You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
उमरान मलिक और मोहम्मद सिराज पर 'तिलक' को लेकर कुछ लोग उठा रहे सवाल
भारत और ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम के बीच नागपुर में नौ फरवरी को टेस्ट मैच शुरू होना है.
लेकिन इस बीच होटल में एंट्री करते वक़्त कुछ खिलाड़ियों के तिलक करवाने से इनकार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर विवाद का विषय बन गया है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ खिलाड़ी तिलक लगाने से इनकार करते नज़र आ रहे हैं.
इस वीडियो के आधार पर कुछ लोग तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक को तिलक लगाने से इनकार करने पर निशाना बना रहे हैं.
लेकिन कुछ लोगों ने उमरान और सिराज की आलोचना का जवाब दिया है.
उनका कहना है कि विक्रम राठौर जैसे कोचिंग स्टाफ़ के सदस्यों ने भी तिलक लगवाने से इनकार कर दिया. फिर उमरान और सिराज को क्यों निशाना बना रहे हैं.
इन लोगों ने विक्रम राठौर और हरिप्रसाद मोहन के भी तिलक लगाने से इनकार करने की घटना का उदाहरण देते हुए सिराज और मलिक का समर्थन किया है.
यह वीडियो कब और कहां का है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि या तो ये न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेली गई सिरीज़ के समय का है या फिर श्रीलंका के ख़िलाफ़ खेली गई सिरीज़ के समय का है.
कहां से शुरू हुआ मामला
सुदर्शन न्यूज़ के मालिक और एडिटर इन चीफ ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए उमरान और सिराज को निशाना बनाया है.
उन्होंने लिखा है, ''मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक ने स्वागत में माथे पर टीका नहीं लगवाया. वह पाकिस्तान नहीं हिंदुस्थानी टीम के खिलाड़ी हैं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने के बाद भी वह अपने धर्म के प्रति कट्टर हैं.''
योगी देवनाथ नाम के एक ट्विटर यूज़र ने लिखा, '' मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक टीका नहीं लगवाते हैं क्योंकि वे उस स्तर पर पहुंचने के बाद भी अपने धर्म के प्रति कट्टर हैं.
जिया अग्रवाल ने लिखा, ''होटल में स्वागत किए जाते वक्त उमरान मलिक और मोहम्मद सिराज ने तिलक लगाने से इनकार क्यों किया. जवाब सीधा है. वे मुस्लिम हैं. वे भारतीर रीति-रिवाजों में विश्वास नहीं करते."
कुछ लोगों ने दिए तर्क
इसके जवाब में फैक्ट चेकर और ऑल्ट न्यूज़ के फाउंडर मोहम्मद ज़ुबैर ने लिखा, "विक्रम राठौर और हरिप्रसाद मोहन ने तिलक नहीं लगवाया है लेकिन सुरेश के चह्वाण और दूसरे दक्षिणपंथियों के ट्विटर अकाउंट को आपको इस बात पर गौर करने के लिए कह रहे हैं कि उमरान मलिक और मोहम्मद सिराज ने तिलक नहीं लगवाया."
मोहम्मद अल्ताफ़ ने लिखा, ''बाकी खिलाड़ियों ने भी टीका लगवाने से मना किया लेकिन लोगों ने सिर्फ सिराज और उमरान को टारगेट किया, वजह तो आपको पता ही है!"
इस बीच वैभव भोला नाम के एक ट्विटर उमरान मलिक का टीका लगाते हुए फोटो ट्वीट किया है.
वहीं एक यूज़र सिद्धार्थ राजपूत ने एक वीडियो ट्वीट किया है जिसमें मोहम्मद सिराज राष्ट्रगान के बाद अपने आंसू पोंछ रहे हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)