केन विलियम्सन, जिन्होंने आते ही रनों की गति बढ़ाने की कोशिश की.
लेकिन ये जोड़ी भी जल्द ही टूट गई, अब्दुल समद, रवि बिश्नोई की गेंद पर अर्शदीप सिंह को कैच दे बैठे. उन्होंने एक चौके की मदद से सात गेंद में आठ रनों का योगदान दिया.
अगले बल्लेबाज़ के तौर पर पिच पर आए प्रियम गर्ग, दूसरे छोर पर थे केन विलियम्सन. लेकिन प्रियम गर्ग खाता खोले बिना ही अर्शदीप सिंह की गेंद पर निकोलस पूरन के हाथों कैच आउट हो गए.
अब बारी थी अभिषेक शर्मा की, जिन्होंने पिच पर आकर पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा. 19वें ओवर में सनराइज़र्स हैदराबाद का स्कोर पहुंचा 188 रन.
आख़िरी ओवर फेंका मोहम्मद शमी ने जिन्हें इस ओवर में ग्लेन मैक्सवेल का विकेट भी मिला. राशिद ख़ान खाता भी नहीं खोल पाए लेकिन नाबाद रहे. केन विलियम्सन भी 10 गेंद पर 20 रन बनाकर नाबाद रहे.
टीम और खिलाड़ी
सनराइज़र्स हैदराबाद की टीम है- डेविड वॉर्नर (कप्तान), जॉनी बेयरेस्टो, मनीष पांडे, केन विलियम्सन, प्रियम गर्ग, अभिषेक शर्मा, अब्दुल समद, राशिद ख़ान, संदीप शर्मा, ख़लील अहमद, और टी नटराजन.
किंग्स इलेवन पंजाब की टीम है- केएल राहुल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, मनदीप सिंह, निकोलस पूरन, ग्लेन मैक्सवेल, सिमरन सिंह, मुजीबुर रहमान, रवि बिश्नोई, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, शेल्डन कॉट्रेल.
अंक तालिका
हैदराबाद ने अब तक कुल 6 मैच खेले हैं. तीन में जीत जबकि तीन मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है. हैदराबाद के अब तक कुल छह प्वाइंट्स हो गए हैं.
पंजाब ने अब तक कुल 6 मैच खेले हैं, जिसमें जीत सिर्फ़ एक बार मिली है और 5 मैच में उसे हार का मुंह देखना पड़ा था.
आठ टीमों की अंक तालिका में पंजाब की टीम दो प्वाइंट्स के साथ इस समय सबसे नीचे है.
पंजाब की टीम लगातार चार मुक़ाबले हार चुकी है. हार के इस निराशाजनक सिलसिले को तोड़ना पंजाब के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती होगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)