IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से हराया

इमेज स्रोत, PTI
ऑस्ट्रेलिया ने भारत को मुंबई में खेले गए पहले एकदिवसीय मैच में 10 विकेट से करारी शिकस्त दी है.
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की भारत पर विकेट के आधार पर ये सबसे बड़ी जीत है.
भारत की ओर से मिले 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के ओपनर डेविड वॉर्नर (128 नाबाद) और एरॉन फ़िन्च (110 नाबाद) ने शानदार बल्लेबाजी की. भारतीय सरज़मी पर ऑस्ट्रेलिया की ये लगातार चौथी जीत है.
डेविड वॉर्नर ने 88 गेदों में अपना शतक पूरा किया. उन्होंने 17 चौके और तीन छक्के जड़े. दूसरी ओर फिंच ने 13 चौके और छक्के लगाए.
इसी के साथ तीन मैचों की एकदिवसीय सिरीज़ में ऑस्ट्रेलिया ने बढ़त बना ली है.
इसके पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरॉन फ़िंच ने टॉस जीता और पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला लिया.

इमेज स्रोत, Getty Images
नहीं टिके भारतीय बल्लेबाज़
भारत की ओर से रोहित शर्मा (10) और शिखर धवन (74) ओपनिंग करने उतरे. हालांकि पांचवें ओवर में रोहित अपना विकेट गंवा बैठे.
इसके बाद आए केएल राहुल (47) ने धवन के साथ 136 गेंदों में 121 रनों की साझेदारी की. लेकिन भारतीय बल्लेबाज़ बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे.
केएल राहुल और शिखर धवन के आउट होने के बाद कप्तान विराट कोहली की टीम लड़खड़ा गई.
कोहली कुल 16 रनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद श्रेयश अय्यर 4 रन बनाकर आउट हो गए.
ऋषभ पंत (28) और रवींद्र जाडेजा (25) के बीच छठे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी हुई. लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों के आगे बाकी खिलाड़ी भी टिक नहीं पाए. भारतीय टीम 49.1 ओवर में 255 रनों में आल-आउट हो गई.
यह भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























