मेसी बार्सिलोना छोड़ अब किस क्लब का दामन थामेंगे?

लियोनेल मेसी

इमेज स्रोत, GETTY

इमेज कैप्शन, लियोनेल मेसी
प्रकाशित

स्टार फ़ुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने इन गर्मियों में बार्सिलोना फ़ुटबॉल क्लब छोड़ने की बात कही है. मंगलवार को 33 वर्षीय लियोनेल मेसी ने क्लब को एक फ़ैक्स भेजकर इस बारे में कहा है.

उन्होंने फ़ैक्स में कहा है कि उन्हें तत्काल प्रभाव से क्लब के कॉन्ट्रैक्ट से मुक्त किया जाए. इसके लिए उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट में शामिल एक शर्त का ज़िक्र किया है जिसके तहत वो ऐसा कर सकते हैं.

हालांकि बार्सिलोना का यह मानना है कि वो शर्त अब समाप्त हो चुकी है और मेसी का क्लब के साथ अनुबंध 2021 तक रहेगा. मेसी के अनुबंध में 700 मिलियन यूरो की एक शर्त भी शामिल है.

इस मसले को लेकर क्लब और मेसी क़ानूनी लड़ाई का भी रुख़ कर सकते हैं. मेसी के अनुबंध में जो शर्त है, उसके मुताबिक़ वो अगर क्लब छोड़ने की इच्छा 10 जून से पहले जताते हैं तो उन्हें आराम से इसकी इजाज़त मिल सकती है.

चूंकि यह तारीख़ निकल चुकी है इसलिए क्लब को लगता है कि यह अनुबंध के इस शर्त की समय सीमा समाप्त हो चुकी है. क्लब के बोर्ड को विश्वास है कि वो कोई भी क़ानूनी चुनौती जीत सकते हैं.

लेकिन मेसी और उनके टीम को लगता है कि कोरोना वायरस की वजह से सीज़न को अगस्त तक बढ़ाया गया है इसलिए इस शर्त की समय सीमा भी ख़ुद-ब-ख़ुद अगस्त तक के लिए बढ़ जाती है.

इससे लगता है कि मेसी और क्लब के बीच की यह लड़ाई कोर्ट में जाकर ही निपटेगी. जल्दी ही बोर्ड इस पर बैठकर फ़ैसला लेने वाली है.

कुछ का मानना है कि एक ही चीज़ है जो मेसी को रोक सकती है, वो है बार्सिलोना फ़ुटबॉल क्लब के प्रेसिडेंट जोसेफ़ मारिया बार्टोमियु का इस्तीफ़ा और जल्द से जल्द चुनाव.

लेकिन ऐसा लगता है कि कुछ भी हो जाए लेकिन मेसी ने क्लब छोड़ने का फ़ैसला किसी भी हाल में ले लिया है. मेसी के क्लब छोड़ने की ख़बर मिलते ही बार्सिलोना के फ़ैन नोउ कैंप के बाहर जुटकर मेसी के समर्थन में बोर्ड के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने लगे.

मेसी ने रिकॉर्ड छह बार बैलोन डीओर पुरस्कार जीता है और क्लब को चार बार चैंपियन लीग का ख़िताब दिलवाया है. उन्होंने बार्सिलोना फ़ुटबॉल क्लब से साल 2004 में अपनी शुरुआत की थी.

अभी 16 अगस्त को चैंपियन्स लीग के क्वार्टर फ़ाइनल में बायर्न म्यूनिख के हाथों बार्सिलोना की 8-2 से करारी हार हुई थी.

लियोनेल मेसी

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, लियोनेल मेसी

मेसी के पास अब क्या-क्या विकल्प हैं?

मेसी को अगर बार्सिलोना छोड़ने की अनुमति मिल जाती है तो फिर वो किस क्लब के लिए खेलेंगे?

यह बात सही है कि कोई भी क्लब दुनिया में निश्चित तौर पर इस स्टार खिलाड़ी को अपने क्लब में शामिल करना चाहेगा. लेकिन यह इतना आसान भी नहीं है और कुछ के पास ही यह मौक़ा जो उन्हें अपने क्लब में शामिल कर सके.

मेसी के पास एक विकल्प तो यह है कि वो अर्जेंटीना लौट जाएँ और अपने शहर रोजारियो के क्लब नेवेल्स ओल्ड बॉय में शामिल हो जाएं. वो हमेशा कहते भी रहे हैं कि वो अपने स्कूल के दिनों के क्लब नेवेल्स के लिए रिटायर होने से पहले दोबारा खेलना पसंद करेंगे लेकिन इसके साथ ही वो सुरक्षा संबंधी आशंकाओं का भी ज़िक्र करते रहे हैं. अपने तीन बच्चों की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता उन्हें वहाँ जाने से रोकती है.

मेसी कई सालों तक इंग्लिश फ़ुटबॉल के प्रशंसक रहे हैं और प्रीमियर लीग को लेकर उनकी जानकारी अच्छी है. निश्चित तौर पर इस वजह से मैनचेस्टर सिटी की संभावना बनती है.

सबसे पहले तो निश्चित तौर पर पेप गार्डियोला की वजह से लेकिन इसके साथ ही फेरान सोरियानो और टिक्की बेगीरिस्टैन भी वो वजहें हो सकती हैं. ये दोनों पहले बार्सिलोना में भी उनके साथ थे. पेप गार्डियोला बार्सिलोना के कोच रह चुके हैं और वो एक स्पैनिश फ़ुटबॉल मैनेजर हैं.

यह भी सच है कि मैनचेस्टर सिटी कुछ उन क्लब में से है जो उनको उम्मीद के मुताबिक़ पैसा देने में सक्षम है. दूसरी बात यह कि मेसी को पता है कि पेप ऐसी रणनीति तैयार कर सकते हैं जिसमें वो बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं. पिछले कुछ सालों से ये चीज़ वो बार्सिलोना में नहीं कर पा रहे हैं.

हालांकि स्पेन की रिपोर्ट्स के मुताबिक़ मैनचेस्टर सिटी को मैनेचेस्टर यूनाइटेड से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है. स्पेन के राष्ट्रीय टेलीविजन नेटवर्क कुआट्रो ने मंगलवार को यह दावा किया है कि मैनचेस्टर यूनाइटेड मेसी को लेने को लेकर गंभीर प्रयास कर रहा है.

इसके अलावा चेल्सी, लिवरपूल और अर्सेनल भी मेस्सी के साथ अनुबंध साइन करने के लिए बड़ी बोली लगाने की हिम्मत दिखा सकते हैं.

चूंकि मेसी के बच्चे बार्सिलोना के बाहरी इलाक़े में एक ब्रिटिश स्कूल में पढ़ रहे हैं तो उनके लिए यह विकल्प भी बेहतर हो सकता है. इससे उनके परिवार को नए परिवेश में ढलने में ज्यादा परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)